scorecardresearch

विशेषांकः एकछत्र राज करती सुंदरी

बेहद प्रतिस्पर्धी दुनिया में जहां अभिनेत्रियों को थोड़े से संतोष करना पड़ता है, चाहे वह स्क्रीन टाइम हो या बड़े बजट की फिल्मों में सार्थक भूमिकाएं, दीपिका अपनी शर्तों पर काम करती हैं.

दीपिका पादुकोण
दीपिका पादुकोण
अपडेटेड 10 जनवरी , 2022

नई नस्ल 100 नुमाइंदे/सिनेमा

दीपिका पादुकोण, 35 वर्ष, अभिनेत्री

अस्सी के दशक के आखिर में श्रीदेवी की हुकूमत थी. नब्बे का दशक माधुरी दीक्षित का था. 2010 के दशक ने दीपिका पादुकोण का उभार और दबदबा दोनों देखा. अपनी आने वाली फिल्मों में वे शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, ह्रितिक रोशन और प्रभास जैसे अभिनेताओं के साथ दिखाई देंगी, जो बताता है कि दीपिका ने मौजूदा दशक को भी अपनी मुट्ठी से फिसलने नहीं देना ठान लिया है.

उनकी फिल्मों का सिलसिला बताता है कि कैसे उनकी अभिनय कला में निखार आता गया. वे परदे को रोशन करती गरिमामयी महारानी (संजय लीला भंसाली के साथ तीन फिल्में), मुख्यधारा की दिलकश हीरोइन (चेन्नै एक्सप्रेस, ये जवानी है दीवानी), आत्मविश्वास से भरपूर अदाकारा (कॉकटेल, पीकू, तमाशा) और हाल ही में स्मार्ट प्रोड्यूसर (छपाक, ’83) हो सकती हैं.

एक प्रोत्साहन वाली बात यह है कि उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी कमाई करती हैं, जो उन्हें सबसे ज्यादा मांग वाली अभिनेत्रियों में शुमार करता है और जिन्हें सबसे पैसा दिया जाता है. बेहद प्रतिस्पर्धी दुनिया में जहां अभिनेत्रियों को थोड़े से संतोष करना पड़ता है, चाहे वह स्क्रीन टाइम हो या बड़े बजट की फिल्मों में सार्थक भूमिकाएं, दीपिका अपनी शर्तों पर काम करती हैं.

ऐसा असर पैदा करने की ताकत गलतियों से सीखने पर ही आती है. कुछ साल पहले इंडिया टुडे वूमन से उन्होंने कहा था, ''मैं उस जाल में फंस गई जिसमें हीरोइन से उम्मीद की जाती है कि उसे क्या करना है और उसे कैसा दिखना चाहिए.

यह खुद की तलाश का सफर रहा है.’’ इतिहस ने बार-बार साबित किया है कि बड़ी से बड़ी नायिकाओं के करियर की एक मियाद होती है. फिर भी अक्लमंद और सृजन की आकांक्षा से भरी दीपिका अपवाद होना चाहती हैं.

एंजेल निवेशक पादुकोण ने एपिगामिया, फरलेंको, पर्पल और अंतरिक्ष से जुड़े स्टार्ट-अप बेलाट्रिक्स एयरोस्पेस सरीखी कंपनियों में पैसा लगाया है

''मैं वह सब नहीं करती जिसकी मुझसे उम्मीद की जाती है या सब कर रहे हैं इसलिए करो. मुझे बहुत चिढ़ होती है, अगर मैं खुद को चुनौती नहीं देती".

Advertisement
Advertisement