scorecardresearch
डार्क मोड

जारी है सीमा तोड़ने की जद्दोजहद

मध्य प्रदेश और कर्नाटक जातिगत आरक्षण की उस नई जंग का ताजा मोर्चा बन गए हैं जो जनगणना के साथ और तेज होने जा रही. एक के बाद एक राज्य आरक्षण को लेकर खींची गई 50 फीसद की कानूनी सीमा तोड़ने की जुगत भिड़ाने में जुटे

the Big story obc quota 
आरक्षण बहाल करने की मांग को लेकर जुलाई में भोपाल में प्रदर्शन करते ओबीसी महासभा के कार्यकर्ता
अपडेटेड 25 नवंबर , 2026

जाति को भारतीय राजनीति का ‘सदाबहार पहलू’ मानना एक बात है. लेकिन मौजूदा वक्त में इसमें बदलाव की रफ्तार को महसूस करना एकदम अलग बात. इसकी गंभीरता को इस तथ्य से समझ सकते हैंः सिर्फ अक्तूबर महीने में सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले और मध्य प्रदेश तथा कर्नाटक हाइकोर्ट के दो अलग-अलग आदेशों ने आरक्षण की 50 फीसद की सीमा लांघने की राज्यों की कोशिशों पर रोक लगा दी.

तीसरे बड़े राज्य महाराष्ट्र में भी यह बेहद संवेदनशील मुद्दा बना हुआ है. हाल के वर्षों में कम से कम नौ राज्यों ने 1992 के ऐतिहासिक इंदिरा साहनी फैसले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से तय कानूनी सीमा से परे जाकर नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण बढ़ाने की कोशिश की है. मध्य प्रदेश और कर्नाटक अपनी अपनी परिस्थितियों में थोड़े अलग होकर भी, इस नई हकीकत की ताजा मिसाल बने हैं जहां कानून, नीति, राजनीति और अलग-अलग आबादी समूहों की मांगें आपस में टकरा रही हैं.

राजनीति के इस नए दौर को आप मंडल 3.0 कह सकते हैं, जिसके पहिए तब और तेजी से घूमेंगे जब फरवरी 2027 में जनगणना के साथ 1931 के बाद भारत की पहली आधिकारिक जातिगत गणना शुरू होगी.

9 अक्तूबर को मध्य प्रदेश हाइकोर्ट की ओर से 2019 का आरक्षण कानून रद्द किए जाने के बाद से राजनीति गरमाई हुई है. यह थोड़े समय के लिए सत्ता में आई कमलनाथ सरकार के दौर में बना था जब राज्य “50 फीसद प्लस” के रास्ते पर चला और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षण 14 से बढ़ाकर 27 फीसद कर दिया गया.

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव

इससे कुल आरक्षण 63 फीसद तक पहुंच गया था. अब सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) खुद को विपक्ष और जातिगत संगठनों के आरोपों से घिरा पा रही है, जिनका कहना है कि सरकार ने अदालत में ओबीसी का पक्ष मजबूती से नहीं रखा, जिसकी वजह से 2019 का कानून व्यावहारिक रूप से रद्द हो गया. मोहन यादव सरकार धर्मसंकट में फंसी है.

वह न तो साफ तौर पर आगे बढ़ सकती है और न पीछे ही हट सकती है. यूजीसी मुद्दे पर पहले से ही सवर्णों के गुस्से का सामना कर रही सरकार अब इस फैसले के दूसरे पहलू पर विचार कर रही है, खासकर यह देखते हुए कि राज्य में ओबीसी की आबादी कितना मायने रखती है. फिलहाल, सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर की है.

 इस पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए थोड़ा अतीत में झांककर और खासतौर पर मंडल 3.0 को समझना जरूरी है. एक तरह से कहा जा सकता है कि 1990 के मंडल आयोग के बाद के पहले डेढ़ दशक ने पिछड़ी जातियों की राजनीति को हर जगह एक बुनियादी ताकत के रूप में स्थापित किया. दूसरा दौर, 2000 के दशक के उत्तरार्ध से शुरू हुआ, जिसमें जाट और पाटीदार जैसे दबंग जातिगत समूहों ने राज्य की ओबीसी सूचियों में शामिल होने की कोशिश की.

यह सिलसिला अब भी जारी है, जैसा मराठा आंदोलन से दिखता है. लेकिन ओबीसी सूची में बढ़ती भीड़ की वजह से 2015 के आसपास तीसरा दौर शुरू हुआ, जहां सभी विचारधाराओं की राज्य सरकारें राजनैतिक दबाव में 50 फीसद की सीमा तोड़ने को मजबूर हुईं. राजस्थान, हरियाणा और तेलंगाना ने इसकी शुरुआत की, जहां ओबोसी आबादी के अनुपात में आरक्षण देने की कोशिश की गई.

पहले दो को अपरिहार्य कानूनी रुकावटों का सामना करना पड़ा. छूट प्राप्त एकमात्र राज्य तमिलनाडु की तर्ज पर तेलंगाना की ओर से 2017 में नौवीं अनुसूची में शामिल होने की अपील को केंद्र से मंजूरी नहीं मिली लेकिन उसने विधायी रास्ता आजमाना बंद नहीं किया और न ही 2025 तक अदालतों ने ढील दी. अब मध्य प्रदेश भी उसी स्थिति में पहुंच गया है.

दुधारी तलवार
कर्नाटक भी एक अलग रास्ते से गुजरकर इसी मोड़ पर पहुंचा है, जहां राजनैतिक नुक्सान का गणित उल्टा है. उसने अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के आरक्षण के जरिए 50% की सीमा लांघने कोशिश की. ओबीसी का हिस्सा 2002 से 32 फीसद पर स्थिर रहा था, जिससे अगले दो दशकों तक कुल आरक्षण ठीक 50 फीसद पर सीमित रहा.

2022 में बसवराज बोम्मई के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने एससी और एसटी के 1958 के दौर के आरक्षण को बढ़ा दिया, जो एससी के लिए 15 से 17 फीसद और एसटी के लिए तीन से सात फीसद किया गया. अब चार साल बाद कांग्रेस सरकार मुश्किल में है.

12 अक्तूबर के अपने फैसले में हाइकोर्ट ने कहा कि कुल जातिगत आरक्षण 50 फीसद से ऊपर ले जाना संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 का उल्लंघन है. (2019 में आया ईडब्ल्यूएस आरक्षण इस दायरे से बाहर माना जाता है क्योंकि वह ‘आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों’ के लिए है, जाति-आधारित नहीं. यह अलग बात है कि इसमें ओबीसी और एससी/एसटी को बाहर रखना अपने आप में सवाल बना हुआ है).

मध्य प्रदेश हाइकोर्ट ने इस मामले को ज्यादा बारीकी से परखा. जस्टिस आनंद पाठक और जस्टिस विनय सराफ की खंडपीठ ने कहा कि कोर्ट ओबीसी आरक्षण के खिलाफ नहीं लेकिन सरकार की ओर से पेश आंकड़े आरक्षण बढ़ाने का आधार साबित नहीं करते. इसके अलावा, अदालत ने अपने फैसले में कहा कि 2019 के कानून के तहत 29 सितंबर, 2022 तक हुई ओबीसी भर्तियां कानूनी तौर पर सुरक्षित रहेंगी; जबकि उसके बाद की नियुक्तियों को रद्द कर दिया जाएगा.

शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मार्च 2020 से भाजपा ने 27 फीसद आरक्षण को सक्रियता से लागू किया था. सितंबर 2022 की तारीख उस मोड़ को दर्शाती है जब सरकार ने बढ़ते कानूनी मामलों का हवाला देते हुए एक अंतरिम व्यवस्था लागू की थी, जिसके तहत केवल 87 फीसद सीटों पर भर्तियां की गईं और बाकी 13 फीसद को अनिश्चितकाल के लिए रोककर रखा गया.

अब वही 13 फीसद हिस्सा रद्द कर दिया गया है. राजनैतिक तौर पर यह मौजूदा मुख्यमंत्री के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है, जिन्होंने बार-बार दोहराया है कि वे ओबीसी आरक्षण बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. मोहन यादव ने तो इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक भी बुलाई जिसमें इसके समर्थन में सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित हुआ था.

पिछले तीन दशकों में मध्य प्रदेश में एक राजनैतिक ताकत के तौर पर ओबीसी का दबदबा बढ़ा है. 15 माह के कमलनाथ के कार्यकाल को छोड़ दें तो 2003 से प्रदेश में भाजपा का शासन है. इस दौरान उसके सभी मुख्यमंत्री प्रमुख ओबीसी समुदायों से रहे—उमा भारती, बाबूलाल गौर, शिवराज; और अब मोहन यादव भी उसी राजनैतिक बदलाव का नतीजा हैं.

कांग्रेस ने इसे समझने में थोड़ी देर कर दी. उसका पुराना नेतृत्व मुख्यत: सवर्ण चेहरों के इर्द-गिर्द घूमता था. 2023 में जब राहुल गांधी की राजनीति में जातिगत मुद्दा हावी हुआ, राज्य संगठन की कमान जितेंद्र पटवारी के रूप में एक ओबीसी चेहरे को सौंपी गई.

उलझा गणित
कुछ लोगों का तर्क है कि ओबीसी को एक अखंड या एक समान समूह मानना गलत है. कमलनाथ सरकार के मार्च 2019 में अध्यादेश लाने के एक महीने बाद हुए लोकसभा चुनावों में ओबीसी वोटों में कोई खास झुकाव नहीं दिखा. कांग्रेस को राज्य में सिर्फ एक सीट मिली. अगस्त में अध्यादेश कानून तो बन गया लेकिन परिणाम वैसे ही रहे. 2023 के विधानसभा चुनाव में लाडली बहना योजना की लहर ने सभी सामाजिक समीकरणों को पीछे छोड़ दिया. वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई.

यह ओबीसी के राजनैतिक प्रभाव को मापने का एकमात्र पैमाना हो भी सकता है और नहीं भी, लेकिन मोहन यादव इस पर कोई जोखिम नहीं लेना चाहेंगे. फिलहाल जो चर्चा चल रही है, वह सरकार के पक्ष में नहीं है. ओबीसी समूह का प्रतिनिधित्व करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता रामेश्वर सिंह ठाकुर कहते हैं, “राज्य सरकार ने अदालत में ओबीसी से जुड़ा कोई ठोस डेटा पेश ही नहीं किया. जाहिर है कि जब आंकड़े नहीं होंगे तो केस कमजोर ही होगा. कांग्रेस सरकार ने 2011 की जनगणना का डेटा पेश किया था, जिसमें ओबीसी आबादी 50.09 फीसद बताई गई थी.”

इस कानूनी लड़ाई के पुराने खिलाड़ी ठाकुर का तर्क है कि भाजपा कभी आरक्षण बढ़ाने को लेकर गंभीर नहीं थी. वे कहते हैं, “अगर होती तो 27 फीसद आरक्षण लागू कर रही होती. यह संभव था क्योंकि हाइकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट की कोई रोक नहीं थी.” उनके मुताबिक, राज्य ने कई हलफनामे देकर कहा कि 14 फीसद आरक्षण का ही पालन होना चाहिए. वे ओबीसी और ईडब्ल्यूएस के लिए अपनाई जा रही “दोहरी नीति” पर भी सवाल उठाते हैं.

ईडब्ल्यूएस के 10 फीसद को जोड़ते हुए कहते हैं, “मध्य प्रदेश में कुल आरक्षण 60 फीसद हो जाता है, जो 50 फीसद की सीमा से ऊपर है. सुप्रीम कोर्ट इसकी अनुमति देता है. तो फिर ओबीसी के लिए 50 फीसद की सीमा क्यों नहीं तोड़ी जा सकती?” वे सवाल उठाते हैं, “मौजूदा परिभाषा के तहत मध्य प्रदेश की केवल 1.7 फीसद आबादी ही ईडब्ल्यूएस के दायरे में आएगी. तो फिर इस समूह के पास 10 फीसद आरक्षण क्यों है?”

राजनैतिक तौर पर इसे और जटिल बनाने वाली बात यह है कि मध्य प्रदेश के पड़ोसी राज्यों में ओबीसी आरक्षण का कोटा ज्यादा है: उत्तर प्रदेश में 27% (1992 के इंदिरा साहनी फैसले के तुरंत बाद लाए गए कानून के तहत), राजस्थान में 21%, महाराष्ट्र में शिक्षा और नौकरियों में 19% तथा स्थानीय निकाय चुनावों में 27% तक, और गुजरात में 27%. मध्य प्रदेश की तरह छत्तीसगढ़ में भी 14% था, जिसे बढ़ाकर 27% कर दिया गया है और वहां अब तक कोई कानूनी अड़चन नहीं आई है.

मध्य प्रदेश में 53 जातियों को ओबीसी के रूप में सूचीबद्ध किया गया है. अनुमान है कि 10-12 फीसद आबादी के साथ कुर्मी सबसे बड़ा समूह हैं, जिसके बाद काछी और लोधी आते हैं.

पिछड़ी जाति के एक प्रतिनिधि का कहना है, “सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी का स्वागत है लेकिन भाजपा या विपक्ष इस मुद्दे पर बहुत कुछ करता नहीं दिखता. मुझे लगता है सामाजिक संगठनों को ही यह मामला उठाना होगा.” ओबीसी समूहों के एक साझा मंच पिछड़ा वर्ग महासभा और उत्तरी मध्य प्रदेश के मुखर ओबीसी नेता दामोदर यादव का बनाया समूह पीडीए (पिछड़ा दलित आदिवासी) एक आंदोलन की योजना बना रहे हैं. उम्मीद है जनगणना वाले वर्ष 2027 और चुनावी साल 2028 तक इस मुद्दे की आंच और बढ़ेगी.  

ADVERTISEMENT
Advertisement