scorecardresearch
डार्क मोड

महिलाएं अब भी नहीं मानतीं सफर को सुरक्षित

पैदल और साइकिल से चलने वालों के लिए खराब बुनियादी ढांचा सबसे कमजोर तबके यानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों का सफर बनाता है मुश्किल. सड़कों और बस सेवाओं को दिन के हर वक्त सुरक्षित बनाने की दरकार

how india moves/ gender & safety
दिल्ली में किराए को लेकर बात करती एक महिला
अपडेटेड 18 नवंबर , 2026

बड़े आंकड़े देखकर किसी को लग सकता है कि महिलाओं की स्थिति बेहतर है. देशभर में एक किलोमीटर या उससे ज्यादा दूर काम पर जाने वाली महिलाएं पुरुषों के मुकाबले कम खर्च करती हैं—हर महीने 533 रुपए, यानी करीब 37 फीसद कम.

मगर उदैती फाउंडेशन में प्रोग्राम्स ऐंड रिसर्च के वाइस प्रेसिडेंट कार्तिक एम.पी. कहते हैं कि यह आंकड़ा महिलाओं की सुरक्षा पर जोर देने वाली मजबूत परिवहन व्यवस्था का संकेत नहीं है. वे कहते हैं, “इसका मतलब सिर्फ इतना है कि वे कम सफर करती हैं.”

राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण के मुताबिक, 61.9 फीसद पुरुष कामगार रोज एक किलोमीटर या उससे ज्यादा सफर करते हैं, जबकि महिलाओं में यह आंकड़ा केवल 41.9 फीसद है. शहरों में फासला कुछ कम—करीब 14 फीसद अंक—पर गांवों में यह राष्ट्रीय औसत से ऊपर 22 फीसद अंक तक पहुंच जाता है.

कार्तिक कहते हैं कि ये आंकड़े जितना बताते हैं, उससे ज्यादा छिपाते हैं. किसी महिला को असुरक्षा महसूस हो तो वह मेट्रो के बजाय कैब लेती है, मगर सर्वे इसे नहीं पकड़ पाएगा क्योंकि वह केवल तय की गई दूरी दर्ज करता है.

इन्फ्राविजन फाउंडेशन के चीफ एग्जीक्यूटिव तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स के पूर्व निदेशक जगन शाह कहते हैं कि सर्वे में एक किलोमीटर से कम की यात्राएं शामिल न करना बड़ी चूक है, क्योंकि आसपास की यात्राएं और पैदल चलने की जगह दायरे से बाहर हैं.

सीईपीटी यूनिवर्सिटी की फैकल्टी ऑफ प्लानिंग के प्रोफेसर रुतुल जोशी कहते हैं, “महिलाएं पैदल और सार्वजनिक बसों पर कहीं ज्यादा निर्भर हैं.” सर्वे भी इसकी पुष्टि करता है. देशभर में करीब 28 फीसद लोग पैदल काम पर जाते हैं.

शहरों में भी यह आंकड़ा 13.5 फीसद तक है. जोशी कहते हैं कि एक किलोमीटर या उससे ज्यादा पैदल काम पर जाने वाले लोग पैसे बचाते हैं. किसी घरेलू कामगार को देखें, जो दिनभर में कई घरों तक पैदल जाती है लेकिन दूर स्थित कारखाने में ज्यादा वेतन वाली नौकरी नहीं कर पाती. सो, उसकी गरीबी बनी रहती है.

बुनियादी ढांचे की कमियां
समस्या का एक हिस्सा सुरक्षित और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन की कमी है. करीब 22 फीसद शहरी कामकाजी महिलाएं मुख्य साधन के रूप में बस का इस्तेमाल करती हैं. कार्तिक के बताए अध्ययनों से एक चिंताजनक विरोधाभास सामने आता है: 80 से 85 फीसद शहरी महिलाएं सार्वजनिक परिवहन या पैदल चलने पर निर्भर हैं, फिर भी बस या मेट्रो में केवल 20 फीसद खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं.

सरकार की प्राथमिकताएं गलत जगह हैं. महिला सुरक्षा पर होने वाले खर्च में परिवहन सुविधाओं के रखरखाव और महिलाओं के यात्रा पैटर्न की अनदेखी होती है, जिससे वे इन साधनों का इस्तेमाल करने से हतोत्साहित होती हैं. कार्तिक कहते हैं, “सरकारी योजना में जेंडर को मुख्यधारा का हिस्सा नहीं बनाया गया.

आम तौर पर पुरुष घर से दफ्तर जाता है और लौट आता है. महिला को बच्चों को स्कूल छोड़ना, रास्ते में कोई काम निबटाना और फिर नौकरी पर जाना पड़ सकता है. हमारी परिवहन व्यवस्था इसके मुताबिक नहीं बनी है.”

वे बताते हैं कि विएना में पता चला, महिलाएं सफर में कई जगह रुकती हैं तो शहर ने मेट्रो की फ्रीक्वेंसी, समय और रोशनी वैसी ही बनाई. वे कहते हैं, “भारत में औसत यात्री के लिए योजना बनती है और जेंडर को बाद में अलग से जोड़ देते हैं.”

शाह कहते हैं कि नीति का जोर अब भी कारों पर है, जबकि देशभर में केवल तीन फीसद कामगारों के लिए कार मुख्य परिवहन साधन है. शहरों में भी सिर्फ 5.7 फीसद है. उनका कहना है कि सड़कों का डिजाइन बुजुर्ग, बच्चे और महिलाओं के हिसाब से होना चाहिए.

महिलाओं में बस यात्रा बढ़ाने के लिए सरकारें मुफ्त या रियायती टिकट देती हैं. कार्तिक के मुताबिक, रियायती टिकट महिलाओं के लिए ज्यादा अनुकूल हैं. विशेषज्ञों की राय भी है कि मुफ्त यात्रा से ‘गैर-जरूरी सफर’ बढ़ते हैं. महिला के लिए किराए जितनी ही अहम आखिरी छोर तक कनेक्टिविटी और सुरक्षित पैदल रास्ते होते हैं.

अध्ययनों के मुताबिक, किराया ‘बहुत ज्यादा’ न हो तो महिलाएं देने को तैयार हैं. वहीं आइआइटी बंबई के उदयन राठौड़ और आशीष सिंह के फरवरी 2026 के ‘टिकट टु राइड: इम्पैक्ट ऑफ फ्री पब्लिक ट्रांसपोर्ट ऑन विमेन्स वर्कफोर्स पार्टिसिपेशन इन इंडिया’ में पाया गया कि पांच राज्यों में मुफ्त बस यात्रा से रोजगार में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी.

यह राजनीति चुनाव जिताने से कहीं ज्यादा कर सकती है. एक महिला आत्मविश्वास से काम पर जाती है तो दूसरी भी निकलती है. पूरी दुनिया उनका मंच बन सकती है.

ADVERTISEMENT
Advertisement