राजा मट्टू
लद्दाख के पहाड़ों में जल्दबाजी बेहद खतरनाक साबित हो सकती है. सब्र और सहिष्णुता यहां की जीवनशैली है. मगर सहनशक्ति की भी अपनी सीमाएं हैं. और नई दिल्ली तथा लद्दाख के बीच चल रही ताजा बातचीत उसका इम्तहान लेती दिखती है.
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने “केंद्र शासित स्तर के निकाय के लिए संवैधानिक और वैधानिक रूपरेखा का प्रस्तावित” मसौदा लेह एपेक्स बॉडी (एलएबी) और करगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के नुमाइंदों के सामने रखा.
लद्दाखी पक्ष ने यह कहकर इसे खारिज कर दिया कि मसौदा 22 मई की बैठक के विवरण में दर्ज आश्वासनों और उससे भी पहले दिए गए आश्वासनों के अनुरूप नहीं है. 22 अक्तूबर के लिए तय अगली बैठक नहीं हुई. कुछ हफ्तों पहले हम संवैधानिक समाधान के करीब पहुंच गए लगते थे. वह तो हुआ नहीं, हमारे सामने भरोसे का एक संकट और खड़ा हो गया.
लद्दाख में भरोसा पहले ही कम है. सितंबर 2025 में लेह में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए और पुलिस गोलीबारी में चार लोगों की जान गई. उसके बाद बातचीत का हरेक दौर उन अंधेरे दिनों के साए से गुजरा है. नाकाम वार्ता को अब लेह और करगिल में प्रक्रियाओं का झोल-झटका नहीं माना जाएगा. यह नई दिल्ली के संजीदा न होने की तस्दीक है.
इसके बावजूद इस बातचीत से पहले ही कुछ महत्वपूर्ण हासिल हो गया है. नई दिल्ली ने लद्दाख के लिए कल्पनाशील और अपने ढंग की अनूठी व्यवस्था पर विचार करने की तत्परता दिखाई है: एक निर्वाचित भूभागीय संस्था, जिसे एक नए अनुच्छेद 371(के) के तहत संवैधानिक सुरक्षा और केंद्र शासित प्रदेश के ढांचे के भीतर कानून बनाने के अलावा कार्यपालक और वित्तीय शक्तियां मिलेंगी.
यह इस बात को मान्यता देता है कि भारत की संवैधानिक मेधा कभी कठोर एकरूपता पर टिकी नहीं रही. नगालैंड से लेकर मिजोरम और सिक्किम तक वििभन्न असमान व्यवस्थाओं में विविधता को जगह दी गई और केंद्र को मजबूती देते हुए ऐसा किया गया है. मगर अधिकार और अनुमति के बीच फर्क बुनियादी है.
14 अक्तूबर के मसौदे में लद्दाख के लिए एक निर्वाचित निकाय और हिल काउंसिल या पर्वतीय परिषदों को संवैधानिक मान्यता देने का प्रस्ताव है, जिसकी विस्तृत व्यवस्थाएं अनुच्छेद 240 के तहत राष्ट्रपति से मंजूर नियमों के माध्यम से की जाएंगी. इसके विषयों में जमीन और संस्कृति से लेकर जंगल, पर्यावरण, नियोजन और बजट तक शामिल हैं.
लद्दाखी नुमाइंदों के लिए असल अड़चन यह है कि निर्वाचित निकाय के नियम-कायदे उपराज्यपाल से मंजूर होने तक प्रभावी नहीं होंगे. यह निकाय प्राथमिक तौर पर केंद्र के अनुदानों और आवंटनों के बूते काम करेगा. खर्च के लिए भी उसकी मंजूरी चाहिए होगी. नौकरशाही पर भी उसका नियंत्रण सीमित होगा. सबसे अहम यह कि मसौदे के तहत “केंद्र की कार्यपालिक शक्तियां दोनों निकायों को निर्देश देने तक फैली होंगी”.
लद्दाखी नुमाइंदों की मांग कुछ ज्यादा ठोस की है: जेनुइन विधायी ताकत, जवाबदेह कार्यपालिका और सौंपे गए विषयों से जुड़े फैसले लागू करने वाले अधिकारियों पर अधिकार. ऐसी निर्वाचित संस्था जो विचार और चर्चा तो कर सके लेकिन भरोसेमंद ढंग से न तो कानून बना सके और न ही प्रशासन चला सके या खर्च कर सके, यह तो कुछ इस तरह का लोकतंत्र होगा जिसमें सरकार गायब हो.
विडंबना और भी गहरी है. 2019 में केंद्र शासित प्रदेश के रूप में लद्दाख के अलग होने का लेह में कई लोगों ने जश्न मनाया था, इसीलिए कि उन्हें श्रीनगर के मातहत दशकों तक दरकिनार किए जाने से मुक्ति मिली थी.
पर उसे ताकतवर बनाने का वादा वक्त बीतने के साथ केंद्रीकृत प्रशासन की हकीकतों से टकरा गया. श्रीनगर की संवेदनहीनता से मुक्ति की उम्मीद कर रहे लोगों ने अपने को केंद्रीय गृह मंत्रालय की पेचीदा, उलझी और अजीब अफसरशाही के सामने खड़ा पाया.
आगे बढ़ने के लिए तीन सवालों पर स्पष्टता जरूरी है. किन अधिकारों की संवैधानिक गारंटी होगी? जमीन, संस्कृति और पर्यावरण से जुड़े अधिकारों को नए अनुच्छेद में लिखा जाना चाहिए. साथ ही यह भी कि अगर उपराज्यपाल नियम-कायदों को 60 दिनों के भीतर स्वीकृति नहीं देते तो उन्हें स्वीकृत मान लिया जाएगा.
कौन-से अधिकारी निर्वाचित प्रतिनिधियों के प्रति जवाबदेह होंगे? सौंपे गए विषयों पर काम कर रहे सभी अधिकारी, विभाग प्रमुख तक. और िकन वित्तीय संसाधनों का इस्तेमाल प्रशासन की इजाजत के बिना किया जा सकता है?
केंद्र शासित प्रदेश के बजट का एक तयशुदा और फॉर्मूला आधारित हिस्सा, जो निकाय के फंड में जमा कर दिया जाए और जिसे वह अपने अधिकार से खर्च करे, जिस पर नियंत्रक और महालेखा परीक्षक नजर रखे.
नई दिल्ली की सुरक्षा चिंताएं जायज हैं. लद्दाख की सीमा चीन और पाकिस्तान से सटी है. रक्षा, सीमा प्रबंधन और सामरिक बुनियादी ढांचा मजबूती से केंद्र के अधिकार क्षेत्र में रहना चाहिए. लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए लोकतंत्र को न्यूनतम या बुनियादी चीजों तक घटा देने की भी जरूरत नहीं.
ईको-सिस्टम की देखरेख, संस्कृति की हिफाजत और विकास में सामुदायिक भागीदारी सामरिक और रणनीतिक जरूरतें हैं. लोग उसी चीज की रक्षा करते हैं जिसमें उन्हें अपना हित होने का यकीन होता है.
लद्दाख ने कभी भारत से दूर होने की मांग नहीं की. वह तो बस राजकाज में ज्यादा हिस्सेदारी मांग रहा है. आत्मविश्वास से भरे गणराज्य को इस फर्क से डरना नहीं चाहिए. उसको इसे संवैधानिक बनाना चाहिए.
(लेखक जेएनयू के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज में डीन और प्रोफेसर हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड (एनएसएबी) के सदस्य रह चुके हैं)

