
यह बात है 31 अक्तूबर, 2026 की रात की. भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (इंडिया ब्लॉक) की पहली नवंबर की रैली से 24 घंटे पहले दिल्ली का रामलीला मैदान दलदल बना हुआ था. भारी बारिश से मैदान में पानी भर गया था और राजधानी में विपक्ष के हजारों कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद के बीच कांग्रेस के सामने शर्मिंदगी भरा इंतजामी संकट खड़ा हो गया.
तभी सेवा दल के मुख्य संयोजक बी.वी. श्रीनिवास, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और दूसरे नेता मोर्चा संभालने उतर पड़े. स्वयंसेवकों ने पानी निकाला और डंपरों से सूखी मिट्टी डालकर कीचड़ वाले हिस्से भरे. सुबह तक मैदान तैयार था. दिनभर सेवा दल के 3,000 स्वयंसेवकों ने लोगों का मार्गदर्शन किया, प्रवेश द्वार संभाले और प्यासे लोगों को पानी पिलाया.
हालांकि श्रीनिवास इसका श्रेय लेने से इनकार करते हैं, “हमारे स्वयंसेवक मैदान पर दिखाई दे रहे थे, इसलिए कई लोगों ने रैली की सफलता का श्रेय सेवा दल को दिया. कांग्रेस नेताओं और हमारे अगुआ संगठनों ने इसकी कामयाबी के लिए बहुत बारीकी से योजना बनाई और मेहनत की.” मगर राहुल गांधी के लिए यह झलक थी कि पार्टी का सबसे पुराना स्वयंसेवी संगठन जमीनी ताकत के रूप में क्या कर सकता है.
कठिन सवाल यह है कि दशकों तक पार्टी अधिवेशनों में कालीन बिछाने वाला संगठन क्या अब वह स्थायी काडर बन सकता है जिसकी राहुल एक दशक से तलाश कर रहे हैं—ऐसा काडर जो सत्तारूढ़ भाजपा की मातृ संस्था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मुकाबला कर सके.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 26 जून को संगठन में फेरबदल करते हुए कर्नाटक के 45 वर्षीय ओबीसी नेता श्रीनिवास को लालजी देसाई की जगह मुख्य संयोजक बनाया. पार्टी के अंदरूनी लोगों के मुताबिक, इस नियुक्ति पर राहुल की छाप थी.
भारतीय युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास को 2021 में कोविड की दूसरी लहर के दौरान स्वयंसेवकों का कमान सेंटर चलाने के कारण ‘ऑक्सीजन मैन’ कहा गया था. उनकी पहचान ऐसे जमीनी संगठनकर्ता की है जो विरोध प्रदर्शन की जगहों और सेवा केंद्रों, दोनों पर समान रूप से सहज रहता है.
सेवा के दो स्कूल
राहुल 2014 के बाद से कांग्रेस की हार को संगठन के भीतर से खोखला होने का संकेत मानते हैं. उनके मुताबिक, भाजपा की ताकत आरएसएस की बूथ स्तर तक फैली विशाल मशीनरी, वैचारिक प्रशिक्षण और सामुदायिक नेटवर्क में है. वे सेवा दल को “कांग्रेस की विचारधारा की रीढ़ और रक्षक” तथा उसकी “रक्षा की पहली पंक्ति” बनाना चाहते हैं. गौरतलब है कि आरएसएस के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार 1925 में नागपुर में संघ की स्थापना करने से पहले सेवा दल के कार्यकर्ता थे.
हालांकि दोनों की वैचारिक जड़ों और संगठन की भूमिका में बुनियादी फर्क है. सेवा दल एक राजनैतिक पार्टी का अंग है. उसके विचार स्वतंत्रता आंदोलन से निकले हैं: अहिंसा, बहुलता, संवैधानिक नागरिकता और धर्म तथा जाति की दीवारों से ऊपर उठकर सेवा.
इसके उलट, आरएसएस का मकसद हिंदू सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और सामाजिक संगठन है. वह भाजपा से अलग काम करता है, मगर उसके प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की कई पीढ़ियां पार्टी के नेतृत्व और चुनावी मशीनरी का हिस्सा बनी हैं.

आरएसएस अपनी नियमित गतिविधियों के जरिए काडर तैयार करता है. आम तौर पर स्वयंसेवक की शुरुआत स्थानीय शाखा से होती है. रोज एक घंटे लगने वाली शाखा भगवा ध्वज को प्रणाम करने से शुरू होती और संघ की प्रार्थना से खत्म होती है.
बीच में खेल, कसरत, गीत-गान और वैचारिक चर्चा होती है. हर शाखा को एक मुख्य शिक्षक चलाता है. जहां रोज शाखा नहीं लगती, वहां साप्ताहिक मिलन और मासिक मंडली होती है. आरएसएस में सदस्यता का कोई औपचारिक आवेदन नहीं होता. नियमित रूप से आने से ही व्यक्ति संगठन से जुड़ जाता है.
लंबे प्रशिक्षण के जरिए भावी संगठकों की पहचान की जाती है और उन्हें अनुभवी नेताओं से जोड़ा जाता है. स्वयंसेवक अलग-अलग अवधि के आवासीय शिविरों की सीढ़ियां चढ़ते हैं. इन शिविरों में शाखा चलाने और स्थानीय सेवा गतिविधियां आयोजित करने का प्रशिक्षण मिलता है.
इसका विस्तार विशाल है. आरएसएस ने चार नवंबर को बताया कि उसकी 99,423 दैनिक शाखाएं, 34,982 साप्ताहिक मिलन और 14,096 मासिक मंडलियां हैं. उसका दावा है कि शताब्दी जनसंपर्क अभियान 10 करोड़ से ज्यादा घरों तक पहुंचा है.
दूसरी ओर, सेवा दल को फिर खड़ा करने की पहली कोशिश जून 2018 में हुई, जब राहुल ने गुजरात के कार्यकर्ता लालजी देसाई को मुख्य संयोजक चुना. देसाई ने स्वयंसेवकों से नेताओं के निजी सहायक जैसा काम कराने की परंपरा खत्म की और तय किया कि सलामी केवल राष्ट्रीय ध्वज को दी जाएगी.
आरएसएस के तौर-तरीकों से सीख लेते हुए एक हजार शहरों में हर महीने तिरंगा फहराने का ‘ध्वज वंदन’ और हर हफ्ते ‘रवि मिलन’ की योजना बनी. रवि मिलन में गांधी के भजनों के साथ बहुलता, बेरोजगारी और दूसरे मुद्दों पर चर्चा होती थी. युवा ब्रिगेड और सेवा दल की डिजिटल इकाइयां भी नए प्रयोग का हिस्सा थे.
फिर भी इस मुकाबले में आरएसएस बहुत आगे है. सबसे अहम बात यह है कि संघ कार्यकर्ताओं के उलट सेवा दल के स्वयंसेवकों को राजनीति में आगे बढ़ने का रास्ता शायद ही मिलता है. राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लगभग अकेले ऐसे नेता हैं जो सेवा दल से निकलकर ऊंचे पद तक पहुंचे. सेवा दल को 2022-23 की भारत जोड़ो यात्रा में मौका मिला, जिसने उसे राष्ट्रीय पहचान दी.
कन्याकुमारी से कश्मीर तक राहुल की 4,000 किलोमीटर की पदयात्रा में सेवा दल के स्वयंसेवकों ने रोज ध्वजारोहण कराया, जुलूस के आगे तिरंगा लेकर चले और स्थानीय स्तर पर लोगों को जुटाने में मदद की. पहली बार संगठन पार्टी के कार्यक्रमों का इंतजाम करने से ज्यादा बड़ी भूमिका निभाता दिखाई दिया.
नई रणनीति
नए प्रमुख श्रीनिवास ने देसाई की रखी बुनियाद को कायम रखते हुए उसमें ज्यादा धारदार राजनैतिक तेवर जोड़ा है. वे अपने काडर को “राहुल गांधी के सच्चे बबर शेर” कहते हैं. उनका कहना है कि वे आरएसएस प्रचारकों का मुकाबला करने के लिए वैचारिक संवाद करने वाले “सेवा दल विचारक” तैयार कर रहे हैं. उनके दो लक्ष्य हैं—मजबूत प्रशिक्षण व्यवस्था और युवाओं के बीच बड़े पैमाने पर भर्ती.
सदस्यता अभियान कई मोर्चों पर चलाया जा रहा है. ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर ऐसे युवाओं को जोड़ने की योजना है, जो कांग्रेस या सेवा दल के इतिहास के बारे में बहुत कम जानते हैं. श्रीनिवास स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में पार्टी की भूमिका बताने के लिए देशव्यापी दौरे की भी योजना बना रहे हैं.
ऑनलाइन सदस्यता पोर्टल पर तीन नवंबर तक 34 भौगोलिक श्रेणियों में 32,863 रजिस्ट्रेशन दर्ज थे. वे भारतीय युवक कांग्रेस के अपने पुराने नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं, खासकर ऐसे कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए जो पद या तरक्की न मिलने के बावजूद सक्रिय रहे. साथ ही सेवा दल में दशकों से बिना किसी राजनैतिक लाभ के काम कर रहे पुराने कार्यकर्ताओं को भी तलाश रहे हैं.

सेवा इसका मुख्य भर्ती माध्यम है. #एसओएससेवादल के तहत स्वयंसेवकों ने असम, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और नेपाल में बाढ़ राहत अभियान चलाए. असम में लोगों को बचाया और भोजन तथा जरूरी सामान की किट बांटीं.
‘सेवा साथी’ कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य और नेत्र शिविर तथा रक्तदान अभियान लगाए जाते हैं, मरीजों के लिए खून का इंतजाम किया जाता है, तालाबों और समुद्र तटों की सफाई होती है और आदिवासी बच्चों को पढ़ाई में मदद तथा काउंसलिंग दी जाती है. कानूनी सहायता प्रकोष्ठ बनाने की भी योजना है.
हालांकि उसका सबसे अलग प्रयोग छात्रों पर केंद्रित है. दिवंगत राजीव गांधी की जयंती पर सेवा दल ने 100 से ज्यादा जगहों पर ओएमआर शीट के जरिए परीक्षा की तरह क्विज कराए. श्रीनिवास के मुताबिक, इनमें हजारों छात्र शामिल हुए.
सवालों के जरिए छात्रों को कांग्रेस के विचारों से परिचित कराने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे माहौल का अनुभव दिया गया. मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और तेलंगाना में मिले रेस्पॉन्स से यह समझने में भी मदद मिली कि स्थानीय नेटवर्क कहां ठीक से काम कर रहा है और कहां कमजोर है.
परीक्षा 2027 की
यह संगठन अभी अपना बड़ा विस्तार साबित नहीं कर पाया है. राष्ट्रीय सदस्यता, प्रशिक्षण शिविरों या तैनात कार्यकर्ताओं का कोई सत्यापित आंकड़ा सार्वजनिक नहीं है. देसाई ने 700 जिलों में इकाइयां होने और सितंबर 2021 तक 3.70 लाख सक्रिय सदस्यों का दावा किया था. श्रीनिवास कहते हैं कि इसका ऑडिट चल रहा है और साल के आखिर तक सदस्यता तथा ढांचे का आकलन सामने आ जाएगा.
श्रीनिवास की असली परीक्षा 2027 में होगी, जब कुल 940 विधानसभा सीटों वाले सात राज्यों में चुनाव होंगे. 1980 के दशक, 2010 और 2018 में हुए पुनर्जीवन अभियान स्थायी असर नहीं छोड़ पाए थे. उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में साल की शुरुआत तथा गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बाद में चुनाव होने की उम्मीद है.
रामलीला मैदान जैसा अभियान हजारों ग्रामीण बूथों पर दोहराने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व का लगातार समर्थन, पैसा और राज्य इकाइयों तथा दूसरे अगुआ संगठनों से तालमेल चाहिए. सेवा दल के पुनर्जीवन की असली कसौटी यह नहीं होगी कि किसी राष्ट्रीय रैली में कितने कार्यकर्ता पहुंचे, बल्कि यह होगी कि चुनावों के बीच कितने लोग अपने गांवों और कस्बों में सक्रिय बने रहे.

