'क्या भाजपा जंग के लिए तैयार है?''
संबित पात्र और किरेन रिजिजू, भाजपा नेता
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्र दोनों जोर देकर कहते हैं कि सरकार राष्ट्र की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और पहली बार आतंक से लडऩे की राजनैतिक संकल्पशक्ति दिख रही है. इंडिया टुडे कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए रिजिजू ने कहा कि कुछेक दुखद हादसों को छोड़ दें तो पिछले पांच साल में देश में कहीं भी कोई आतंकवादी हमला नहीं हुआ है. पात्र ने जोड़ा कि इसमें प्रधानमंत्री का नेतृत्व सभी मोर्चों पर निर्णायक साबित हुआ है.
खास बातें
राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने निर्णायक भूमिका निभाई है और पिछले पांच साल में देश में कोई बड़ा आतंकवादी हमला नहीं हुआ है.
सरकार ने पूर्वोत्तर को लेकर जो रणनीति अपनाई, उसने उस इलाके का कायाकल्प कर दिया.
पहली बार सशस्त्र बलों और खुफिया एजेंसियों का साथ देने, उनका हौसला बढ़ाने की राजनैतिक इच्छाशक्ति दिखाई दी है.
किरेन रिजिजू
''नागरिकता संशोधन विधेयक को लेकर पूर्वोत्तर में जो स्थिति बनी है वह कोई सुरक्षा से या कानून-व्यवस्था से जुड़ा हुआ मामला नहीं, बल्कि सियासी मामला है. लोगों ने जो विरोध और गुस्सा दिखाया है, वह सियासी है.''
संबित पात्र
''ऐसा नहीं कि सेना के पास पहले कलेजा नहीं था, उसमें हिम्मत नहीं थी. थल सेना और वायु सेना सबके पास यह हौसला पहले से था, बस राजनैतिक इच्छाशक्ति का अभाव हुआ करता था.''
***

