scorecardresearch
डार्क मोड

चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाले

द हैपीनेस फेस्ट ऐंड अवॉर्ड्स एक मौका था उन प्रेरक, मजेदार और सकारात्मक इन्फ्लूएंसर्स के साथ जश्न मनाने का, जिनकी कोशिशों ने इस कठिन दौर में भी लोगों के जीवन में मुस्कान बिखेरी और उन्हें उम्मीदों से भर दिया

खुशी के खिलाड़ी: जूरी सदस्य अरुण पुरी, चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ, इंडिया टुडे ग्रुप; हर्ष गोयनका, चेयरमैन, आरपीजी ग्रुप; (शांतनु मिश्र, सह-संस्थापक, स्माइल फाउंडेशन; इशा फाउंडेशन की  मेघा टाटा और रचना बहादुर; अभिनेता अभिषेक बनर्जी
खुशी के खिलाड़ी: जूरी सदस्य अरुण पुरी, चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ, इंडिया टुडे ग्रुप; हर्ष गोयनका, चेयरमैन, आरपीजी ग्रुप; (शांतनु मिश्र, सह-संस्थापक, स्माइल फाउंडेशन; इशा फाउंडेशन की मेघा टाटा और रचना बहादुर; अभिनेता अभिषेक बनर्जी
अपडेटेड 3 अप्रैल , 2023

इंडिया टुडे आरपीजी हैपीनेस अवार्ड्स

ठहाके, म्यूजिक और सबसे प्रेरक, मजेदार और सकारात्मक इन्फ्लूएंसर्स के साथ जश्न की एक शाम—इंडिया टुडे ग्रुप और आरपीजी ग्रुप ने अपने खुशी की खोज अभियान के दूसरे सीजन का समापन 25 मार्च को मुंबई में हैपीनेस फेस्ट ऐंड अवॉर्ड्स के साथ कुछ इसी अंदाज में किया.

इससे पहले, दोनों ग्रुप साल 2022 में खुशी की खोज लॉन्च करने के मौके पर एक साथ आए थे, जो लोगों को चिंताओं और आशंकाओं में घेरने वाली कोविड-19 महामारी के बाद एक बेहद जरूरी पहल थी. दरअसल, ऐसी कठिन परिस्थितियों में शिद्दत से महसूस किया गया कि यही इस सवाल का जवाब खोजने का सही समय है कि आखिर लोगों की खुशियों की कुंजी कहां छिपी है. विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए कोई कैसे आगे बढ़ता है और उल्लास के बीच जीवन के नए अर्थ खोजता है?

इस साल, यह सवाल अपने दूसरे सीजन में पहुंचा और मुख्य तौर पर तीन आयोजनों के इर्द-गिर्द केंद्रित रहा. सबसे पहले, तो जनवरी में इंडिया टुडे पत्रिका ने एक विशेषांक निकाला—'द सीक्रेट ऑफ हैपीनेस' और इसमें संतों, मशहूर हस्तियों और परोपकारी कार्यों में जुटे लोगों की प्रेरणादायी, प्रभावशाली और भावनात्मक अंतर्दृष्टि रेखांकित की गई जो खुश रहने के विभिन्न रास्ते सुझाने और उन्हें खोजने के तरीके बताने पर आधारित थी. फिर अगले माह पहली बार इंडिया टुडे-आरपीजी ग्रुप ने हैपीनेस ऐट वर्कप्लेस समिट ऐंड अवॉर्ड्स का आयोजन किया गया जिससे एक व्यापक सर्वे के आधार पर कर्मचारियों के अनुकूल जगह और नीतियां बनाने वाली कंपनियों को नई पहचान मिली.

इस अभियान का ग्रैंड फिनाले हैपीनेस फेस्ट ऐंड अवॉर्ड्स के साथ संपन्न हुआ. शाम की शुरुआत युवा संगीतकारों के बैंड द सूर्यांश प्रोजेक्ट की परफॉर्मेंस के साथ हुई, जो अपनी भारतीय शास्त्रीय, सूफी और इंडी पॉप कंपोजिशन के लिए मशहूर है. इसके बाद सेलेब्रिटी शेफ-लेखक रणवीर बरार ने अपनी पाकिस्तान यात्रा के किस्से सुनाए और खुशियों की अपनी 'रेसिपी' भी साझा की. जैसे ही कॉमिक लीजेंड जॉनी लीवर ने डिज्नी+हॉटस्टार की कॉमेडी सीरीज पॉप कौन? के अपने सह-कलाकार कुणाल खेमू के साथ मंच संभाला, पूरा हॉल ही ठहाकों से गुलजार हो गया. सहज कॉमिक के प्रदर्शन के साथ और इसके तरीके ('हर किसी और हर चीज पर बारीक नजर') के बारे में विस्तार से बताते हुए जॉनी लीवर ने कहा कि अच्छी कॉमेडी 'अच्छे लेखन' से ही उपजती है.

नेटफ्लिक्स पर आई चोरी पर आधारित थ्रिलर चोर निकल के भागा की सफलता से उत्साहित अभिनेत्री यामी गौतम ने बताया कि कैसे परिवार के साथ समय बिताना उन्हें खुशी देता है, जिसमें पति आदित्य धर का साथ और 'प्रकृति और पहाड़ों के बीच शांति तलाशने' से जुड़ा उनका साझा प्यार भी शामिल है. दर्शकों के लिए उनकी यही सलाह थी—अगर आप खुश रहना चाहते हैं तो 'कभी भी काम को घर में न घसीटें.' स्टैंड-अप कॉमेडियन अबीश मैथ्यू ने अपने ऑब्जर्वेशनल ह्यूमर से खूब ठहाके लगवाए.

शाम के मुख्य आकर्षण रहे इंडिया टुडे-आरपीजी हैपीनेस अवॉर्ड्स. इसकी कैटेगरी तय करने और नॉमिनी शॉर्टलिस्ट करने में इंडिया टुडे ने रिसर्च एजेंसी एमडीआरए की मदद ली थी. इसने नॉमिनेट हुए हर व्यक्ति के योगदान पर अच्छी तरह शोध किया और आठ श्रेणियों में से हर एक के तहत पांच नाम शॉर्टलिस्ट करने के लिए एक दर्जन शहरों में सर्वे के जरिए लोगों की राय ली. जूरी सदस्य इंडिया टुडे ग्रुप के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ अरुण पुरी; आरपीजी ग्रुप के चेयरमैन हर्ष गोयनका; आरपीजी ग्रुप के वाइस-चेयरमैन अनंत गोयनका और इंडिया टुडे ग्रुप के ग्रुप एडिटोरियल डायरेक्टर (पब्लिशिंग) राज चेंगप्पा ने इस कठिन दौर में लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने वाले और जीवन में उम्मीद जगाने वाले इन विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की.

शानदार सूची में शामिल आलिया भट्ट को फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी के लिए 'साल का सबसे प्रेरक अभिनय' के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. वहीं, आशीष चंचलानी को 'साल का सबसे मजेदार यूट्यूबर' और फिल्म भेड़िया के लिए अभिषेक बनर्जी को 'साल का सबसे मजेदार फिल्मी अभिनय' के अवॉर्ड से नवाजा गया. पिछले साल भी जीती (कोटा फैक्टरी के लिए) वायरल फीवर टीम ने इस बार पंचायत-2 के लिए 'सबसे प्रेरक ओटीटी सीरीज' का अवॉर्ड हासिल किया. भारत की महिला क्रिकेट कप्तान हरमनप्रीत कौर को 'साल की सबसे प्रेरक खिलाड़ी' और सद्गुरु जग्गी वासुदेव को 'सबसे सकारात्मक इन्फ्लूएंसर' चुना गया. गोवा 'सबसे खुशहाल राज्य' बना और स्माइल फाउंडेशन ने 'सबसे अधिक खुशियां बिखेरने वाले एनजीओ' का तमगा पाया. और फिर भारतीय महिला हॉकी टीम और अभिनेता ऋषभ शेट्टी को दो स्पेशल जूरी अवॉर्ड से नवाजा गया (देखें—वे क्यों चुने गए विजेता).

इस रंगारंग शाम का समापन 'देसी' रॉक ऐंड रोल ग्रुप फरीदकोट की परफॉर्मेंस के साथ हुआ, जिसने वहां मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और अमर जलाल ने तो विशेष मांग पर अपना सबसे मशहूर गाना 'नशा' दो बार गाया. इस ग्रुप की घंटे भर के शानदार प्रस्तुति के दौरान हर कोई थिरकता नजर आया और हर चेहरे पर बिखरी मुस्कान बता रही थी कि हैपीनेस फेस्ट अपने नाम पर पूरी तरह खरा उतरा.

इंडिया टुडे ग्रुप और आरपीजी ग्रुप ने साल 2022 में खुशी की खोज अभियान को लॉन्च किया था, ऐसे वक्त में जब कोविड ने लोगों को चिंता और दुख से भर दिया था. हैपीनेस फेस्ट ऐंड अवॉर्ड्स के साथ इसके दूसरे सीजन का समापन हुआ

वे क्यों चुने गए विजेता

साल का सबसे मजेदार फिल्मी अभिनय
अभिषेक बनर्जी, भेडिय़ा
जनार्दन उर्फ जना का किरदार निभाकर लोगों को खूब गुदगुदाया. वह किसी भी नए परिदृश्य और समूह के बीच, यहां तक किसी नए प्रिय दोस्त के बारे में मजाकिया प्रतिक्रिया देकर लोगों को पेट पकड़कर हंसने को बाध्य कर देता है

साल की सबसे प्रेरक खिलाड़ी
हरमनप्रीत कौर
पंजाब के एक छोटे से गांव से ताल्लुक रखने वाली भारत की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान ने न सिर्फ हाल तक पुरुषों के खेल माने जाने वाले क्रिकेट में हाथ आजमाने का ख्वाब देखा, बल्कि अपने सपने को खुलकर जिया भी. वे एक पूरी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं

स्पेशल जूरी अवॉर्ड
भारतीय महिला हॉकी टीम
विमेन इन ब्लू ने पहले ही एफआइएच विमेंस नेशंस कप में ट्रॉफी जीतकर लाखों भारतीयों का दिल जीत लिया. इस टीम ने एशिया कप और राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भी कांस्य जीता

साल का सबसे प्रेरक अभिनय
आलिया भट्ट, गंगूबाई काठियावाड़ी
आलिया एक हठीले स्वभाव और दमदार आवाज वाली महिला के मुख्य किरदार पर आधारित फिल्म के हर फ्रेम में छाई नजर आईं. गंगूबाई के साथ ही उन्होंने अपने अभिनय कौशल को चरम पर पहुंचाया

विशेष जूरी पुरस्कार
ऋषभ शेट्टी, कांतारा
शेट्टी के अभिनय ने हम में न केवल किसी खास वजह से विद्रोही बने एक किरदार के प्रति संवेदनाएं जगाईं, बल्कि दमदार तरीके से 'भूत कोला' अनुष्ठान के जरिए अपनी कलात्मकता का लोहा भी मनवाया. उनके शानदार अभिनय की वजह से ही इस कन्नड़ फिल्म को देशभर में काफी पसंद किया गया

सबसे अधिक खुशियां बिखेरने वाला एनजीओ
स्माइल फाउंडेशन
शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, महिला अधिकारिता, कोविड प्रबंधन और यहां तक स्कीइंग में भी मौलिक योगदान के लिए यह तमगा हासिल किया. स्माइल के काम ने बहुत से लोगों के जीवन में निर्णायक स्तर पर सार्थक और सकारात्मक प्रभाव डाला है

सबसे खुशहाल राज्य
गोवा
गोवा लगातार दूसरे साल सबसे खुशहाल छोटा राज्य बनकर उभरा है. इसने यह सफलता समृद्धि, स्वास्थ्य, शिक्षा, जीवनचर्या में आसानी, जीवन में शांति, पर्यावरण और स्वच्छता आदि मापदंडों में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बलबूते हासिल की है

सबसे सकारात्मक इन्फ्लूएंसर 
सद्गुरु जग्गी वासुदेव
अपने योग और ध्यान कार्यक्रम ईशा क्रिया, और ईशा आउटरीच, प्रोजेक्ट ग्रीन हैंड्स, ईशा विद्या, ग्रामीण कायाकल्प और कावेरी की पुकार जैसी पहल के जरिए उन्होंने लोगों और समुदायों को खुशहाल बनाने में खासा योगदान दिया है

सबसे प्रेरक 
ओटीटी सीरीज
द वायरल फीवर की पंचायत 2
इसमें काफी गहन और प्रासंगिक मुद्दों को बेहद सरल और प्रभावी तरीके से उठाया गया. पंचायत को विजेता बनाने में उसके बड़े दिलवाले और मिलनसार किरदारों, बेहतरीन दृश्यांकन और हमारे आसपास से जुड़े आम मुद्दों की अहम भूमिका रही

सबसे मजेदार यूट्यूबर
आशीष चंचलानी
एकदम सधे और सुविचारित हास्य—जिसे न केवल पूरे परिवार के साथ बैठकर देखा-सुना जा सके बल्कि जो लोकप्रिय सांस्कृतिक मानकों पर भी खरा उतरता हो—के साथ आशीष चंचलानी वाइन्स ने अपने करीब तीन करोड़ सब्सक्राइबर बना लिए हैं

सबसे प्रेरक संगीतकार
एम.एम. कीरावानी
ऊर्जा से लबरेज अपनी 'नाटू-नाटू' की धुन से पूरे देश को नाचने के लिए मजबूर किया और फिर इस गाने ने 'बेस्ट ओरिजिनल सॉग' का ऑस्कर भी जीता, जो किसी भारतीय फिल्म के गाने को पहली बार मिला है

रणवीर बरार, सेलेब्रिटी शेफ-लेखक
तुरंत भूलकर आगे बढ़ना खुश रहने का सबसे बड़ा राज है. कल क्या हुआ उसे भूल जाओ और आज जो पल है उसमें जियो 

जॉनी लीवर, कॉमिक लीजेंड

मैं अपनी सभी फिल्मों को ऐसे करता हूं जैसे कि वह मेरी पहली फिल्म हो. मैं कॉमेडी को कभी भी हल्के में नहीं लेता. मैं कोशिश करता हूं और हर दिन अपने शिल्प में सुधार करता हूं और उसे बेहतर बनाता हूं 

कुणाल खेमू, अभिनेता
खुशियां बिखेरने में सक्षम होने के लिए आपको अपने भीतर से खुश रहना होगा. किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने की कोशिश करें, आप खुद-ब-खुद खुश हो जाएंगे 

जश्न की झलकियां

देसी रॉक ऐंड रॉल ग्रुप फरीदकोट के प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ 
दीपक मिश्र, अरुणाभ कुमार, फैजल मलिक और रघुवीर यादव कुणाल खेमू, रणवीर बरार और जॉनी लीवर हर्ष गोयनका और अरुण पुरी से मिलते आइएनओएक्स ग्रुप के चेयरमैन पवन जैन समारोह की शुरुआत सूर्यांश प्रोजेक्ट के प्रदर्शन के साथ हुई

नवनीत कौर और यामी गौतम राज चेंगप्पा, अरुण पुरी और हर्ष गोयनका अरुण पुरी और हर्ष गोयनका के साथ हिंदुस्तान यूनिलिवर लिमिटेड के सीईओ और एमडी संजीव मेहता और उनकी पत्नी मोना मेहता अबीश मैथ्यू अनंत गोयनका के साथ हेमंत सिक्का, प्रेसिडेंट, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा फार्म इक्विपमेंट सेक्टर

ADVERTISEMENT
Advertisement