scorecardresearch

साझी अस्मिताओं का अक्स

अफ्रीकी-अमेरिकी समाज के साथ ही मिसिसिपी सूबे में परिधि पर रह रहे आयरिश, चीनी, चोक्टाउ समुदायों की सांस्कृतिक छटपटाहट को सतह पर लाती है यह म्यूजिकल, हॉरर, पीरियड फिल्म.

Cinema / Sinners
सिनर्स का एक दृश्य
अपडेटेड 17 फ़रवरी , 2026

इसके सांस्कृतिक संदर्भों से आप वाकिफ नहीं तो सिनर्स को समझना थोड़ा मुश्किल होगा. फिर क्यों देखें? क्योंकि कुछ तो विशेष है. 2026 के ऑस्कर की 16 श्रेणियों में इसे नामांकित किया गया है. इस अवार्ड के इतिहास में एक फिल्म को इतने नामांकन कभी नहीं मिले. अब हाल में घोषित ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवार्ड्स (बाफ्टा) में भी 13 नॉमिनेशन इसके हिस्से आए हैं. करीब दो घंटे के इस किस्से में अफ्रीकी-अमेरिकी समाज के सांस्कृतिक-सामाजिक अंतर्संघर्षों का जीवंत बयान है.

लेखक-निर्देशक रेयान कूगलर इस सुपरनेचुरल, हॉरर, पीरियड ड्रामा में हमें अमेरिका में दक्षिण के एक सूबे मिसिसिपी के क्लार्क्सडेल शहर के पास लेकर पहुंचते हैं. सन् 1932 यानी गोरे-काले के भयंकर भेदभाव वाले काल में. प्रथम विश्व युद्ध में लड़ चुके जुड़वां एलाइजा मूर उर्फ स्मोक और एलियास उर्फ स्टैक (माइकल बी. जॉर्डन दोहरी भूमिका में) सात साल शिकागो में बिताकर काफी माल-पानी लूट-लपेटकर लौटे हैं.

अश्वेतों को हिकारत से देखने वाले संगठन कू क्लक्स क्लैन के बड़े गुर्गे हॉगवुड से उन्होंने एक उजाड़ आरा मिल खरीदी है और आज रात वहां खोल रहे हैं एक जूक जॉइंट—पारंपरिक रूप से अश्वेतों के आमोद-प्रमोद और एक-दूसरे से अपनापा बनाने का ठीया. स्मोक की बीवी एनी (वुनमी मोसाकू) कुक बनी है, एक दिग्गज बोहेमियन पियानोवादक डेल्टा स्लिम (डेल लिंडो) परफॉर्मर है, कपास के खेतों में फावड़ा भांजते हुए पकड़कर लाए गए कॉर्नब्रेड (उमर बेंसन मिलर) गेटकीपर, चीनी मूल के किराना दुकानदार दंपती ग्रेस और बो माल सप्लायर.

लेकिन इस ओपनिंग नाइट का स्टार परफॉर्मर है मूर बंधुओं का चचेरा भाई गायक-संगीतकार सैमी (माइल्स कैटन). उसके गले और गिटार से उभरते संगीत में एक रूहानी पुकार है जो अतीत और भविष्य का भेद मिटा दे रही है; जिससे भली और पापी आत्माएं भी खिंची चली आती हैं.

तभी तो आइरिश मूल का पिशाच रेमिक (जैक ओ’ कोनेल) भी गिटार लिए आ पहुंचा है. सारा कलह-क्लेश अब यहीं आ टिका है. रेमिक का अपने साथियों के साथ अंदर जाने देने की गुजारिश करना, स्मोक का भड़कना, बाहर ही भटकते रेमिक का एक-एक कर भीतर के लोगों के सिर पर सवार होकर खून पीना-जान लेना और पूरी तबाही में सैमी का बचकर जाना.

सिनर्स दरअसल कूगलर के लिए खासी जज्बाती और भोगे हुए यथार्थ से जुड़ती फिल्म है. कितनी तहों को यह साथ लेकर चलती है. इसे म्यूजिकल की पहचान देता ब्लूज संगीत मिसिसिपी के अफ्रीकी अमेरिकियों की पीड़ा-संघर्ष-जिजीविषा और एक सामुदायिकता के एहसास की अभिव्यक्ति है. वहां के खेतिहर-कामगार तबके की कलात्मक आवाज. एक संवाद में सैमी कहता भी है कि उसका गिटार चार्ली पैटन का है.

चार्ली (1891-1934) को ब्लूज म्यूजिक के पितामहों में गिना जाता है. रेमिक के जरिए कहानी के तार उस आइरिश आबादी से जुड़ते हैं जिन्हें खेती और मजदूरी आदि के लिए अमेरिका लाया गया था. रेमिक तो सैमी से कहता भी है कि ''मैं तुम्हारे ही लिए आया था.’’ उसे लगता है कि सैमी का संगीत सुनकर उसके पुरखों को शांति मिलेगी. पिशाचों का एक सिरा मिसिसिपी के ही चॉक्टाउ इलाके के आदिवासियों से जुड़ता है, जो चाहटा जबान बोलते हैं. इसी सूबे में एक आबादी चीनी प्रवासियों की भी है, कूगलर की पत्नी जिंजी इवांस का ताल्लुक उसी से है.

फिल्म एक हॉरर बैकड्रॉप में इन सारी सामुदायिक संस्कृतियों की खदबदाहट, उनकी चाहतों और आकांक्षाओं को एक प्लेटफॉर्म पर लाती है. सिनर्स की भाषा अंग्रेजी भले हो पर उसका लहजा भदेसी आंचलिक और हर किरदार के तबके की जबानी छाप लिए हुए है.

सिनर्स यानी पापियों की इस कथा में तमाम तहों के बीच बहुत कुछ अनकहा दबा-छिपा है. दृश्यों की तेज रफ्तार और एडिटिंग के शार्प कट उन छिपे आशयों को पकड़ने की कम ही मोहलत देते हैं. जाहिर है, सिनेमा के इतिहास में एक अहम मुकाम पर आ खड़ी हुई सिनर्स को चौकन्ना होकर देखने की दरकार है.

कहां देखें: जियो हॉटस्टार

ऑस्कर के इतिहास में सिनर्स पहली फिल्म है जिसे 16 श्रेणियों में नामांकन मिला है. और अब ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवार्ड्स (बाफ्टा) में भी उसे 13 नॉमिनेशन हासिल हुए हैं.

सिने-सुझाव
गजेंद्र सिंह भाटी

तेहरान  2020-24
जियोपॉलिटिक्स पर बनी एक विशिष्ट, मादक सीरीज. कहानी इजराइली इंटेलिजेंस एजेंसी मोसाद की एक एजेंट तमार की है जो ईरान में घुसती है. उसे एक हाइ वैल्यू टारगेट को मारना है. नामुमकिन-सा लगने वाला मिशन पूरा करना है. हर पल धुकधुकी. भय. खतरा. अब तक आए दोनों सीजन में आप इस एजेंट के दिमाग में हर पल दौड़ती बदहवासी और पकड़े जाने के डर को महसूस करते हैं. इस जॉनर में बनी मस्ट वॉच चीज. शानदार. भरपूर मजा. थ्रिल. एक्शन. कतई मिस न करें. 
सीजन 3 भी आ चुका है.
कहां देखें: एप्पल टीवी प्लस

किंगडम  2019-20 
कोरिया से निकली सीरीज की सूची बने तो मैं इसे शीर्ष पर रखूंगा. 17वीं सदी के कोरिया में स्थित कहानी है. राजा को एक रहस्यमयी बीमारी होती है. राज्य में लोग मर रहे हैं और शैतान बनकर जीवित हो रहे हैं. भावी राजकुमार को अब यह बीमारी फैलने से रोकनी है. इन सबके बीच दिमाग घुमाने वाली पॉलिटिक्स सत्ता हथियाने की चालें चल रही है. यह एक क्लासिक सीरीज है जिसने जॉम्बी जॉनर में आमूल-चूल परिवर्तन किया. हैरान करती, मन-मस्तिष्क को रंगत से भरती, सम्मोहक, कोरियन सिनेमा की फाइनेस्ट कृति.  
कहां देखें: नेटफ्लिक्स

होमलैंड  2011-20 
युद्ध के दौरान मृत मान लिए गए अमेरिकी मरीन निकोलस ब्रोडी को बरसों बाद अचानक 2003 में आतंकी अबू नजीर के कंपाउंड में बंधक पाया जाता है. उसे वहां से बचाकर अमेरिका लाया जाता है. भव्य स्वागत होता है. वह वॉर हीरो बनकर लौटा है. पर सीआइए की एजेंट कैरी मैथिसन को संदेह है कि कहीं वह अल-कायदा का स्लीपर एजेंट तो नहीं बन गया. उसे यह भी लग रहा है कि ब्रोडी अमेरिका में एक बड़े आतंकी हमले की तैयारी कर रहा है. आठ सीजन लंबी भरपूर थ्रिल, आनंद, उतार चढ़ाव, स्पाइ ड्रामा से सराबोर बिंज वॉच सीरीज.
कहां देखें: जियोहॉटस्टार

हैलबाउंड  2021-24 
इस सीरीज जैसा कॉन्सेप्ट पहले कभी नहीं आया. कहानी मॉडर्न कोरिया की है. इंटरनेट पर वीडियो फैलता है. तीन बड़े-बड़े डरावने क्रिएचर प्रकट होते हैं. भागते आते हैं. पाप करने वालों को यातनाएं देकर सरेआम मारते हैं. कोरियन समाज में धार्मिक चरमपंथी ग्रुप पैदा हो जाते हैं. मीडिया और सिविल सोसाइटी की ताकत खत्म हो जाती है. समाज, राजनीति, धर्म, मीडिया, कम्युनिकेशन और आधुनिक एंटरटेनमेंट वर्ल्ड पर कमाल की टिप्पणी करती सीरीज.
कहां देखें: नेटफ्लिक्स

Advertisement
Advertisement