नोएडा निवासी 37 वर्षीय अरविंद त्रिपाठी कॉम्पैक्ट वैगन आर चलाने के छह साल बाद मारुति ब्रेजा खरीदने की योजना बना रहे हैं. इस क्रॉसओवर एसयूवी की कीमत लगभग 15 लाख रुपए है और त्रिपाठी अपनी पुरानी कार के बदले नई कार ले रहे हैं, जिससे ब्रेजा की कीमत कुछ लाख रुपए और घट जाएगी. उनका परिवार इस बदलाव को लेकर उत्साहित है, उनके दोनों बच्चे नई गाड़ी में लंबी दूरी की सैर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. त्रिपाठी कहते हैं, ''मेरी पुरानी कार पर मामूली-सा डाउन पेमेंट और कार एक्सचेंज के साथ डीलर की ओर से दिए गए कुछ लॉयल्टी डिस्काउंट के साथ ब्रेजा के लिए फंडिंग आसान लगती है, जिससे ईएमआइ अफोर्डेबल हो जाती है.''
त्रिपाठी अच्छी तरह से जानते हैं कि मोटर बीमा को पुरानी कार से नई कार में ट्रांसफर किया जा सकता है. उन्होंने 45 फीसद एनसीबी (नो क्लेम बोनस) अपने वैगन आर पर जमा किया है, उसकी बदौलत वे ऐसा ही करने की योजना बना रहे हैं. इससे ब्रेजा पर प्रीमियम व्यय में काफी कमी आएगी, जो अन्यथा 2,000 रुपए से थोड़ा ज्यादा होता. त्रिपाठी कहते हैं, ''लेकिन, मैं सुझाए जा रहे ऐड-ऑन मोटर बीमा को लेकर उलझन में हूं.'' जिन्हें नहीं मालूम है वे जान लें कि ऐड-ऑन वाहन बीमा अतिरिक्त और विशिष्ट जोखिम कवर है जिसे कोई भी अपने कार बीमा के साथ जोड़ सकता है.
भारत में हर वाहन मालिक के पास मोटर बीमा होना जरूरी है. इसके दो घटक होते हैं: दायित्व (लाइबिलटी) कवर और अपनी क्षति से सुरक्षा. अनिवार्य तृतीय-पक्ष (थर्ड पार्टी) देयता बीमा आपको दुर्घटना की स्थिति में किसी तीसरे पक्ष के व्यक्ति या संपत्ति या वाहन को चोट या क्षति पहुंचाने वाले बीमाकृत वाहन पर उत्पन्न होने वाली कानूनी देनदारियों से बचाता है. खुद को नुक्सान बीमा उन दुर्घटनाओं से बीमा कवर प्रदान करता है जिनमें वाहन को फिर से इस्तेमाल के लायक बनाने के लिए मरम्मत और किसी कल-पुर्जे को बदलने की जरूरत हो सकती है.
दोनों के संयोजन को व्यापक मोटर बीमा पॉलिसी के रूप में जाना जाता है, जो तीसरे पक्ष और खुद के नुक्सान, दोनों के लिए कवरेज प्रदान करता है. लेकिन कई मायनों में केवल व्यापक मोटर बीमा होना ही काफी नहीं है. बजाज अलायंस जनरल इंश्योरेंस के चीफ टेक्निकल ऑफिसर टी.ए. रामलिंगम कहते हैं, ''ऐसे कई अन्य वित्तीय जोखिम हैं जिनका किसी वाहन को सामना करना पड़ता है, जैसे डेप्रिसिएशन या वाहन का मूल्यह्रास. इसका मतलब यह है कि बीमा कंपनी उस हिस्से की वास्तविक लागत का केवल एक फीसद तक ही भुगतान करती है जिसे दुर्घटना की स्थिति में बदलने की जरूरत होती है.''
कंपनियों ने पिछले कुछ वर्षों के दौरान व्यापक मोटर बीमा पॉलिसी पर वित्तीय सुरक्षा का दायरा बढ़ाने के लिए ऐड-ऑन कवर पेश किए हैं. त्रिपाठी कहते हैं, ''जब मैं वैगन आर खरीद रहा था तो मैंने ऐड-ऑन पर खास ध्यान नहीं दिया. लेकिन मुझे तब उनकी अहमियत का अंदाजा लगा जब मेरी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और दावा करने पर मुझे डेप्रिसिएशन तथा कंज्यूमेबल्स या उपभोग्य सामान मेरे हिस्से के बारे में पता चला.''
> सोच-समझकर चुनें ऐड-ऑन
ऐड-ऑन बीमा की अवधारणा फास्ट-फूड उद्योग से ग्रहण की गई है, जहां मामूली कीमत पर एक अतिरिक्त वस्तु की पेशकश करना आम बात है. तो, बर्गर या पिज्जा के साथ फ्राइज और कोला ऐड-ऑन हैं, जिनके लिए अक्सर अतिरिक्त पैसा चुकाना होता है. ऐड-ऑन कवर अतिरिक्त सुविधाएं हैं जो उन पहलुओं के लिए बीमा कवर प्रदान करती हैं जो आधार योजना में शामिल नहीं है. ये वैकल्पिक हैं और उपभोक्ता जिस जोखिम को कवर करना चाहता है उसके आधार पर वह चुन सकता है. एक संभावित मोटर बीमा खरीदार के रूप में आपके लिए यह जरूरी है कि आप उपलब्ध ऐड-ऑन, उनके द्वारा कवर किए जाने वाले जोखिम और उन्हें छोड़ने पर होने वाले वित्तीय नुक्सान को समझने में वक्त लगाएं.
रामलिंगम बताते हैं, ''चूंकि कई ऐड-ऑन हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि आपको वे सभी लेने होंगे. आपको अपनी जरूरत देखनी चाहिए और अपने लिए माकूल ऐड-ऑन चुनने के लिए उन एजेंटों या वाहन डीलरों से मदद लेनी चाहिए जहां आप वाहन खरीद रहे हैं.''
ऐड-ऑन की दुनिया जबरदस्त हो सकती है, लिहाजा एक चेतावनी है. ऐड-ऑन मुफ्त नहीं मिलते; उनमें से प्रत्येक की लागत होती है. यह किफायती लग सकता है, लेकिन इसका मूल्यांकन करने की जरूरत होती है, खासकर यह क्या करता है और यह आपके लिए कैसे उपयोगी हो सकता है (देखें: अधिक सुरक्षा के लिए एड-ऑन का उपयोग करें). त्रिपाठी कहते हैं, ''मुझे एहसास है कि कुछ ऐड-ऑन जरूरी नहीं हैं, लेकिन मैं शून्य डेप्रिसिएशन और कुछ अन्य कवर लेने की सोच रहा हूं.''
लेकिन, मानक ऐड-ऑन नामकरण या लागत के अभाव में, केवल लागत के आधार पर ऐड-ऑन चुनना आसान नहीं है. कंपनी की ओर से किए गए दावों के अनुभव और दावों की प्रोसेसिंग और भुगतान में आसानी के आधार पर बीमाकर्ता और ऐड-ऑन चुनें.
वाहन खरीदते वक्त बीमाकर्ता और ऐड-ऑन चुनना मुश्किल लग सकता है, लेकिन याद रखें कि वाहन चुनने की प्रक्रिया भी आसान नहीं है. जिस तरह से वाहन खरीदने पर उसकी कीमत बहुत ज्यादा होती है, उसी तरह ऐड-ऑन बीमा के लिए भी खरीदार की ओर से कुछ कोशिश जरूरी होती है.
सवाल-जवाब
"अधिक सुरक्षा के लिए ऐड-ऑन का उपयोग करें"
मालिक अपने वाहनों को लेकर पजेसिव होते हैं. ऐड-ऑन कवर उन्हें वित्तीय मदद कर सकते हैं, बता रहे हैं बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस के मुख्य टेक्निकल ऑफिसर टी.ए. रामलिंगम
• क्या आप हमें मोटर बीमा के मामले में ऐड-ऑन कवर की उत्पत्ति के बारे में विस्तार से बता सकते हैं?
मोटर बीमा टीएसी (टैरिफ सलाहकार समिति) के दायरे में आता है जो मोटर बीमा कवर के लिए मानक दायरे को तय करती है. हम शब्दों को नहीं बदल सकते और हमें टीएसी के अनुसार बीमा कवर की पेशकश करनी होगी और उसका पालन करना होगा. अलबत्ता, उपभोक्ता की जरूरतें लगातार बदल रही हैं और वाहन मालिकों ने उपलब्ध मानक खुद के नुक्सान बीमा से अलग कवर में रुचि दिखाई है. इस मांग के आधार पर अवसर को भांपते हुए, हमने और अन्य बीमाकर्ताओं ने ऐड-ऑन मोटर बीमा कवर की पेशकश शुरू कर दी.
• अनेक ऐड-ऑन बीमा हैं. इनमें से सबसे ज्यादा किसकी मांग है?
जीरो डेप्रिसिएशन ऐड-ऑन सबसे लोकप्रिय और मांग वाला एड-ऑन है. आम तौर पर, कोई वाहन मालिक दुर्घटना का दावा करते वक्त डेप्रिसिएशन और नए स्पेयर पार्ट्स बदलने के लिए भुगतान करता है. इस ऐड-ऑन में ऐसे खर्च कवर करके इस वित्तीय प्रभाव को दूर करने के लिए तैयार किया गया है. अगला सबसे ज्यादा मांग वाला ऐड-ऑन कंज्यूमेबल्स कवर है. यह उन खर्चों को संभालता है जो एक बीमाधारक व्यक्ति को ऑयल, नट और बोल्ट जैसी कंज्यूमेबल्स के लिए देना पड़ता है, जिन्हें दुर्घटना के बाद मरम्मत के वक्त बदलने की जरूरत होती है.
• रोडसाइड सहायता और इंजन सुरक्षा के बारे में क्या कहना है?
हां, ये भी महत्वपूर्ण और लोकप्रिय हैं. हम सभी महिला मालिकों को नि:शुल्क रोडसाइड सहायता या रास्ते में मदद का कवर देते हैं. हमें लगता है कि पंक्चर टायर को बदलना भी उनके लिए मुश्किल हो सकता है. यह कवर इतना महंगा नहीं है और पुरुष ड्राइवर भी इससे लाभान्वित हो सकते हैं. जहां तक इंजन सुरक्षा की बात है, यह तब से लोकप्रिय हो गया है जब से अचानक बाढ़ और जल जमाव के मामले बढ़े हैं. जैसे ही पानी इंजन में जाता है, मरम्मत बहुत महंगी होती है और लाखों में हो सकती है. तब यह कवर काम आता है.
• ऐड-ऑन का मूल्य निर्धारण कैसे किया जाता है? क्या वे किफायती हैं?
हर बीमाकर्ता का ऐड-ऑन मूल्य निर्धारण अलग होता है और यह हमारे दावों के अनुभव और बीमा राशि पर आधारित होता है. हम इसकी प्रतिस्पर्धी कीमत रखते हैं और उनमें से कुछ वाहन के प्रकार पर निर्भर करते हैं. ऐड-ऑन जोखिम की स्थिति में होने वाली लागत की तुलना में यकीनन किफायती होते हैं.
• किसी को ऐड-ऑन कैसे चुनना चाहिए?
कोई मानक फॉर्मेट नहीं है. लेकिन, मैं कंज्यूमेबल्स कवर के बाद जरूरी ऐड-ऑन के रूप में जीरो डेप्रिसिएशन की सिफारिश करूंगा. सड़क पर सहायता, की (चाबी) प्रोटेक्शन और इंजन सुरक्षा, आदि आपकी परिस्थितियों पर निर्भर करेगी. इन्हें आप अपने इलाके में आम जोखिमों के आधार पर चुन सकते हैं.

