पंद्रह साल की उम्र में किसी अज्ञात संक्रमण के कारण गर्दन से नीचे के भागों के लकवे का शिकार हुईं विराली मोदी को रेल यात्राओं के दौरान हुए अनुभव रेलवे स्टेशनों को अक्षम लोगों के अनुकूल बनवाने के सामाजिक आंदोलन की राह पर ले आए. इसी के फलस्वरूप हाल ही में देश भर के कम से कम आठ रेलवे स्टेशनों ने यह लक्ष्य हासिल किया है जिससे लाखों यात्रियों को आसानी हुई है.
मुंबई में पैदा हुई और अमेरिका में पली-बढ़ी मोदी 2010 में इलाज कराने भारत आईं क्योंकि यहां यह सुविधा अमेरिका के मुकाबले काफी सस्ती थी. मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर कुलियों के आचरण ने उन्हें बहुत धक्का पहुंचाया. उन्हें लग रहा था कि अमेरिकी रेलवे स्टेशनों की ही तरह से यहां भी शारीरिक बाधाओं से पीडि़त लोगों के लिए रैंप होगा, लेकिन ऐसा कुछ न पाकर उन्हें भारी निराशा हुई. वे बताती हैं, ''इसके बाद मेरी मां ने दो कुली लिए कि मुझे व्हीलचेयर के साथ ट्रेन में पहुंचा कर बर्थ पर बिठाया जा सके.
कुलियों ने मेरी स्थिति का नाजायज फायदा उठाया और मेरे शरीर को गलत तरीके से छुआ और अपनी विवशता पर मैं रो पड़ी.'' उन्हें इलाज के लिए या फिर रिश्तेदारों से मुलाकात के लिए गुजरात जाने के दौरान की गई रेल यात्राओं के दौरान अगले चार साल में तीन बार ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा. नवी मुंबई में चले इलाज का उन्हें आंशिक लाभ मिला लेकिन शरीर का निचला हिस्सा लकवाग्रस्त रहा.
हाथों का एक बार फिर से इस्तेमाल कर सकने में सक्षम होने के बाद उन्होंने अपने अनुभवों को ब्लॉग में लिखना शुरू किया. उनके ब्लॉग को बहुत सफलता मिली और लाखों लोगों ने उनके उसे पढऩा और फॉलो करना शुरू कर दिया. वर्ष 2015 में उन्होंने ऑनलाइन याचिका के माध्यम से रेलवे से सभी स्टेशनों पर अक्षम लोगों के लिए रैंप बनाने का आग्रह किया. उन्होंने रेल मंत्रालय की वेबसाइट पर इस बारे में शिकायत भी डाली, जहां से जवाब मिला कि उनकी शिकायत विदेश मंत्रालय को भेज दी गई है. मोदी का कहना है कि उन्होंने ऐसा शायद इसलिए किया हो कि मैं अनिवासी भारतीय हूं.
उन्होंने सोशल मीडिया पर #MyTrainToo हैशटैग भी शुरू किया. कई महीनों बाद, इस समस्या को समझने वाले केरल के एक रेलवे अधिकारी ने उनके अभियान पर प्रतिक्रिया जताई. मोदी बताती हैं, ''उन सज्जन ने तिरुचिरापल्ली और तिरुवनंतपुरम समेत केरल के छह रेलवे स्टेशनों पर रैंप बनवा दिए थे.'' इसके बाद रेल अधिकारियों ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा में दो ट्रेनों को शारिरिक रूप से अक्षम लोगों के अनुकूल बनाने के लिए उनमें फोल्डेबल रैंप लगवाने के साथ डिब्बे के अंदर व्हील चेयर लगवा दीं. निजी तौर पर मोदी के लिए खुशी का मौका तब आया जब रेलवे ने मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर रैंप बनवा दिया.
मोदी ने अब सोशल मीडिया पर #FlyWithDignity अभियान छेड़ा है ताकि हवाई अड्डों पर अक्षम लोगों के साथ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के सुरक्षाकर्मी उचित व्यवहार करें. वे कहती हैं, ''मुझे इस बल के मुख्यालय से सूचना मिली है कि उन लोगों ने कर्मचारियों को इस दिशा में प्रशिक्षित करना शुरू कर दिया है.''

