scorecardresearch
डार्क मोड

सैर-सपाटे पर बढ़ा जोर

देश के भीतर घूमने-फिरने का ट्रेंड तेजी से बढ़ा. एक दशक पहले की तुलना में सैर-सपाटे लगभग दोगुने हो चुके हैं और इसमें कामकाजी युवा सबसे आगे

how india moves/ domestic travel
how india moves/ domestic travel
अपडेटेड 18 नवंबर , 2026

अब छुट्टियां सिर्फ गर्मियों या सर्दियों के सालाना ब्रेक तक सीमित नहीं रहीं. भारतीय अब जल्दी-जल्दी यात्राएं कर रहे हैं, सप्ताहांत पर निकल पड़ते हैं, अचानक प्लान बनाकर कहीं घूम आते हैं और नए-नए अनुभवों को आत्मसात करने पर दिल खोलकर खर्च करते हैं-चाहे परिवार के साथ छुट्टी बिताना हो या फिर किसी दूसरे शहर में म्यूजिक कंसर्ट देखना या किसी अनजान-सी जगह के लिए रोड ट्रिप हो.

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की तरफ से जुलाई 2025 से जून 2026 के बीच किया गया ताजा घरेलू पर्यटन और व्यय सर्वेक्षण (डीटीईएस) इसकी गवाही देता है. पिछले 365 दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग 35 फीसद और शहरी क्षेत्रों के 38 फीसद परिवारों ने कम से कम एक बार रात की यात्रा की—फिर चाहे वजह घूमना-फिरना हो, इलाज हो या खरीदारी.

2014-15 के डीटीईएस की तुलना में यह आंकड़ा लगभग दोगुना है, तब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सिर्फ 19 फीसद परिवारों ने ऐसी यात्राएं की थीं (यहां एक गौरतलब तथ्यः तीर्थयात्रा पहले के सर्वेक्षण में शामिल नहीं थी). यह बदलाव आंकड़ों में भी दिखता है, पर्यटन मंत्रालय के डेटा के मुताबिक, साल 2019 में घरेलू पर्यटकों की संख्या 23.22 करोड़ थी, जो 2025 में बढ़कर 42.87 करोड़ तक पहुंच गई.

डीटीईएस सर्वे बताता है कि देश के लोग मुख्यत: कैसी यात्रा करते हैं. धार्मिक और तीर्थ यात्राएं सबसे आगे रहीं—कुल रात की यात्राओं में उसका हिस्सा 47.7 फीसद था. उसके बाद 29.6 फीसद यात्राएं स्वास्थ्य तथा इलाज के लिए और 22.1 फीसद यात्राएं छुट्टियों तथा मनोरंजन के लिए हुईं. तुलना करें तो पाएंगे कि 2014-2015 के सर्वे में 65 फीसद यात्राएं केवल स्वास्थ्य तथा इलाज के उद्देश्य से होती थीं.

ग्रामीण और शहरी भारत के यात्रा ट्रेंड में काफी अंतर है. भले 2025-2026 में धार्मिक यात्राएं सबसे ऊपर रहीं लेकिन शहरी इलाकों में रातभर की यात्राओं का 36.4 फीसद हिस्सा छुट्टियों और मनोरंजन के लिए था, जबकि ग्रामीण इलाकों में यह सिर्फ 12.5 फीसद था. इसके विपरीत, ग्रामीण क्षेत्रों में 38.4 फीसद यात्राएं इलाज के लिए हुईं, जबकि शहरी क्षेत्रों में इलाज के लिए सिर्फ 16.5 फीसद यात्राएं हुईं.

मेकमाइट्रिप के सह-संस्थापक तथा ग्रुप सीईओ राजेश मागो के मुताबिक, आज कई नए तरह के सैलानी उभरकर सामने आए हैं और सभी तेजी से बढ़ रहे हैं—चाहे अकेले सफर करने वाले हों, सिर्फ महिलाओं या पुरुषों के समूह हों, या फिर युवा जोड़े और पूरा परिवार. जेन-ज़ी और कामकाजी युवा जोड़े आज सबसे तेजी से बढ़ते सैलानी हैं.

इसके अलावा ग्रुप ट्रैवल भी एक नया ट्रेंड है. 2024-2025 के सर्वे के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों के लोग छुट्टियों और मनोरंजन के लिए बड़े समूहों में यात्रा करना पसंद करते हैं, जबकि शहरी परिवार धार्मिक यात्राओं के लिए बड़े समूह में जाते हैं.

डीटीईएस से यह भी पता चलता है कि गांव और शहर के लोग कैसे सफर करते हैं. रात में सफर वाली यात्राओं के लिए ग्रामीण परिवारों में बस सबसे लोकप्रिय साधन रही (32 फीसद), जबकि शहरी परिवारों ने ट्रेन को ज्यादा तरजीह (35.1 फीसद) दी.

देश में एक बड़ा बुनियादी बदलाव यह आ रहा है कि अब लोग ज्यादा प्रीमियम और बेहतर अनुभवों की मांग कर रहे हैं. रेडिसन होटल ग्रुप के दक्षिण एशिया एमडी तथा सीओओ निखिल शर्मा बताते हैं कि उनके 100 नए होटल पाइपलाइन में हैं, जिनमें आधे टियर-3 और टियर-4 शहरों में बन रहे हैं.

हालांकि, बेहतर रहने की जगह चुनने का यह बदलाव पूरे देश में एक समान नहीं है. शहरी इलाकों में होटल और गेस्ट हाउस सबसे लोकप्रिय (35.9 फीसद ठहराव, जो 2014-15 में 25.8 फीसद था) रहे.

सबसे बड़ा बदलाव ग्रामीण इलाकों में आया है, जहां अब केवल 41 फीसद परिवार ही गैर-व्यावसायिक जगहों (जैसे किसी परिचित का घर, मुफ्त धर्मशालाएं आदि) में ठहरना पसंद करते हैं, जबकि 2014-2015 में यह आंकड़ा 91 फीसद से भी ज्यादा था.

पर्यटन विशेषज्ञों का कहना है कि अगला चरण सैलानियों के बढ़ने या नई जगहों पर नहीं, बल्कि इस पर निर्भर करेगा कि क्या सैलानियों को बेहतर अनुभव दे पाते हैं.

ADVERTISEMENT
Advertisement