
देश के बेस्ट बी-स्कूल
दशकों से एमबीए की पढ़ाई का एक सीधा-सा नियम रहा है—मैनेजमेंट की बारीकियां सीखिए, कैंपस प्लेसमेंट में नौकरी पाइए और कॉर्पोरेट जगत में कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ते जाइए. सिलसिला थमा तो नहीं लेकिन अब इसके नियम जरूर बदल रहे हैं. एआइ वे सारे काम आसानी से कर लेता है, जो कभी नए-नए बने मैनेजरों को सौंपे जाते थे.
इसीलिए अब कंपनियों को सिर्फ डिग्री नहीं बल्कि उससे इतर हुनर चाहिए. दूसरी ओर, छात्र भी यह सोचने पर मजबूर हैं कि इस पढ़ाई पर जो लंबा वक्त और भरपूर पैसा वे खर्च कर रहे हैं, उसके बदले में उन्हें क्या मिल रहा है?
खतरे की घंटी बजने लगी है. कॉमन एडमिशन टेस्ट या कैट में बैठने वालों की संख्या 2024 में 3,29,000 थी, जो 2025 में घटकर 2,95,000 रह गई. इंडिया टुडे के बेस्ट बी-स्कूल सर्वे 2026 के मुताबिक, देश के शीर्ष 25 बिजनेस स्कूलों में से 40 फीसद में दाखिलों में गिरावट दर्ज की गई है, जिनमें चार आइआइएम भी शामिल हैं.
विदेश की बात करें तो इलिनॉइस अर्बना-शैंपेन यूनिवर्सिटी, एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी और ब्रिटेन के हेनले बिजनेस स्कूल जैसे संस्थानों ने दो साल का फुल-टाइम एमबीए कोर्स बंद कर दिया है. एनवाइयू स्टर्न के प्रोफेसर अश्वत्थ दामोदरन का मानना है कि एआइ के बढ़ने से बैंकरों, कंसल्टेंट और इन्वेस्टमेंट मैनेजरों की मांग कम होगी. इससे मैनेजमेंट डिग्री लेने वाले भी कम हो जाएंगे. उनका बड़ा सख्त-सा सुझाव है कि संस्थान अपना विस्तार रोकें और एमबीए कोर्स की अवधि घटाकर एक साल कर दें.

भारत में अभी हालात इतने बुरे भी नहीं हैं. किसी बड़े बी-स्कूल से डिग्री लेने में 20 से 40 लाख रुपए तक का खर्च आता है, लेकिन कॉर्पोरेट जगत में इसकी मांग अब भी बनी हुई है.
फिर भी इस सवाल से बचा नहीं जा सकता कि “इसकी असली कीमत क्या है?” इंडिया टुडे-एमडीआरए के 14वें सर्वे में 2,000 से ज्यादा संस्थानों से संपर्क किया गया और पढ़ाई की गुणवत्ता, प्लेसमेंट, भविष्य की तैयारी, कैंपस माहौल और गवर्नेंस जैसे 127 मानकों पर 277 बी-स्कूलों को आंका गया. इसमें एग्जीक्यूटिव, ऑनलाइन, एडवांस्ड मैनेजमेंट और डॉक्टरेट प्रोग्राम्स पर भी गौर किया गया.
रैंकिंग में आइआइएम अहमदाबाद ने अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा, जिसके बाद आइआइएम कलकत्ता, आइआइएम लखनऊ, एसबीजेआइएमआर मुंबई और एक्सएलआरआइ जमशेदपुर का नंबर आता है. लेकिन जानी-पहचानी रैंकिंग के पीछे एक अलग ही तस्वीर छिपी है.
शीर्ष 25 बी-स्कूलों का प्लेसमेंट 97.5% से घटकर 96.4% पर आ गया, जबकि 51वें से 75वें स्थान वाले स्कूलों का प्लेसमेंट 87.4% से बढ़कर 93.8% हो गया है. देश के टॉप 10 बी-स्कूलों में औसत घरेलू पैकेज 2015 के मुकाबले लगभग दोगुना होकर 29.9 लाख रुपए सालाना पहुंच गया है. वहीं, 76वें से 100वें स्थान वाले स्कूलों के लिए यह इस साल घटकर 7.26 लाख रुपए रह गया.



शीर्ष रैंकिंग में भले ही स्थिरता दिखे लेकिन क्लासरूम का माहौल तेजी से बदला है. साल 2015 में टॉप 25 स्कूलों में 84 फीसद छात्र इंजीनियर थे जो आज घटकर 40 फीसद रह गए हैं. वहीं महिलाओं की भागीदारी 27.8 फीसद से बढ़कर 37.5 फीसद हो गई है.
प्रोफेसर दामोदरन कहते हैं कि इतिहास पढ़ने वाले 100 छात्रों को कंपनियों का मूल्यांकन करना सिखाना आसान है लेकिन 100 इंजीनियरों को अपनी कल्पनाशीलता पर भरोसा करना सिखाना बहुत मुश्किल. एक्सएलआरआइ में क्लास में इतिहास के अकेले छात्र रहे विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने वहां समस्याओं को सही नजरिए से देखना, कोई कदम न उठाने के नुकसान समझना और सही समय पर फैसला लेना सीखा.



दूसरे नामी-गिरामी पूर्व छात्रों का अनुभव भी यही बताता है. विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा के मुताबिक, आइआइएम अहमदाबाद ने उन्हें सिखाया कि “किसी समस्या को हल करने से पहले उसकी जड़ को सही तरीके से पहचानना सीखो.” मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन बताते हैं कि उन्होंने “अधूरी जानकारियों के बीच सही फैसला लेना” सीखा.
पेप्सिको की पूर्व सीईओ इंद्रा नूयी इसका श्रेय आइआइएम कलकत्ता को देती हैं कि उसने उन्हें “पुरुषों से भरे कमरे में अपनी बात मजबूती से रखना” और किताबी ज्ञान को असल जिंदगी की समस्याएं सुलझाने में लागू करना सिखाया.






एआइ के आने से इंसानी सोच और क्षमताएं और भी ज्यादा कीमती हो गई हैं. आइआइएम अहमदाबाद के निदेशक भरत भास्कर कहते हैं, “हमारे लिए सबसे बड़ा बदलाव विश्लेषण के बजाय फैसले लेने की समझ सिखाने की तरफ हुआ है.”
उनके संस्थान ने 100 करोड़ रुपए की लागत से कृष्णमूर्ति टंडन स्कूल ऑफ एआइ की शुरुआत की है. आइआइएम कलकत्ता ने आइटी अपग्रेड और एआइ लैब के लिए 50 करोड़ रुपए से ज्यादा निर्धारित किए हैं और 2027 तक दो साल का ऑनलाइन एमबीए शुरू करने की योजना भी बनाई है.
सर्वे में यह भी सामने आया कि टॉप 25 बी-स्कूलों से जुड़े सफल स्टार्टअप्स में 60 फीसद की बढ़ोतरी हुई है. यह दिखाता है कि बी-स्कूलों की सफलता का पैमाना अब प्लेसमेंट पैकेज तक सीमित नहीं रहा. एमबीए का भविष्य इसमें नहीं है कि छात्रों को वही सिखाया जाए जो मशीनें पहले से कर सकती हैं, बल्कि इसमें है कि उनमें कल्पनाशीलता, बदलावों को अपनाने की क्षमता और यह तय करने का नैतिक साहस पैदा किया जाए कि वास्तव में क्या किया जाना चाहिए.
सर्वेक्षण का तरीका
कैसे की गई बी-स्कूलों की रैंकिंग
देश के बिजनेस स्कूलों का 2026 का इंडिया टुडे ग्रुप सर्वे दिल्ली की प्रतिष्ठित मार्केट रिसर्च फर्म मार्केटिंग ऐंड डेवलपमेंट रिसर्च एसोसिएट्स (एमडीआरए) की ओर से किया गया है. इस रैंकिंग में हाल ही के डेटा के आधार पर भारत के सर्वश्रेष्ठ बी-स्कूलों की सबसे विश्वसनीय और विस्तृत सूची तैयार की गई है. इसमें अहम क्षेत्रों का व्यापक विश्लेषण है, जिससे साफ होता है कि अलग-अलग तरह के उम्मीदवारों के लिए कौन से कोर्स सबसे अच्छे हैं.
मैनेजमेंट की पढ़ाई के बदलते परिवेश की वजह से हमने भी लोगों की जरूरतों के हिसाब से अपनी रैंकिंग का दायरा बढ़ाया है. इस साल के संस्करण में कई विशेष सूचियां जोड़ी गई हैं जिनमें टॉप एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम, टॉप एडवांस्ड मैनेजमेंट प्रोग्राम (10 साल से ज्यादा अनुभव वाले प्रोफेशनल्स के लिए), टॉप एग्जीक्यूटिव फेलो प्रोग्राम इन मैनेजमेंट (ईएफपीएम), टॉप ऑन-कैंपस फेलो प्रोग्राम इन मैनेजमेंट (एफपीएम/पीएचडी) और भारत के टॉप ऑनलाइन एमबीए प्रोग्राम शामिल हैं.
फुल-टाइम एमबीए/पीजीडीएम रैंकिंग: रैंकिंग के लिए उन बी-स्कूलों को शामिल किया गया है जो फुल-टाइम क्लासरूम मैनेजमेंट प्रोग्राम (एमबीए/पीजीडीएम) चलाते हैं, और जिन्हें शुरू हुए कम से कम पांच साल हो चुके हैं और जिनके कम से कम तीन बैच पास होकर निकल चुके हैं. संस्थानों से 127 अलग-अलग पैमानों पर नवीनतम और प्रासंगिक जानकारी जुटाने के लिए एक वस्तुनिष्ठ प्रश्नावली तैयार की गई.
भारत के 2,000 से ज्यादा ऐसे बी-स्कूलों से संपर्क किया गया जो इसमें शामिल होने के लिए पात्रता की शर्तें पूरी करते थे. इनमें से 279 ने तय समय सीमा के भीतर जवाब दिया, और पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले 277 संस्थानों को रैंकिंग में शामिल किया गया.
वस्तुनिष्ठ डेटा मिलने के बाद चार प्रक्रियाएं अपनाई गईं. ये थीं—डेटा का तर्कसंगत होना और नियमों की जांच, सत्यापन, दुबारा जांच और ऑडिट. पहले चरण में बी-स्कूलों की ओर से मुहैया जानकारी के हर पहलू को एमडीआरए के पास मौजूद डेटा और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के जरिए बारीकी से जांचा गया. दूसरे चरण में, एमडीआरए के रिसर्चरों ने इसमें शामिल बी-स्कूलों का सत्यापन और ऑडिट किया, यह तय करने के लिए कि उनकी ओर से दिया गया डेटा सही और सटीक है.
मूल्यांकन के पांच मुख्य पैमाने थे: लर्निंग एक्सपीरियंस (सीखने का अनुभव), लिविंग एक्सपीरियंस (रहने का अनुभव), सलेक्शन प्रोसेस, प्लेसमेंट परफॉर्मेंस और फ्यूचर ओरिएंटेशन (भविष्य की दिशा). इसके बाद सभी पैरामीटर्स के स्कोर को जोड़ा गया और हर संस्थान का कुल ऑब्जेक्टिव स्कोर निकाला गया. कई स्रोतों से दुबारा सत्यापन और भौतिक जांच के विभिन्न स्तर पर यह काम किया गया. अंत में ऑब्जेक्टिव डेटा के आधार पर बी-स्कूलों को फाइनल रैंकिंग दी गई.
भारत की क्षेत्रीय विविधता और छात्रों की प्राथमिकताएं प्रदर्शित करने के लिए कुल रैंकिंग के आधार पर अलग-अलग जोन, पैरामीटरवाइज और रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट (आरओआइ) की रैंकिंग तैयार की गई. टॉप इमर्जिंग एमबीए कोर्सेज की सूची में उन नए संस्थानों को शामिल किया गया, जिनका पहला बैच 2015 के बाद पास होकर निकला है. इस साल मोस्ट इम्प्रूव्ड बी-स्कूल की श्रेणी भी जोड़ी गई है.
इसमें वे संस्थान शामिल हैं, जिन्होंने पिछले पांच वर्षों में आइटीजी-एमडीआरए रैंकिंग में खासा सुधार किया है. जिन बी-स्कूलों ने पांच साल की अवधि में रैंकिंग में प्रतिशत के हिसाब से सबसे ज्यादा सुधार किया है, वे सूची में शीर्ष पर और उसके बाद सुधार के हिसाब से दूसरे संस्थान हैं.
एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम: भारतीय बी-स्कूल कई एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम चलाते हैं—इनमें एंट्री लेवल के विकल्पों से लेकर 15 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाले लीडर्स के लिए तैयार किए गए कोर्स शामिल हैं.
ये प्रोग्राम अपने फोकस (जनरल मैनेजमेंट, इंडस्ट्री-स्पेसिफिक या फंक्शनल स्पेशलाइजेशन), पाठ्यक्रम, शिक्षण के तौर-तरीके, शिक्षा के माध्यम (हाइब्रिड या डायरेक्ट-टु-डिवाइस), फैकल्टी की गुणवत्ता, पूर्व छात्रों (एलुमनाइ) तक पहुंच और फीस के मामले में एक-दूसरे से काफी अलग-अलग होते हैं. इन प्रोग्राम में एमबीए या उसके समकक्ष कोई डिग्री नहीं मिलती है.
यह रैकिंग एक बड़े वर्ग के लिए तैयार की गई है और इसमें केवल उन्हीं शीर्ष संस्थानों के कठिन जनरल मैनेजमेंट प्रोग्राम शामिल हैं जो वर्षों से स्थापित हैं. यह मूल्यांकन पूरी तरह सेकंडरी रिसर्च के जरिए जुटाए गए डेटा पर आधारित है और इसमें प्रोग्राम की फीस, संस्थान की प्रतिष्ठा, कोर्स की निरंतरता, वीकली इंटरैक्शन लोड, पात्रता मानदंड, ऑनलाइन/ऑफलाइन सत्रों की संख्या और पढ़ाई के समग्र तरीके जैसे पैमानों का इस्तेमाल किया गया है. इसी आधार पर शीर्ष 15 एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम्स को रैंक दी गई है.
एडवांस्ड मैनेजमेंट प्रोग्राम (एएमपी): एएमपी की रैंकिंग पूरी तरह व्यापक सेकंडरी रिसर्च से मिले वस्तुनिष्ठ डेटा पर आधारित है. इसमें शामिल प्रोग्राम कम से कम 10 साल के कार्य अनुभव वाले सीनियर प्रोफेशनल्स के लिए हैं. ये एएमपी मुख्य रूप से लीडर्स और रणनीतिक फैसले लेने वालों के लिए हैं. एग्जीक्यूटिव्स लोगों की व्यस्तता के चलते इन्हें ब्लेंडेड यानी ऑनलाइन और ऑफलाइन के मिलेजुले तरीके या पूरी तरह से ऑनलाइन फॉर्मेट में पेश किया जाता है.
इनमें से अधिकांश प्रोग्राम 10-12 महीने तक चलते हैं, जबकि आइएसबी का ग्लोबल एएमपी पांच महीने का है. आकलन के प्रमुख पैमानों में प्रोग्राम की फीस, अवधि, पढ़ाने का तरीका, फैकल्टी की क्षमता, संस्थान की प्रतिष्ठा, पात्रता मानदंड, कोर्स की निरंतरता, एलुमनाइ के प्रोफाइल और प्रोग्राम का समग्र डिजाइन शामिल है. इनके आधार पर भारत के प्रमुख एएमपी का व्यापक और संतुलित मूल्यांकन किया गया.

ऑनलाइन एमबीए: ऑनलाइन एमबीए की रैंकिंग पूरी तरह सेकंडरी रिसर्च से मिले वस्तुनिष्ठ डेटा पर आधारित है. इसमें केवल मान्यता प्राप्त बी-स्कूलों के दो साल के उन ऑनलाइन या ब्लेंडेड प्रोग्रामों को शामिल किया गया है, जिन्हें पूरा करने पर मास्टर या पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा मिलते हैं. हालांकि संस्थान इन्हें एग्जीक्यूटिव एमबीए, ऑनलाइन एमबीए या ऑनलाइन पीजीडीएम के रूप में प्रमोट करते हैं, लेकिन इन सभी का एक ही लक्ष्य है:
छात्रों को बिना नौकरी छोड़े एमबीए के बराबर क्वालिफिकेशन मुहैया कराना. एएमपी के विपरीत ये प्रोग्राम एक बड़े वर्ग के लिए हैं, और अलग-अलग स्कूलों में वर्क एक्सपीरियंस की जरूरतें अलग-अलग हैं.
मूल्यांकन इन पैमानों पर किया गयाः प्रोग्राम की फीस, कैंपस में रहकर शैक्षणिक अनुभव, डिग्री की मान्यता, पात्रता के नियम, फैकल्टी की गुणवत्ता, संस्थान की साख, क्लासों की संख्या, कोर्स की निरंतरता, पूर्व छात्रों से जुड़ाव, प्लेसमेंट के नतीजे और पढ़ाने के तरीके. इस ढांचे के जरिए शैक्षणिक गुणवत्ता, विश्वसनीयता, पढ़ाने के असर और करिअर पर प्रभाव का गहन मूल्यांकन पक्का किया गया.
एग्जीक्यूटिव फेलो प्रोग्राम्स इन मैनेजमेंट (ईएफपीएम): एग्जीक्यूटिव एफपीएम रैंकिंग पूरी तरह वस्तुनिष्ठ और सत्यापित सेकंडरी डेटा से तैयार की गई है. इसमें फीस, पीएचडी के समकक्ष और मान्यता, प्रवेश शर्तें, वर्क एक्सपीरियंस नियम, संस्थान की प्रतिष्ठा, पूर्व छात्रों की संख्या, फैकल्टी की गुणवत्ता, रिसर्च आउटपुट और पिछले तीन वर्षों में किए गए रिसर्च/कंसल्टेंसी प्रोजेक्ट्स जैसे प्रमुख पैमानों को शामिल किया गया.
ये प्रोग्राम पूरी तरह से पीएचडी के समकक्ष हैं और इन्हें आमतौर पर एग्जीक्यूटिव एफपीएम कहा जाता है. वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए ये एग्जीक्यूटिव डॉक्टरल प्रोग्राम या पीएचडी के रूप में भी उपलब्ध हैं. इनके लिए तय कार्य अनुभव के साथ कम से कम मास्टर डिग्री जरूरी है. ये तीन से छह साल तक चलते हैं और कामकाजी एग्जीक्यूटिव की सुविधा के अनुसार इन्हें मिलेजुले या ऑनलाइन फॉर्मेट में कराया जाता है.
फेलो प्रोग्राम्स इन मैनेजमेंट (एफपीएम)/ मैनेजमेंट में पीएचडी: एफपीएम/पीएचडी की रैंकिंग पूरी तरह से सेकंडरी रिसर्च के जरिए तैयार की गई है. इसके लिए विश्वसनीय सार्वजनिक स्रोतों का इस्तेमाल किया गया, जिनमें संस्थानों की वेबसाइटें, एडमिशन ब्रोशर, वार्षिक रिपोर्ट और आधिकारिक नोटिफिकेशन शामिल हैं. प्रोग्राम का मूल्यांकन शैक्षणिक और रिसर्च के कई पैमानों पर किया गया:
प्रोग्राम की फीस, पात्रता मानदंड, जरूरी प्रवेश परीक्षाएं (सीएटी, जीमैट, जीआरई, यूजीसी-नेट आदि), और स्लैब एक से तीन के तहत मिलने वाली स्टाइपेंड. अन्य सुविधाओं—जैसे एचआरए, कंप्यूटर और आकस्मिक खर्चों के लिए अलाउंस, तथा घरेलू/अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के लिए सहायता—का भी आकलन किया गया.
शोध क्षमता मापने के लिए जिन बातों पर गौर किया गया उनमें वर्तमान में नामांकित और डिग्री पूरी कर चुके स्कॉलर्स की संख्या (2023–24 तक), स्पॉन्सर्ड और कंसल्टेंसी प्रोजेक्ट्स और उनकी फंडिंग राशि, और फैकल्टी की कुल संख्या शामिल है. संस्थानों की प्रतिष्ठा को बिजनेस टुडे बी-स्कूल की नवीनतम रैंकिंग के आधार पर परखा गया.
प्रोजेक्ट पर अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 तक शोधकर्ताओं, सांख्यिकीविदों, आर्थिक गणना के विशेषज्ञों और विश्लेषकों की बड़ी टीम ने काम किया. एमडीआरए की मुख्य टीम का नेतृत्व सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने किया. इस टीम में अवनीश झा (सीनियर प्रोजेक्ट डायरेक्टर), वैभव गुप्ता (रिसर्च मैनेजर), मनवीर सिंह (असिस्टेंट मैनेजर ईडीपी), रॉबिन सिंह (रिसर्च एग्जीक्यूटिव) और ऋषभ शर्मा (रिसर्च एग्जीक्यूटिव) शामिल थे.

