
बेंगलूरू के एक बुजुर्ग को तो यही लगा था कि घर में रखी पुरानी करेंसी उनकी किस्मत बदल देगी. फेसबुक पर राहुल कुमार जिंदल नाम की आइडी से उनसे संपर्क करने वाले शख्स ने उसके बदले 1.7 करोड़ रुपए देने का वादा किया.
पर उससे पहले टीडीएस, जीएसटी और इनकम टैक्स के नाम पर भुगतान मांगा गया. 6 और 7 अप्रैल, 2026 के बीच बुजुर्ग ने 6.39 लाख रुपए ऑनलाइन भेज दिए. पर करोड़ों की कौन कहे, एक रुपया तक नहीं आया. फिर उनका माथा ठनका. यह तो ठगी थी! उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया.
इंडिया टुडे की पड़ताल में राहुल कुमार जिंदल नाम से पुरानी करेंसी का कारोबार करने वाली आधा दर्जन से ज्यादा फेसबुक प्रोफाइल दिखीं. सोशल मीडिया पर ऐसे विज्ञापनों की भरमार है: ट्रैक्टर वाले पांच रुपए के नोट के पांच लाख रुपए पाएं; खास नंबर वाले नोट के बदले करोड़ों लें. पुरानी पीढ़ी के कुछ नोट-सिक्के घरों में अक्सर मिल ही जाते हैं. जरूरी नहीं वे दुर्लभ भी हों लेकिन ठग उन्हें खजाना बताकर बेचने वाले से ही रकम ऐंठे ले रहे हैं.
हिमाचल प्रदेश के चंद्र प्रकाश भी ऐसे ही फंसे. जुलाई 2026 में सोशल मीडिया पर पुराने सिक्कों के एक वीडियो ने मंडी जिले में सुंदरनगर के बारल गांव के इस बाशिंदे का ध्यान खींचा. उन्होंने दिए नंबर पर फोन किया तो बताया गया कि उनके सिक्के 2.25 करोड़ रुपए में बिक सकते हैं.
उसके बाद फाइल चार्ज और वेरिफिकेशन के नाम पर कई बार में उनसे 7.79 लाख रुपए ले लिए गए. दोनों मामलों में तरीका एक ही था: पहले अविश्वसनीय कीमत बताकर भरोसा जगाओ, फिर उस रकम तक पहुंचने के रास्ते में छोटे-बड़े कथित शुल्क वसूलते जाओ.
ध्यान रहे, पुरानी करेंसी का वास्तविक बाजार भी है, जहां कुछ नोट-सिक्के लाखों में बिकते हैं. पर वहां कीमत पुरानेपन या वायरल वीडियो से नहीं, इससे तय होती है कि करेंसी कितनी दुर्लभ है, वह किस हालत में है, उसका ऐतिहासिक महत्व कितना है. एक जैसा दिखने वाला नोट अलग वर्ष, हस्ताक्षर, सीरीज या छपाई की विशेषता के कारण दूसरे से अलग हो सकता है. असल सवाल यह है कि आपके पास मौजूद चीज उस खास श्रेणी की है भी या नहीं.
पुराने और दुर्लभ का फर्क समझें
सिक्कों और मुद्रा के अध्ययन को न्यूमिस्मैटिक्स कहते हैं. संग्रहकर्ताओं का बाजार इसी जानकारी पर टिका है. किसी वर्ष में कितने सिक्के ढले, किस टकसाल से निकले, नोट की कितनी प्रतियां बचीं और उनमें कितनी अच्छी हालत में हैं—इन तथ्यों से उसका मूल्य बनता है. बड़ी संख्या में उपलब्ध पुरानी करेंसी का खरीदार मिलना भी मुश्किल हो सकता है जबकि कम संख्या में बची किसी खास किस्म की मांग बनी रहती है.
दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में इस साल अप्रैल में लगी प्रदर्शनी में ऐसे ही संग्रहकर्ता और कारोबारी जुटे थे. नोट ग्रेडिंग कंपनी पेपर मनी सर्टिफिकेट सर्विस (पीएमसीएस) भी उसमें भागीदार थी, जिसके डायरेक्टर ब्रेंडन फर्नांडीस दो दशक से ज्यादा से नोट संग्रह कर रहे हैं. उनका कहना है, “सोशल मीडिया पर ज्यादातर गलत सूचनाएं प्रसारित हो रही हैं.” उनके मुताबिक, दुर्लभ नोटों की भी कई किस्में होती हैं; कीमत के लिए सही पहचान और हालत जाननी पड़ती है.
ग्रेडिंग इसमें मदद करती है. विशेषज्ञ नोट के कागज, करारेपन, तोड़-मोड़, दाग, रंग और सुरक्षा विशेषताओं को परखते हैं. सिक्के में घिसावट, सतह, मोटाई, बनावट और दूसरी विशेषताएं देखी जाती हैं. बेहतर हालत कीमत बढ़ा सकती है. यूएनसी यानी अनसर्कुलेटेड वह स्थिति है जिसमें नोट या सिक्का चलन से बचा रहा हो.
हालांकि ग्रेडिंग उसकी प्रामाणिकता और दशा समझने का साधन है, ऊंची कीमत पर बिकने की गारंटी नहीं. फर्नांडीस के अनुसार, आजाद भारत के पांच हजार और दस हजार रुपए के पुराने नोट तथा ब्रिटिश भारत में जारी कुछ विशिष्ट नोट संग्रहकर्ताओं में लोकप्रिय हैं.
नोट कितने का है इस आधार पर कीमत नहीं लगाई जा सकती. उसी नोट की अलग किस्मों और हालत में बड़ा अंतर हो सकता है. डीलर की मांगी कीमत, विशेषज्ञ का अनुमान और नीलामी में मिला असल दाम भी अलग बातें हैं.


धातु से आगे, बारीक पहचान
सिक्कों के मामले में उनका वजन या धातु देखकर फैसला करना पर्याप्त नहीं. मुंबई के संग्रहकर्ता प्रवीण कांकरिया दुर्लभ चांदी के सिक्कों की नकल से सावधान करते हैं. उनके मुताबिक, मोटाई, बनावट और ढलाई की बारीकियां पहचान में मदद करती हैं लेकिन महंगे सिक्कों की विशेषज्ञ जांच जरूरी है.
पुराना दिखाने के लिए तैयार की गई सतह या घिसावट सामान्य खरीदार को धोखा दे सकती है. चांदी असली होने पर भी सिक्का ऐतिहासिक रूप से असली हो, जरूरी नहीं. दिल्ली के संग्रहकर्ता भानु भसीन की मानें तो नकली सिक्कों को पकड़ना मुश्किल होता है.
वे 1996 की दूसरी इंटरनेशनल क्रॉप साइंस कांग्रेस के पांच रुपए के स्मारक सिक्के की मिसाल देते हैं. उनके मुताबिक, असली और नकली में वर्ष के ‘6’ अंक की स्थिति में फर्क दिखा. ऐसे उदाहरण बताते हैं कि इंटरनेट पर तस्वीर देखकर महंगा सौदा करना जोखिम भरा है.
टकसाल की पहचान भी अहम है. आम आधुनिक भारतीय सिक्कों में वर्ष के नीचे मुंबई का हीरे जैसा निशान, हैदराबाद का तारा और नोएडा का बिंदु देखा जा सकता है. कोलकाता की ढलाई में सामान्यतः ऐसा निशान नहीं होता. लेकिन निशान पहचान लेना जांच की शुरुआत है. एक ही डिजाइन के सिक्कों के दाम टकसाल और हालत के कारण बदल सकते हैं.
इसके उलट सोशल मीडिया पर चर्चित दो रुपए के क्रॉस डिजाइन वाले सिक्के, माता वैष्णो देवी के सिक्के या ट्रैक्टर वाले पांच रुपए के नोट अपने आप दुर्लभ नहीं हो जाते. कांकरिया और भसीन का जोर है कि साधारण चलन की करेंसी को लाखों का बताना भ्रम पैदा करता है. केवल मिलता-जुलता चित्र देखकर अलमारी में पड़ा नोट कीमती मान लेना पहली चूक है.
संग्रहकर्ताओं के लिए अहम नोट
भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से खाड़ी देशों के इस्तेमाल के लिए पर्शियन गल्फ नोट और हज यात्रियों के लिए जारी विशेष नोट भारतीय करेंसी संग्रह का दिलचस्प हिस्सा हैं. उनका सीमित ऐतिहासिक उपयोग और बची प्रतियों की संख्या उन्हें सामान्य नोटों से अलग करती है. फर्नांडीस ऐसे बिना इस्तेमाल वाले करारे नोटों की कीमत लाखों में बताते हैं. हज का सौ रुपए वाला लाल नोट भी संग्रहकर्ताओं के बीच लोकप्रिय है.
हर नोट की कीमत उसकी किस्म और हालत पर निर्भर है. ब्रिटिश भारत के पुराने नोटों में भी हस्ताक्षर और सीरीज महत्वपूर्ण होते हैं. खराब हालत वाले हर पुराने नोट का भी खरीदार होगा, यह मानना गलत है. कटे हिस्से, मरम्मत, लिखावट और दाग उसका संग्रह मूल्य प्रभावित कर सकते हैं. खरीदार प्रायः उसी दुर्लभपने के लिए भुगतान करता है जिसे वह पहचान और परख सके.
प्रिंटिंग की गलती, विशेष सीरीज या स्टार नंबर को भी सोशल मीडिया पर आसानी से खजाना बता दिया जाता है. जबकि हर त्रुटि दुर्लभ नहीं और हर स्टार नोट महंगा नहीं होता. उसकी श्रेणी और उपलब्धता देखनी होगी. भसीन बताते हैं कि ट्रैक्टर वाले पांच रुपए के नोटों की पूरी गड्डी बाजार में मिल सकती है, जबकि विज्ञापन एक नोट की कीमत लाखों में बताते हैं.

786 का क्रेज, फैंसी नंबर का गणित
फैंसी नोटों का आकर्षण उनके सीरियल नंबर में होता है. कोई क्रम सुंदर दिखता है, कोई बार-बार दोहराता है और किसी से आस्था जुड़ी होती है. भारत में 786 इसकी सबसे चर्चित मिसाल है. लेकिन नंबर के बीच कहीं 786 आ जाने से हर नोट खास नहीं बन जाता. 000786, 786000 या 786786 जैसे स्पष्ट क्रमों में कीमत अलग हो सकती है. यहां भी नोट की हालत, उपलब्धता और खरीदार की पसंद निर्णायक हैं.
फर्नांडीस के मुताबिक, अच्छी हालत वाले 786786 नंबर के कुछ नोट लगभग 1,500 से 2,000 रुपए में खरीदे-बेचे जाते हैं. इसे हर मूल्यवर्ग और सीरीज का तय भाव नहीं समझना चाहिए. कोई संग्रहकर्ता विशेष नंबर के लिए ज्यादा पैसे दे सकता है, तो दूसरे की उसमें शायद रुचि ही न हो. महज धार्मिक या भावनात्मक महत्व लाखों की कीमत पक्की नहीं करता.
जन्मतिथि जैसे दिखने वाले नंबरों के ‘बर्थडे नोट’ भी इसी बाजार का हिस्सा हैं. मसलन, 151195 को कोई 15 नवंबर, 1995 से जोड़ सकता है. कुछ लोग इन्हें व्यक्तिगत उपहार के लिए खरीदते हैं. एशियाई बाजारों में आठ अंक वाले क्रमों की खासी लोकप्रियता है. लेकिन ऐसी मांग पसंद पर आधारित है. जिस नंबर के लिए एक व्यक्ति प्रीमियम देगा, दूसरा उसे सामान्य नोट की तरह देख सकता है.
फैंसी नंबरों में छेड़छाड़ का जोखिम भी है. फर्नांडीस बताते हैं कि ओवरराइटिंग करके आकर्षक नंबर बनाने की कोशिश होती है. लिहाजा नंबर के साथ छपाई, स्याही और नोट की दूसरी विशेषताएं जांचना जरूरी है.

दाम नीचे भी आते हैं
दुर्लभ करेंसी का मूल्य हमेशा बढ़ता रहे, ऐसा नहीं होता. यहां मांग और आपूर्ति का नियम उतना ही लागू है जितना दूसरे बाजारों में. किसी किस्म की थोड़ी प्रतियां दिखें तो खरीदार ज्यादा भुगतान कर सकता है. बाद में बड़ी संख्या में वही नोट या सिक्का बाजार में आ जाए तो पहले की कीमत टिकना मुश्किल होता है.
भसीन 2021 के पांच सौ रुपए के ‘एच इनसर्ट, 0एए’ नोट की मिसाल देते हैं. उनके मुताबिक, कम उपलब्धता के दौर में इसका भाव करीब 8,000 रुपए पहुंचा था, बाद में लगभग 1,000–1,500 रुपए रह गया. इसी तरह पी.सी. महालनोबिस की 125वीं जयंती से जुड़े पांच रुपए के सिक्के का भाव कुछ समय तक करीब पांच हजार रु. बताया गया. आपूर्ति बढ़ने के बाद 2025 में यह करीब पचास रु. रह गया.
फर्नांडीस एक रुपए के पुराने नोटों की गड्डियों की मिसाल देते हैं, जो उनके मुताबिक दो दशक पहले करीब 4,000 रुपए में बिकती थीं और बाद में करीब 1,5000 रुपए तक पहुंच गईं. ये विशेषज्ञों के बाजार अनुभव हैं, सार्वभौमिक मूल्यसूची नहीं. लेकिन संकेत साफ है: अधिक आपूर्ति कीमत गिरा सकती है.
शौक का बाजार, भरोसे की परीक्षा
दुर्लभ करेंसी संग्रहकर्ताओं, निवेशकों और ट्रेडर्स के बीच घूमती है. कोई इतिहास के लगाव में संग्रह बनाता है, कोई अगली पीढ़ी के लिए सहेजता है और कोई बेहतर दाम मिलने पर बेच देता है. प्रदर्शनियां, विशेषज्ञ डीलर और नीलामी मंच खरीदार-विक्रेता को जोड़ते हैं. इन जगहों पर अलग प्रतियां देखकर समझ बन सकती है.
दिल्ली कॉइन सोसाइटी, रॉयल आर्ट ऐंड न्यूमिस्मैटिक गैलरी और अन्य आयोजकों की प्रदर्शनियों में खरीदार-संग्रहकर्ता मिलते हैं. दूसरे शहरों में भी करेंसी मेले लगते हैं. कारोबारियों के व्हाट्सऐप समूहों में सौदे प्रस्तावित होते हैं. नीलामी मंचों की फीस और शर्तें अलग हो सकती हैं.
जानकारी जुटाने के लिए न्यूमिस्मैटिक किताबें और कैटलॉग उपयोगी हैं. इनमें वर्ष, टकसाल, डिजाइन और किस्म का ब्योरा मिलता है. कुछ लेखक आधिकारिक दस्तावेजों और आरटीआइ से भी जानकारी जुटाते हैं. कैटलॉग का मूल्य सिर्फ संकेत दे सकता है.
नोट नाजुक होते हैं. उंगलियों की चिकनाई, नमी, धूप और गलत रखरखाव उनकी हालत बिगाड़ सकते हैं. फर्नांडीस के मुताबिक, ग्रेडिंग में कागज, मोड़ और सुरक्षा विशेषताओं की दशा देखी जाती है. इसलिए अनावश्यक छूने से बचाना चाहिए. ठग इस जटिल बाजार का आसान संस्करण बेचते हैं: आपके पास नोट है, हम करोड़ों देंगे, पहले शुल्क भेजिए.
कभी रिजर्व बैंक का नाम और लोगो जोड़कर बात को सरकारी रूप देते हैं. आरबीआइ कह चुका है कि वह पुराने नोट-सिक्कों की खरीद-बिक्री नहीं करता और इसके लिए शुल्क या कमिशन मांगने को किसी को अधिकृत नहीं करता.
पुरानी करेंसी में इतिहास भी है और वास्तविक आर्थिक मूल्य भी. पर दोनों समझने में समय लगता है. अब अगर आपके पास दो हजार रुपए के नोट ज्यादा संख्या में है तो उसे रिजर्व बैंक जाकर अब भी बदलवा सकते हैं. कुछ नोट भविष्य के लिए रख सकते हैं.

