scorecardresearch

विशेषांकः बहुरूपिया बादशाह

हिंदी सिनेमा के कुछ ही अभिनेताओं में बॉक्स ऑफिस स्टार और माहिर अदाकार दोनों साथ होने की खास खूबी है.

रणवीर सिंह
रणवीर सिंह
अपडेटेड 10 जनवरी , 2022

नई नस्ल100 नुमाइंदे/सिनेमा

रणवीर सिंह, 36 वर्ष, अभिनेता

रणवीर सिंह कहते हैं, ''मैं वैसा शख्स नहीं हूं जो कुछ भी आसानी से करता हो.’’ इससे उस समूचे प्रभावशाली काम का पता चलता है जो उन्होंने महज दशक भर लंबे करियर में किया है.

पद्मावत में नेक राजा को फीका कर देने वाला निष्ठुर प्रतिद्वंद्वी हो, या गली बॉय का अभिलाषी रैपर, लुटेरा का धोखेबाज प्रेमी या उनकी पहली फिल्म बैंड बाजा बारात का जोशीला नौजवान, रणवीर सिंह ने किसी भी भूमिका में सहजता से ढल जाने और उसे विश्वास से निभाने की काबिलियत दिखाई है. वे जितना उनका इम्तिहान लेते हैं, उतने ही वे निखरते जाते हैं.

वे कहते हैं, ''मैं हर दिन अपने काम को इस तरह लेता हूं जैसे यह मेरा पहला या मेरा आखिरी दिन हो, पूरी प्रतिबद्धता से. जब आप शो बिजनेस में काफी साल बिता लेते हैं, तो स्वाभाविक ही कुछ आत्मसंतोष आ ही जाता है. मेरे साथ उलटा है.

मैं जितना ज्यादा काम करता हूं, उतना ही मुझे उसमें आनंद आता है, क्योंकि मैं मानता हूं कि इस कला में अंतहीन गुंजाइश है. लगभग रोज मुझे ऐसे पल का अनुभव होता है, जिसकी कल्पना मैं पहले नहीं कर सकता था.’’

इसी बालसुलभ उत्साह और काम के व्यवस्थित तरीके से उन्होंने अपने प्रशंसकों की विशाल भीड़ जुटाई है, जो जानते हैं कि रणवीर सिंह की फिल्म देखने का मतलब है दो घंटे पूरी तरह उनकी बनाई दुनिया में खो जाना.

हिंदी सिनेमा के कुछ ही अभिनेताओं में बॉक्स ऑफिस स्टार और माहिर अदाकार दोनों साथ होने की खास खूबी है. रणवीर सिंह इसी बिरली नस्ल से आते हैं. उनमें अपने काम के प्रति गहरा जुनून है और बहुत सूझ-बूझ से चुनते हैं कि किसके साथ उन्हें काम करना है और किसके साथ नहीं. इसीलिए वे यहां लंबे वक्त तक टिकेंगे.   

मूड बनाने की खातिर रणवीर सिंह थीम आधारित गानों की फेहरिस्त बनाते हैं. संगीत के प्रति अपने प्रेम के चलते उन्होंने एक रिकॉर्ड लेबल इंकइंक शुरू किया, जो स्थानीय हिप-हॉप प्रतिभाओं को मंच देता है

''मैं फिल्म के नतीजे से अलग होता गया और रचनात्मक प्रक्रिया से ज्यादा जुड़ गया हूं. मैं यह बात मानता हूं कि प्रक्रिया ही पुरस्कार है’’.

Advertisement
Advertisement