
तेलंगाना के विकाराबाद जिले के कोतबस्पल्ली गांव स्थित मंडल परिषद अपर प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले 12 साल के बाबू वड्डे को कुछ साल पहले तक “बेहोशी के दौरे वाला लड़का” कहा जाता था. दोपहर के भोजन से पहले के घंटों में और कभी-कभी सुबह की प्रार्थना के दौरान भी वह अक्सर भूख के मारे बेहोश हो जाया करता था.
लेकिन अब ऐसा नहीं है. रेवंत रेड्डी सरकार ने इस साल शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से सरकारी स्कूलों में सुबह के नाश्ते की योजना शुरू की है. इस सरकारी कदम से बाबू जैसे बच्चों की सुबह की भूख मिटाने और उससे होने वाली कमजोरी दूर करने में काफी मदद मिली है.
उसके दोस्तों का कहना है कि वह अब पहले से ज्यादा सेहतमंद दिखता है. अपने बेहोशी के दौरे के दिनों को याद करके सातवीं कक्षा का यह छात्र झेंपते हुए मुस्कुराता है, “अब मैं पढ़ाई-लिखाई में बेहतर ध्यान दे पाता हूं.”
मंडल परिषद स्कूल उन 1,269 स्कूलों में शामिल है, जहां गर्मी की छुट्टियों के बाद 15 जून को स्कूल खुलने पर पहले चरण में यह योजना शुरू की गई. रेड्डी के पूर्ववर्ती के. चंद्रशेखर राव के समय शुरू की गई पायलट योजना के इस विस्तारित रूप के तहत साल के अंत तक तेलंगाना के सभी लगभग 26,000 स्कूलों और जूनियर कॉलेजों को योजना के दायरे में लाए जाने की उम्मीद है.
लेकिन सुबह का नाश्ता तो उन तमाम पहलकदमियों में केवल एक है, जो तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने पिछले दो वर्षों में शुरू की हैं. खुद ही शिक्षा विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री रेड्डी राज्य के शिक्षा क्षेत्र का कायाकल्प करना चाहते हैं और अपनी स्थायी छाप छोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं (देखें, बेहतर स्कूल निर्माण). पिछले साल पहली बार सरकारी स्कूलों में प्री-प्राइमरी कक्षाओं की शुरुआत की गई है.
कॉर्पोरेट स्तर का बुनियादी ढांचा और प्री-प्राइमरी वर्ग शुरू करके सरकारी डे-स्कूलों की सूरत पूरी तरह बदलने की योजना है. जून में रेड्डी सरकार ने तेलंगाना पब्लिक स्कूल (टीजीपीएस) की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य बेहतरीन निजी स्कूलों की तर्ज पर शिक्षा मुहैया करना है.
इसका मकसद राज्य के 119 विधानसभा क्षेत्रों में से अधिकांश में ऐसा स्कूल स्थापित करना है, जिसमें शिक्षा का माध्यम अंग्रेजी हो, चेहरे की पहचान से हाजिरी की प्रणाली हो, डिजिटल कक्षाएं हों, अत्याधुनिक साइंस तथा कंप्यूटर लैब हों और व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध हों.
रंगा रेड्डी जिले के अरुटला में ऐसे पहले स्कूल के उद्घाटन पर रेड्डी ने ऐलान किया था, “हर छात्र को दुनिया से प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बनाया जाना चाहिए. अच्छी से अच्छी पढ़ाई-लिखाई और पौष्टिक भोजन साथ-साथ उपलब्ध होने चाहिए.”
एक अन्य प्रमुख पहल यंग इंडिया इंटीग्रेटेड रेजिडेंशियल स्कूल्स (वाइएचआरएस) है. इसकी अवधारणा सामाजिक समावेशी संस्थानों के तौर पर की गई है, ताकि हर जाति, समुदाय और वर्ग के छात्र एक साथ पढ़ सकें. यह अविभाजित आंध्र प्रदेश और बाद में तेलंगाना की सरकारी व्यवस्था के तहत दशकों से चल रहे जाति और समुदाय आधारित आवासीय स्कूलों से अलग एक नए तरह की शुरुआत है.
पहले अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों के लिए अलग-अलग स्कूल चलाए जाते थे. स्कूली शिक्षा निदेशक डॉ. नवीन निकोलस कहते हैं, “यंग इंडिया इंटीग्रेटेड रेजिडेंशियल स्कूल अब विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि के बच्चों को एक साथ एक समान पढ़ाई-लिखाई का वातावरण मुहैया कराएंगे. और उनमें सामंजस्य का भाव भरेंगे.”


आओ सरकारी स्कूलों में
सरकारी स्कूलों में प्री-प्राइमरी शिक्षा शुरू हुई तो वे मां-बाप भी अपने बच्चों को उनमें भेजने लगे हैं जो अमूमन निजी स्कूलों को चुनते थे. इसकी मिसाल हैदराबाद-कोडंगल राजमार्ग के पास स्थित रंगापुर गांव के मंडल परिषद प्राइमरी स्कूल में देखने को मिलती है. उस स्कूल में अब 40 छात्र हैं, जिनमें आठ नर्सरी में, चार एलकेजी में और एक यूकेजी में है.
सरकारी स्कूलों में घटती दाखिला दर के मद्देनजर सरकार को उम्मीद है कि प्री-प्राइमरी कक्षाओं और सुबह का नाश्ता योजना की शुरुआत से अधिक छात्र सरकारी स्कूलों की ओर लौटेंगे. प्रधानाचार्या एम. बसवेश्वरी कहती हैं, “माता-पिता को प्री-प्राइमरी कक्षाओं और मुफ्त किताबें, यूनिफॉर्म, पढ़ाई के दूसरे सामान तथा सुबह के नाश्ते जैसी मुफ्त सुविधाओं के बारे में धीरे-धीरे पता चल रहा है, इसलिए हमें पूरी उम्मीद है कि अगले साल छात्रों के दाखिले और बढ़ेंगे.”
सरकार ने छात्रों को दी जाने वाली सामग्री का दायरा भी बढ़ा दिया है. 2023-24 तक छात्रों को पोशाक, पाठ्यपुस्तकें, नोटबुक और कार्यपुस्तिकाएं ही दी जाती थीं. लेकिन अब मौजूदा सरकार ने उनके अलावा छात्रों के किट में टाइ, बेल्ट, आइडी कार्ड होल्डर, काले तथा सफेद जूते की जोड़ियां और मोजे भी शामिल कर दिए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि इसका मकसद “यह आश्वस्त करना है कि हर बच्चे को सम्मान के साथ स्कूली पढ़ाई पूरी करने के लिए तमाम आवश्यक बुनियादी शैक्षणिक सामान और व्यक्तिगत जरूरतें पूरी की जा सकें.”
इस बीच, टीजीपीएस परियोजना के तहत मौजूदा सरकारी स्कूल परिसरों को, जहां भी संभव हो, आसपास या एक ही जगह स्थित प्राथमिक स्कूलों और जूनियर कॉलेजों को जोड़कर अपग्रेड करने की योजना है. मकसद यह है कि उपलब्ध बुनियादी ढांचे, शिक्षकों और अन्य शैक्षणिक संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग किया जा सके, ताकि एक ही परिसर में प्री-प्राइमरी से 12वीं कक्षा तक निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध हो सके, जो आधुनिक शैक्षणिक, डिजिटल, लैब, खेल और सभी सुविधाओं से लैस हो.
अनुमानित तौर पर 1,889 करोड़ रुपए की लागत से ऐसे कुल 134 परिसर बनाने का प्रस्ताव है. उपयुक्त भूमि और बुनियादी ढांचे की उपलब्धता के आधार पर, 4-5 एकड़ के परिसर में प्रत्येक टीजीपीएस में लगभग 1,500 छात्रों के सहजता से पढ़ाई कर पाने की व्यवस्था होने की उम्मीद है.
चार डेमो स्कूलों में सबसे पहले तैयार अरुटला स्कूल में एक वर्ष के भीतर छात्रों का दाखिला 744 से बढ़कर 1,585 हो गया, यानी 113 फीसद की बढ़ोतरी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि नए दाखिलों में 72 फीसद छात्र वे हैं, जो निजी स्कूलों से यहां आए.
शिक्षा विभाग में सचिव डॉ. योगिता राणा कहती हैं, “हमारी सभी पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में माता-पिता के विश्वास को मजबूत करना है और बच्चों को सरकारी शिक्षा प्रणाली में दाखिला लेने के लिए प्रोत्साहित करना है, जिनमें अभी निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र भी शामिल हैं.”
सरकार के शिक्षा सुधार के प्रयासों को एक बड़े बुनियादी ढांचे और संस्थागत निर्माण का सहारा मिल रहा है. महत्वाकांक्षी वाइएचआरएस परियोजना के साथ 21,000 करोड़ रुपए का भारी वित्तीय आवंटन भी जुड़ा है. तेलंगाना के 119 विधानसभा क्षेत्रों में से 105 में वाइएचआरएस योजना के तहत स्कूल खोले जाने हैं.
हैदराबाद के कुछ हिस्सों को ऐसे बड़े परिसरों के लिए जगह की कमी के कारण बाहर रखना पड़ेगा. हरेक परिसर को पांचवीं से बारहवीं कक्षा तक के 2,560 छात्रों के रहने और पढ़ने के हिसाब से डिजाइन किया गया है, जिसमें खेलकूद, को-करिकुलर गतिविधियां, डिजिटल और एआइ-आधारित शिक्षा, विशेष लैब और कौशल तथा समग्र विकास पर ध्यान दिया जाएगा.


अमल में चुनौतियां
मगर देश के ज्यादातर हिस्सों में बेहतरीन इरादों के साथ शुरू की गई योजनाएं नाकाफी और आधे-अधूरे अमल की भेंट चढ़ जाती हैं. तेलंगाना में स्थिति बहुत अलग नहीं. शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में ही छात्र किट मुहैया करने का समय तय था, इसके बावजूद कई स्कूलों को वादे के मुताबिक दशहरे तक छात्र किट नहीं मिल पाई थी. मसलन, विकाराबाद जिले के मधारम स्थित जिला परिषद हाइस्कूल में छात्र सामान्य कपड़े और चप्पलें पहनकर कक्षाओं में दिखे, क्योंकि पोशाक वगैरह अभी नहीं पहुंची ही नहीं.
वाइआइआइआरएस योजना वाले स्कूल परिसरों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार करने की प्रगति में जमीन की मंजूरी जैसी बाधाओं का सामना करना पड़ा है, जिससे निर्माण कार्य धीमा हो गया है. 87 स्कूलों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है जबकि बाकी 18 के प्रस्ताव सरकार को सौंपे गए हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, 71 जगह निर्माण जारी है जबकि छह स्थानों पर ठेकेदार तैयारी कर रहे हैं. दूसरे कई अभी भूमि मंजूरी, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने और निविदा प्रक्रिया शुरू करने के चरणों में हैं. कम से कम 10 स्कूलों के 2027-28 शैक्षणिक सत्र में शुरू होने की उम्मीद है जबकि बाकी परिसर चरणबद्ध तरीके से खुलेंगे.
बेहतर शुरुआत
भारी उत्साह के साथ जिस योजना का स्वागत किया गया है, वह है नाश्ता कार्यक्रम. यह अब स्कूलों में मिलने वाले दोपहर के भोजन के अतिरिक्त है, जिसका उद्देश्य बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और पढ़ाई-लिखाई में और सुधार करना है. रंगापुर गांव के मंडल परिषद प्राइमरी स्कूल में कक्षाएं शुरू होने से एक घंटे पहले यानी सुबह 8:15 बजे से ही बच्चे आने लगते हैं. यह गांव रेड्डी के विधानसभा क्षेत्र कोडांगल से 40 किमी दूर है.
अनुसूचित जाति माडिगा समुदाय की किसान एस. अनुषा जब अपनी बेटियों, दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली जाश्विका और एलकेजी की दीक्षा, को छोड़ने आती हैं तभी नाश्ता लेकर हरे कृष्णा मिशन (एचकेएम) की गाड़ी पहुंचती है. अक्षय पात्र फाउंडेशन और मन्ना ट्रस्ट के साथ-साथ एचकेएम भी उन धर्मार्थ संस्थाओं में शामिल है, जिन्हें सरकार ने इस योजना को लागू करने के लिए जोड़ा है.
नाश्ता कोडांगल की एक सेंट्रल किचन से आता है, जो पूरे तेलंगाना में 299.9 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे 39 ऐसे किचन में एक है. गाड़ियां सीलबंद स्टील के डिब्बों में खाना लेकर आती हैं, जिसकी मात्रा हेडमास्टरों की ओर से एक दिन पहले ऐप-आधारित मांग के आधार पर तय होती है.
हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पोषण संस्थान (एनआइएन) से प्रमाणित मेन्यू में डोसा, बाजरा/ज्वार की इडली, पूड़ी और उपमा शामिल हैं, जिन्हें चटनी, सांभर या वेजिटेबल कोरमा के साथ परोसा जाता है. पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों को 100 मिलीलीटर दूध मिलता है, जबकि छठी से बारहवीं कक्षा के बच्चों को हफ्ते में तीन दिन 150 मिलीलीटर दूध दिया जाता है.
बाकी दिनों में प्री-प्राइमरी से दसवीं कक्षा तक के छात्रों को पौष्टिक पेय रागी जावा परोसा जाता है, जो जरूरी सूक्ष्म पोषक तत्वों से भरपूर बताया जाता है. रंगापुर में रहने वाले ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के सफाई कर्मचारी वी. वेंकटेश कहते हैं, “हमारे बच्चे अब घर पर नाश्ता खाने से मना करने लगे हैं. उन्हें स्कूल में स्वादिष्ट भोजन जो मिलने लगा है.”

डॉ. राणा इस योजना के पीछे रेड्डी की मंशा स्पष्ट करती हैं. वे बताती हैं, “सुबह के नाश्ते का कार्यक्रम एक साधारण सोच के साथ शुरू किया गया था कि कोई भी बच्चा भूखे पेट कक्षा में न बैठे और पौष्टिक भोजन की कमी के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई का नुकसान न हो.”
रेड्डी के नेतृत्व में 2024 में कोडांगल में इस पायलट प्रोजेक्ट को लागू किया गया था. उसके बारे में राणा बताती हैं कि “उत्साहजनक नतीजे सामने आए. बच्चों की हाजिरी लगभग 75 फीसद से बढ़कर 90 फीसद हो गई. साथ ही समय की पाबंदी, ध्यान देने की क्षमता और कक्षा में भागीदारी में भी सुधार देखा गया.”
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के एजेंडे में अगला कदम सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए मुफ्त बस सेवा शुरू करना है जिससे उन्हें घर से स्कूल आने-जाने की सुविधा मिलेगी. मुख्यमंत्री का कहना है कि यही एकमात्र ऐसी अतिरिक्त सुविधा है जो निजी स्कूल उपलब्ध कराते हैं लेकिन उसके लिए अलग से पैसा लेते हैं.
इससे गरीब परिवारों पर बच्चों को पढ़ाने का बोझ बढ़ता है. राज्य के बच्चों के बेहतर भविष्य को प्राथमिकता देने के हिमायती रेड्डी पूरी तरह पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था के कायापलट के प्रति प्रतिबद्ध दिखाई देते हैं.

