
घरेलू यात्रा व्यय सर्वेक्षण (डीटीईएस) 2025-26 के मुताबिक, पिछले साल देश में रात में ठहरने वाली कुल घरेलू यात्राओं में तीर्थ और धार्मिक यात्राओं की हिस्सेदारी 48 फीसद थी. इससे पता चलता है कि तीर्थ और आध्यात्मिक केंद्रों की यात्रा देश के यात्रा और पर्यटन उद्योग में सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में शामिल हो गई है.
फेडरेशन ऑफ एसोसिएशंस इन इंडियन टूरिज्म ऐंड हॉस्पिटैलिटी (फेथ) के महासचिव राजीव मेहरा बताते हैं कि पहले तीर्थयात्रा को सैर-सपाटे के बजाए तपस्या माना जाता था. यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के बावजूद खर्च कम था. वे कहते हैं, “संगठित क्षेत्र धार्मिक शहरों से दूर रहता था, लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल गई है.”
मेकमाइ ट्रिप की पिलग्रिमेज ट्रैवल ट्रेंड्स 2025 रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि तीर्थ शहरों में महंगी बुकिंग बढ़ रही है. हालांकि 71 फीसद बुकिंग एक रात के 4,500 रुपए से कम कीमत वाले कमरों की होती है लेकिन वित्त वर्ष 2024-25 में 7,000 से 10,000 रुपए के कमरों की बुकिंग 24 फीसद बढ़ गई है.


मेकमाइ ट्रिप के सह-संस्थापक और ग्रुप सीईओ राजेश मागो कहते हैं कि तीर्थयात्रा के साथ सैर-सपाटा जोड़ने वाले यात्रियों से भी मांग बढ़ रही है. वित्त वर्ष 2024-25 में मेकमाइ ट्रिप के कुल हॉलिडे पैकेज में 52 फीसद बुकिंग धार्मिक स्थलों के लिए हुईं, जबकि 48 फीसद यात्रियों ने आस्था के साथ घूमने-फिरने वाला अनुभव चुना. इसलिए वाराणसी, पुरी, अयोध्या, ऋषिकेश और उज्जैन जैसे तीर्थ शहरों में वेलनेस, हेरिटेज वॉक और पैदल भ्रमण जैसी सेवाएं दी जा रही हैं.
पहले धार्मिक स्थलों की यात्रा कुंभ मेले जैसे आयोजनों के आसपास तेज होती थी. आज यह सालभर चलने वाली अर्थव्यवस्था बन गई है. माता वैष्णो देवी का उदाहरण लें. भूस्खलनों के बावजूद सितंबर में मंदिर में 1.85 लाख श्रद्धालु पहुंचे. इससे पता चलता है कि गर्मियों के चरम सीजन के अलावा भी सालभर यात्रियों का आना जारी रहता है.
आध्यात्मिक यात्रियों की तस्वीर भी बदल रही है. ऑनलाइन बस टिकट प्लेटफॉर्म रेडबस के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में आध्यात्मिक यात्रा की 53 फीसद बुकिंग जेन ज़ी और युवा यात्रियों ने की. लोकप्रिय मार्गों में बेंगलूरू-तिरुपति, हैदराबाद-तिरुपति, ऋषिकेश-दिल्ली, पुणे-नांदेड़, चेन्नै-तंजावुर और इंदौर-उज्जैन शामिल थे.
नए बुनियादी ढांचे से भी मदद मिली है. महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और नए रूप में तैयार अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन ने राम मंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या आने वाले पर्यटकों की तेज बढ़ोतरी संभालने में मदद की.
फेथ के मेहरा कहते हैं कि अब इस बढ़ती मांग को पर्यटन सर्किट में बदलना होगा, ताकि तीर्थयात्री दो से चार दिन तक रुकें. डीटीईएस के मुताबिक, रात को ठहरने वाली यात्राओं में तीर्थयात्रा की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा थी, लेकिन सर्वे में शामिल चार उद्देश्यों—छुट्टी और मनोरंजन, इलाज, खरीदारी तथा तीर्थ और धार्मिक यात्रा—में इसका औसत खर्च सबसे कम, करीब 7,694 रुपए प्रति यात्रा था.
केंद्र ने तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक विरासत संवर्धन अभियान (प्रशाद) शुरू किया है. इसके तहत राज्य सरकारों को तीर्थस्थलों पर पर्यटन का बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए वित्तीय मदद मिलती है लेकिन इसका असर क्या है, यह अभी दिखाई देना बाकी है.

ईवाइ इंडिया में इकोनॉमिक डेवलपमेंट एडवाइजरी, स्ट्रैटेजी ऐंड ट्रांजैक्शंस के पार्टनर आदिल जैदी कहते हैं कि तीर्थ शहरों में भीड़, शौचालयों और सार्वजनिक परिवहन की कमी, बेतरतीब आवास तथा जल संसाधनों पर दबाव जैसी चुनौतियां दूर करनी होंगी.
वे कहते हैं, “तीर्थस्थलों का प्रबंधन जीवंत शहरी तंत्र के रूप में होना चाहिए. क्षमता की योजना केवल सालाना यात्रियों की संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि सबसे व्यस्त दिन और घंटों की मांग के मुताबिक बननी चाहिए.”

