
मोहनबीर साहनी
बिजनेस स्कूल में पढ़ने वाले हर छात्र के पास अब एआइ चैटबॉट हैं जो मिनटों में केस स्टडी का विश्लेषण कर सकते हैं और बेहतरीन टर्म पेपर तैयार सकते हैं.
एआइ बस एक प्रॉम्प्ट देने पर मार्केटिंग प्लान तैयार कर सकता है, वैल्युएशन मॉडल बना सकता है, स्ट्रेटजी मेमो लिख सकता है और बड़े पैमाने पर फैसलों की समस्या हल कर सकता है. पर लच्छेदार उत्तर से साबित नहीं होता कि छात्र ने कुछ सीखा है.
जब एआइ विश्लेषण की जिम्मेदारी संभाल ले तो हमें छात्रों को क्या पढ़ाना चाहिए? और हम छात्र को यह कैसे पढ़ाएं कि एआइ को साथी मानकर उसकी मदद से काम करो, यह नहीं कि सोचने-समझने की ताकत ही उसे सौंप दो? जब उत्तर मुफ्त और आसानी से मिलने लगें तो फैसले लेने की क्षमता दुर्लभ हुनर बन जाती है.
छात्रों को समस्या का खाका बनाना, अधूरी जानकारी के बूते फैसले लेना, मुनाफे, लोगों और नैतिकता के बीच संतुलन कायम करना और फैसलों का जिम्मा उठाना सीखना ही होगा.
एआइ को मूल में रखकर हर कोर्स नए सिरे से तैयार करना होगा. मार्केटिंग के छात्र एआइ एजेंटों के साथ अभियान चलाएं. फाइनेंस के छात्र एआइ की मदद से तैयार वैल्युएशन का ऑडिट करें और ऑपरेशंस के छात्र फिर ऐसा वर्कफ्लो बनाएं जिसमें आधा काम सॉफ्टवेयर एजेंट करें.
केस की पढ़ाई के लिए दो अलग-अलग तरीकों की जरूरत है. पहला तरीका काम को एआइ-प्रूफ बनाता है. छात्र कक्षा में एआइ के बिना छोटा केस पढ़ते और उसका विश्लेषण करते हैं और हाथ से अपने उत्तर लिखते हैं. दूसरे तरीके में छात्रों को एआइ की पूरी एक्सेस दी जाती है और उन्हें उससे मिले परिणामों पर सवाल पूछने और उनमें सुधार करने होते हैं.

दरअसल ज्यादातर संकाय कोर्स तैयार करते हैं, कुछ साल उसे चुस्त-दुरुस्त करते हैं और फिर दशक भर उसे ही पढ़ाते रहते हैं. मैनेजमेंट के हर विषय को एआइ इतनी तेजी से बदल रहा है कि यह चक्र उसके साथ कदमताल नहीं कर पाता.
भारतीय बी-स्कूलों में संकाय अपने वक्त का बड़ा हिस्सा ग्रेडिंग और प्रशासन में बिताते हैं. एआइ इस काम का ज्यादातर हिस्सा संभाल सकता है. मैंने मूलतः एआइ की जिस शिक्षण कंपनी पेडागॉजिक्स.एआइ की सह-स्थापना की है, उसमें हमने कोर्स डिजाइन करने, उन्हें चलाने और हैदराबाद की काल्पनिक क्विक कॉमर्स कंपनी में छात्र को रखने सरीखे सिम्युलेशन चलाने के प्लेटफॉर्म बनाए हैं.
भारत में फैकल्टी पर पढ़ाने का बोझ है और पदोन्नति के वक्त पढ़ाने के नवाचारों के मुकाबले प्रकाशनों को ज्यादा इनाम दिया जाता है. डीन को चाहिए कि वे कोर्स नए सिरे से तैयार करने के लिए संकाय को समय, प्रशिक्षण और श्रेय दें. बी-स्कूल से ग्रेजुएट जो टूल और ज्ञान लेकर निकलेंगे, वे तेजी से पुराने पड़ जाएंगे. सीखने की क्षमता टिकी रहेगी.
लेखक केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, नॉर्थवेस्ट यूनिवर्सिटी में मैककॉर्मिक फाउंडेशन प्रोफेसर ऑफ टेक्नोलॉजी और पेडागॉजिक्स के सह-संस्थापक हैं

