scorecardresearch
डार्क मोड

मुस्लिम वोट के लिए मशक्कत

विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में ओवैसी की सक्रियता, सपा के पीडीए समीकरण, कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव और भाजपा के पसमांदा संपर्क अभियान के बीच नजरें अब मुसलमान मतदाताओं की भूमिका पर

vidhansabha chunav uttar pradesh
रामपुर में आजम खां की पत्नी तजीन फातिमा और परिजनों से मिलते सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव
अपडेटेड 11 नवंबर , 2026

रामपुर में 22 अक्तूबर की सुबह 10 बजे से जौहर विश्वविद्यालय में हेलीपैड और आसपास साफ-सफाई का काम तेज हो गया था. कुछ ही देर में लखनऊ से आए सुरक्षाकर्मियों ने हेलीपैड को अपने कब्जे में ले लिया. दोपहर ठीक सवा बजे समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर उतरा.

अखिलेश यहां से सीधे रामपुर जेल पहुंचे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां बंद हैं. घंटे भर की मुलाकात के बाद जेल से बाहर निकलकर अखिलेश ने कहा, “आजम खां थे, आजम खां हैं और आजम खां रहेंगे. सपा आजम खां के साथ है. भाजपा सरकार ने राजनैतिक द्वेष के चलते आजम खां पर मुकदमे दर्ज कराए हैं. 2027 के चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल कर इन जुल्मों का हिसाब लेगी.”

इसके बाद अखिलेश जेल के बगल स्थित आजम के घर पहुंचे और उनकी पत्नी तजीन फातिमा तथा बड़े बेटे अदीब से मुलाकात की. अदीब के कंधे पर हाथ रखकर उनके साथ खड़े अखिलेश ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और उनके परिवार के साथ अपने रिश्तों का संदेश देने की कोशिश की.

यह मुलाकात इसलिए भी अहम थी क्योंकि इससे महज चार दिन पहले 18 अक्तूबर को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी रामपुर पहुंचे थे. उन्होंने आजम खां के प्रति हमदर्दी जताने के साथ अखिलेश यादव पर मुसलमानों का राजनैतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था.

अखिलेश इससे पहले 8 अक्तूबर, 2025 को आजम खां से मिलने रामपुर आए थे. विधानसभा चुनाव नजदीक आने के बावजूद दोनों नेताओं के बीच दूरी को लेकर सपा समर्थकों की नाराजगी सोशल मीडिया पर सामने आती रही थी.

5 अक्तूबर को लखनऊ में अखिलेश से मुलाकात के बाद तजीन फातिमा भी उनके रामपुर आने की बात कह चुकी थीं. ऐसे में ओवैसी की रैली के बाद अखिलेश का रामपुर पहुंचना मुस्लिम राजनीति में उभर रही प्रतिस्पर्धा के बीच अहम हो गया.

जेल में मुलाकात के बाद अखिलेश ने कहा कि आजम खां के साथ प्रदेश की विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों और गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर भी चर्चा हुई. इस बयान ने चुनाव से पहले आजम की सियासी भूमिका का संकेत दिया.

मुरादाबाद मंडल की 27 विधानसभा सीटों पर मुस्लिम मतदाताओं की बड़ी हिस्सेदारी है. 2022 में इनमें से 10 भाजपा को और 17 सपा को मिली थीं. रामपुर और आसपास के जिलों में आजम खां का प्रभाव सपा के लिए लंबे समय से अहमियत रखता है.

राजनैतिक विश्लेषकों की मानें तो आजम के कानूनी मामलों और सजा के कारण चुनावी राजनीति में उनकी प्रत्यक्ष भूमिका सीमित हो सकती है लेकिन रामपुर के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उनके समर्थकों और राजनैतिक संपर्कों का महत्व बना हुआ है.

मुस्लिम मतदाताओं के एक हिस्से में उनके प्रति हमदर्दी भी है. ऐसे में सपा के लिए आजम से दूरी का आरोप सियासी चुनौती बन सकता है. अखिलेश के रामपुर दौरे ने इस मुद्दे पर पार्टी का रुख सार्वजनिक किया लेकिन इसके साथ ही मुस्लिम मतदाताओं के बीच नेतृत्व और प्रतिनिधित्व की बहस भी सामने आई.

2011 की जनगणना के अनुसार यूपी में मुसलमानों की आबादी 19.26 फीसद से ज्यादा है. एक अनुमान के मुताबिक, यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 73 पर मुस्लिम आबादी 30 फीसद से ज्यादा, 70 पर 20-30 फीसद और 260 सीटों पर 20 फीसद से कम है.

यूपी में 50 फीसद से ज्यादा मुसलमान आबादी वाले जिले मुरादाबाद और रामपुर हैं. बिजनौर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और अमरोहा में आबादी 40-50 फीसद के बीच है. 30-40 फीसद के बीच मुसलमान आबादी वाले जिले बलरामपुर, बरेली, मेरठ, बहराइच, संभल, हापुड़ और श्रावस्ती हैं. 11 जिलों में यह आबादी 20-30 फीसद के बीच है.

टांडा (रामपुर) इलाके में रैली के दौरान कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकारते एआइएमआइएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी

रामपुर में ओवैसी की 18 अक्तूबर की रैली इसी बहस को आगे बढ़ाने वाली थी. टांडा क्षेत्र में हुई सभा में उन्होंने आजम खां की रिहाई के लिए दुआ की और अखिलेश पर उनकी उपेक्षा का आरोप लगाया. ओवैसी ने कहा, “हम किसी नेहरू, गांधी या यादव को अपना नेता नहीं बनाएंगे.”

उन्होंने मुस्लिम युवाओं को स्वतंत्र राजनैतिक नेतृत्व में आगे आने की अपील की. उनके भाषण में ‘अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा’ का उल्लेख भी था, जिसके जरिए उन्होंने मुस्लिम कार्यकर्ताओं की भूमिका को केवल दूसरे दलों के चुनावी अभियानों तक सीमित रखने पर सवाल उठाया.

इससे पहले 12 अक्तूबर को आजमगढ़ की रैली में भी ओवैसी ने अखिलेश को निशाने पर लिया था. उन्होंने आरोप लगाया कि मुलायम सिंह यादव और अखिलेश के नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय ने सपा का साथ दिया लेकिन उसे स्वतंत्र नेतृत्व विकसित करने के पर्याप्त अवसर नहीं मिले. 25 अक्तूबर को कैराना की रैली में भी ओवैसी ने मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में राजनैतिक विकल्प और प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया.

एआइएमआइएम ने 14 जून को बहराइच के मटेरा विधानसभा क्षेत्र में सभा के साथ 2027 के चुनाव का अभियान शुरू किया था. यहां शौकत अली को संभावित उम्मीदवार के रूप में पेश करने और अकेले चुनाव लड़ने की स्थिति में बड़ी संख्या में प्रत्याशी उतारने की बात कही गई. सितंबर में कानपुर में सभा के बाद पार्टी ने श्रावस्ती और आजमगढ़ में कार्यक्रम किए.

हालांकि विधानसभा चुनावों में एआइएमआइएम का प्रदर्शन सीमित रहा है. 2022 के चुनाव में पार्टी ने करीब 100 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे लेकिन उसे कुल 0.43 फीसद वोट मिले. मुबारकपुर और शाहगंज जैसी सीटों पर उसे अपेक्षाकृत बेहतर समर्थन मिला. नगर निकाय चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन थोड़ा बेहतर रहा.

2017 के निकाय चुनाव में उसने 78 उम्मीदवार उतारे और 29 सीटें जीतीं. 2023 के निकाय चुनाव में पार्टी ने पांच नगर पालिका परिषद सीटों पर जीत दर्ज की और 83 पार्षद चुनवाने में सफलता पाई थी.

ओवैसी इस सफलता को विधानसभा चुनाव में दोहराना चाहते हैं. सपा अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इकबाल कादिरी कहते हैं, “यूपी के मुसलमानों को पता है कि सपा उनकी एकमात्र हितैषी पार्टी है. ओवैसी के पास मुसलमानों के हित की कोई योजना नहीं, सिवाय सपा की आलोचना करने के.”

ओवैसी की रैलियों के बीच सपा मुस्लिम मतदाताओं से संपर्क बनाए रखने के लिए संगठनात्मक गतिविधियों पर जोर दे रही है. पार्टी सार्वजनिक मंचों पर मुस्लिम मुद्दों को अलग से राजनैतिक केंद्र में रखने के बजाए पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के व्यापक सामाजिक गठजोड़ के तहत संवाद कर रही है.

कादिरी बताते हैं कि पार्टी नेता, विधायक और सांसद अपने क्षेत्रों में पीडीए पंचायतों के जरिए मुस्लिम बहुल इलाकों में लोगों से मिल रहे हैं. “इन बैठकों में सपा सरकार के दौरान मुसलमानों के लिए शुरू की गई योजनाओं का जिक्र किया जा रहा है. इसके साथ ही योगी सरकार के दौरान मुसलमानों के साथ भेदभाव, कथित फर्जी एनकाउंटर, वक्फ और मस्जिदों पर कार्रवाई जैसे मुद्दे भी उठाए जा रहे हैं.”

सपा के सामने मुस्लिम मतदाताओं के बीच भरोसा बनाए रखने के साथ अपनी सियासी छवि मुस्लिम-यादव समीकरण तक सीमित न रहने देने की भी चुनौती है. जून 2025 में सपा ने पसमांदा मुस्लिम समुदाय के बीच सालभर संपर्क अभियान चलाने की ऐलान किया था. योजना के तहत सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें, जिला स्तरीय सम्मेलन और चुनाव से पहले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए.

उत्तर प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद का सम्मान करते पार्टी कार्यकर्ता

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनीस मंसूरी इस अभियान में अहम भूमिका निभाते रहे हैं. वे पसमांदा समाज से राजनैतिक प्रतिनिधित्व और दूसरे मुद्दे उठाते रहे हैं. अयोध्या के रुदौली निवासी और मुसलमानों के सामाजिक उत्थान के लिए काम कर रहे सैयद कासिम कहते हैं, “सपा के सामने मुसलमान मतदाताओं का भरोसा बनाए रखने और व्यापक सामाजिक गठजोड़ को मजबूत करने की चुनौती है. समुदाय के भीतर भी अलग-अलग सामाजिक वर्गों और स्थानीय नेतृत्व की राजनैतिक अपेक्षाएं हैं.”

सपा की रणनीति का एक हिस्सा दूसरे दलों के मुसलमान नेताओं को साथ जोड़ना भी है. इसी साल 15 फरवरी को पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी सपा में शामिल हुए. बसपा के संस्थापक सदस्यों में शुमार सिद्दीकी मायावती सरकार में चार बार मंत्री रहे. 2017 में वे कांग्रेस में जा लगे और फिर उसे भी विदाई दे दी.

बुंदेलखंड के बांदा के अलावा अवध के कुछ हिस्सों में उनका जनाधार रहा है. बसपा सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री रहे अनीस अहमद खान उर्फ फूल बाबू ने भी 15 फरवरी को सपा की सदस्यता ली. पीलीभीत की बीसलपुर सीट से विधायक रह चुके फूल बाबू ने 2024 का लोकसभा चुनाव बसपा के टिकट पर पीलीभीत से लड़ा था.

उनके आने से सपा को रुहेलखंड में पुराने राजनैतिक संपर्क फिर सक्रिय करने का अवसर मिला. एआइएमआइएम से जुड़े रहे दानिश खान भी इसी कार्यक्रम में सपा में शामिल हुए. 29 अगस्त, 2026 को एआइएमआइएम के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अब्दुल मन्नान ने सपा की सदस्यता ली.

वे उतरौला विधानसभा सीट से एआइएमआइएम के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं और बलरामपुर क्षेत्र में पार्टी के प्रमुख चेहरों में गिने जाते थे. पीलीभीत के पूर्व बसपा प्रत्याशी शान-ए-अली का सपा में आना भी इसी सिलसिले की एक कड़ी है. वे पूर्व मंत्री रियाज अहमद के बेटे हैं. उनके जरिए सपा पीलीभीत में पुराने सियासी संपर्कों और स्थानीय विरासत को साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है.

सपा की सहयोगी कांग्रेस भी उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं के बीच संगठनात्मक आधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है. 2 अक्तूबर को सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उनकी राजनैतिक पकड़ और मुस्लिम मतदाताओं के बीच पहचान को देखते हुए इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना गया.

इससे कांग्रेस ने मुस्लिम नेतृत्व को प्रदेश संगठन में अहम जिम्मेदारी देने का संकेत दिया. 18 सितंबर को कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी ने उत्तर प्रदेश के लिए 100 सदस्यीय राज्य सलाहकार परिषद गठित की. इसके जरिए अल्पसंख्यक विभाग के संगठनात्मक काम और समुदाय के साथ संवाद को मजबूत करने की कोशिश की गई.

कांग्रेस ने मुस्लिम बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, वकीलों, डॉक्टरों, पूर्व अधिकारियों और धार्मिक विद्वानों से मुलाकात के जरिए उनकी समस्याएं समझने की पहल भी की है. 5 अगस्त को पार्टी के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने लखनऊ में मुस्लिम बुद्धिजीवियों के साथ संवाद किया था.
इसी तर्ज पर भाजपा ने भी संगठन में मुस्लिम नेताओं को जिम्मेदारियां देकर समुदाय के भीतर पहुंच बढ़ाने की कोशिश की है.

अगस्त में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति रहे प्रो. तारिक मंसूर को दोबारा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया. मेरठ के कुंवर बासित अली को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया.

बासित इससे पहले उत्तर प्रदेश में अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष थे और पसमांदा मुस्लिम समुदाय के बीच संगठनात्मक काम करते रहे हैं. इन नियुक्तियों के जरिए भाजपा ने मुस्लिम नेतृत्व को संगठन में जगह देने का संकेत दिया है. पार्टी की पसमांदा केंद्रित राजनीति और सामाजिक संपर्क की गतिविधियां 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से अहम हैं.

ADVERTISEMENT
Advertisement