
नई ऊंचाई छूती भूमिपुत्र वाली राजनीति के निशान आप खोज रहे हैं? तो भोपाल के राजा भोज हवाई अड्डे पर राज्य के हैंगर में नए आए विमान से बेहतर भला आपको क्या दिखेगा? कनाडा से आया चमचमाता बिल्कुल नया बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 सुपर-मिडसाइज विमान 21 अक्तूबर को इस रनवे पर उतरा.
अनथक उड़ान भरने वाला यह महंगा और शानदार विमान 250 करोड़ रुपए में खरीदा गया है और जल्द राज्य सेवा में शामिल होगा. इसके उलट पहले वाले विमान—बीचक्राफ्ट किंग एअर बी250—को उसी विमान से बदला गया होता तो एक-तिहाई खर्च आता. नए विमान के साथ यह भी जुड़ा कि पहली बार मध्य प्रदेश ने आधुनिक तेज-रफ्तार जेट खरीदा है. राज्य के वीवीआइपी अब तक टर्बो प्रोपेलर से काम चलाते थे.
आखिरकार मध्य प्रदेश भी जेट से उड़ान भरने वाले उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु सरीखे कुलीन राज्यों के समूह में शामिल हुआ. इससे संघीय पैमाने में ऊंचाई का अंतर कम हुआ है. सब कुछ योजना के मुताबिक होता है तो दिसंबर के शुरू में राज्य के लोग गर्व से मुख्यमंत्री मोहन यादव के जेट विमान को आसमान में सफेद धुएं की लकीर छोड़ता देख सकेंगे.
मध्य प्रदेश ने अपने वीवीआइपी—मुख्यमंत्री, राज्यपाल, कैबिनेट मंत्रियों या राज्य के नागरिक विमानन विभाग की तरफ से अधिकृत किसी भी व्यक्ति—के लिए फिक्स्ड-विंग विमानों और हेलिकॉप्टरों का समर्पित बेड़ा रखा है. अभी हाल तक उसे दूसरे राज्यों की तरह विमान किराए पर नहीं लेने पड़ते थे. हवाई अड्डे की पक्की जमीन पर बॉम्बार्डियर के उतरने से विपक्ष और मीडिया के बीच खासी दिलचस्पी पैदा होने की दो वजहें हैं.
एक तो बेशक यह कि जेट विमानों को लेकर उत्साह और रोमांच होता ही है. दूसरे यह कि रुपए-पैसे की तंगी के बावजूद राज्य सरकार ने पक्के इरादे के साथ रुतबे और कीमती शानोशौकत का प्रदर्शन करना चुना. चुनाव में बांटी गई रेवड़ियों का बोझ सरकारी खजाने पर साफ दिखाई देता है लेकिन राज्य की अस्मिता के सरोकार को जरा झुकने नहीं दिया गया. मगर वह क्या था, जिसकी बदौलत ऐसा हो पाया?

जेट विमान की खोज कुछ साल पहले शुरू हुई. सरकार के स्वामित्व वाले एक बीचक्राफ्ट किंग एअर बी200 का आधिकारिक जीवनकाल 2019 में पूरा हो रहा था. कमलनाथ सरकार को फैसला करना था. नागरिक विमानन विभाग के सूत्रों का कहना है कि उड्डयन में राजसी दिलचस्पी रखने वाले कमलनाथ शुरुआत में उसकी जगह जेट विमान लेना चाहते थे.
लेकिन जाहिरा तौर पर पायलटों ने उन्हें बताया कि राज्य के भीतर महंगे उड़नखटोले की उपयोगिता कम ही होगी. तब मुख्यमंत्री ने बीचक्राफ्ट किंग एअर बी250 खरीदने का विकल्प चुना. वह विमान 2020 में आया लेकिन तब कमलनाथ सरकारी संयम और सादगी की अपनी चाह का प्रदर्शन न कर सके. उनकी जगह शिवराज सिंह चौहान कुर्सी पर विराजमान हो चुके थे.

वह 65 करोड़ रुपए में खरीदा गया विमान नागरिक और सैन्य दोनों कामों के लिए इस्तेमाल हो सकता था. मई 2021 में रेमडेसिविर इंजेक्शन अहमदाबाद से लाते हुए वह ग्वालियर हवाई अड्डे के रनवे के अरेस्टिंग बैरियर से टकरा गया. वह बी250 विमान घायल होकर अब भी ट्रॉमा वार्ड में सड़ रहा है. आज तक उसे कबाड़ के तौर पर भी कोई खरीदार नहीं मिला.
पछतावा यह कि उसका बीमा भी नहीं करवाया गया था. फिर राज्य किराए पर विमान लेने लगा. 2022 में कहीं जाकर नई खरीद की कोशिशें शुरू हुईं. तकनीकी समिति बनाई गई. पायलट, इंजीनियर, वित्त विशेषज्ञ और राज्य के नागरिक विमानन विभाग के अधिकारी उसके सदस्य थे. अच्छे विमान के लिए आसमानों की खाक छानी जाने लगी.
रफ्तार की दरकार
काफी मनोयोग से अनेक विमानों को निहारने-परखने के बाद विशेषज्ञ समिति ने बिजनेस जेट की सिफारिश की. बताते हैं कि टेक्स्ट्रॉन ने बतौर विक्रेता दिलचस्पी दिखाई लेकिन कीमत 200 करोड़ रुपए से ज्यादा थी, इसलिए योजना को तिलांजलि दे दी गई. 2024 में नए सिरे से प्रक्रिया शुरू हुई. इस बार तकनीकी समिति ने सुपर-मिडसाइज बिजनेस जेट खरीदने का सुझाव दिया.
प्रस्ताव मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति के सामने रखा गया. उसने मंजूरी दे दी. निविदाएं मांगी गईं. बॉम्बार्डियर और एम्ब्रेयर आगे आए. बनिस्बत सस्ते बॉम्बार्डियर को चुनकर मध्य प्रदेश ने फिर सादगी का परिचय दिया.
जेट ही क्यों? पुराना टर्बोप्रॉप क्यों नहीं? खासकर जब वह राज्य के भीतर यात्रा के लिए काफी होता? ध्यान रहे कि राज्य के वीवीआइपी को वाकई ज्यादा दूर का सफर नहीं करना होता है. पहचान उजागर न करने की शर्त पर तकनीकी समिति के एक सदस्य कहते हैं, “सुरक्षा सबसे अहम सरोकार है. जेट ज्यादा ऊंचाई पर उड़ने की क्षमता की वजह से ज्यादा सुरक्षित है. उसकी उड़ान क्षमता भी ज्यादा है और वीवीआइपी का समय बचता है.”
वे यह भी बताते हैं कि बॉम्बार्डियर दोबारा ईंधन भरे बिना 6,300 किमी की उड़ान भर सकता है, जो टर्बोप्रॉप में संभव नहीं. इस क्षमता का पूरा प्रदर्शन करने के लिए मध्य प्रदेश के किसी माननीय को सेंट पीटर्सबर्ग, बीजिंग, टोक्यो, बर्लिन, काहिरा या इंडोनेशिया के पूर्वी छोर पर वेस्ट पापुआ तक रुके बिना उड़ना होगा.
इस पर तब और तरस आता है जब चौतरफा जमीन से घिरे यहां के वीवीआइपी के लिए कोहरे से घिरी दिल्ली ही आम तौर पर शायद सबसे दूर की मंजिल होती है.



टेकऑफ की लागत
यह बेमेल पैमाना दूसरे ढंग से भी दिखाई देता है. बॉम्बार्डियर को टेकऑफ और लैंडिंग के लिए रनवे की कम से कम 1,500-2,000 मीटर की लंबाई चाहिए होती है.
फिलहाल यह मध्य प्रदेश के केवल सात हवाई अड्डों (भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, इंदौर, खजुराहो और दतिया) और तीन हवाई पट्टियों (मंडला, सिवनी और मंदसौर) पर है. बाकी ज्यादातर जिला मुख्यालयों पर हवाई पट्टियां छोटी हैं. बीचक्राफ्ट बी250 इनमें से कई पर उतर सकता था. लेकिन आज यह ऐसी कमी है जिसे अब दुरुस्त करना होगा.
उम्मीद के मुताबिक काम शुरू भी हो चुका है. नागरिक विमानन के आयुक्त चंद्रमौलि शुक्ल कहते हैं, “हमने 20 जगहों पर रनवे के विस्तार की प्रक्रिया शुरू कर दी है.” उनका कहना है कि केंद्र की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना यहां बहुत काम आ रही है, इसलिए बस कुछ ही वक्त की बात है जब बेसब्र बॉम्बार्डियर को मध्य प्रदेश के भीतर उतरने के लिए कई और ठिकाने मिल सकते हैं.
20 रनवे के विस्तार पर 300 करोड़ रुपए से ऊपर खर्च होने की उम्मीद है. इसमें जमीन का अधिग्रहण और मुआवजा भी शामिल है. विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि रनवे का महज विस्तार ही काफी नहीं. बेहतर होगा कि इन हवाई अड्डों पर जेट को रास्ता दिखाने के लिए एअर ट्रैफिक कंट्रोल भी हो.
जेट के पक्ष में सबसे बड़ी दलील यह है कि इससे वीवीआइपी के लिए विमान किराए पर लेने का खर्च बचेगा. विधानसभा में दिए गए एक जवाब के मुताबिक, राज्य ने जनवरी 2021 और नवंबर 2025 के बीच इस बोझिल काम पर 290 करोड़ रुपए खर्च किए. जनवरी 2024 और नवंबर 2025 के बीच, यानी करीब दो साल में राज्य ने विमान किराए पर लेने के लिए 143 करोड़ रुपए खर्च किए. यह साल में 71.5 करोड़ रुपए बैठता है.
तकनीकी समिति के एक सदस्य कहते हैं, “किराए पर विमान न लेने से होने वाली बचत से हम विमान की लागत करीब पांच से 5.5 साल में वसूल लेंगे.” जेट का किराया प्रति घंटे करीब छह लाख रुपए पड़ता है. विमान अपना हो तो संचालन लागत इससे आधी होती है.
एक और मुद्दा सही किस्म का मानवबल है. नए विमान की रेटिंग हासिल करने के लिए मध्य प्रदेश सरकार के फिक्स्ड-विंग विमान पायलट कैप्टन विश्वास राय को प्रशिक्षण लेने अमेरिका जाना पड़ा. सूत्रों का कहना है कि राय के साथ एक और पायलट गए लेकिन तय समय के भीतर रेटिंग टेस्ट पास नहीं कर सके. लिहाजा स्वदेशी को कदम जरा पीछे खींचने होंगे.
पहले साल विमान को एक फॉरेनर एयरक्रू टेम्पररी ऑथराइजेशन (एफएटीए) पायलट उड़ाएगा, जबकि राज्य के पायलट करीब 100 घंटे उनके साथ सह-पायलट के रूप में रहेंगे. नागरिक विमानन विभाग के सूत्रों का कहना है कि एफएटीए पायलट का खर्च विमान की 250 करोड़ रुपए की कीमत में शामिल है. तो इस तरह और भी पैसा बच गया.
हवाई आकांक्षाएं
उड़ने के लिए आलीशान पंखों की तलाश बॉम्बार्डियर पर खत्म नहीं होती. मध्य प्रदेश सरकार के मौजूदा बुढ़ाते हेलिकॉप्टर को बदलने के लिए एअरबस एसीएच 160 हेलिकॉप्टर भी आ रहा है. नागरिक विमानन विभाग का कहना है कि नए हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल स्वाभाविक रूप से उन जगहों की उड़ान भरने के लिए किया जाएगा जहां यह जेट फिलहाल नहीं उतर सकता.
राज्य पर 5.44 लाख करोड़ रुपए के कर्ज का बोझ है. 27,000 करोड़ रुपए तो हर साल केवल ब्याज में चले जाते हैं. ज्यादा चिंता लाडली बहन सरीखी योजना की है, जिस पर हर साल 23,000 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होते हैं और इसका असर राज्य की दूसरी योजनाओं पर भी पड़ा है.
छरहरा और चुस्त उड़नखटोला होने के नाते यह जेट किफायत के इस अफसाने में बहुत खूबसूरत ढंग से फिट बैठता है.

