अमिताभ श्रीवास्तव
यह बात पूरे भरोसे से कही जा सकती है कि भाजपा एक क्षण के लिए भी आराम करने वाली पार्टी नहीं है और वह अपने विरोधियों को अक्सर चौंका देती है. महाराष्ट्र में विरोधी पार्टी के मुख्यमंत्री को कुर्सी से बेदखल करते वक्त भी उसकी नजरें दूसरे निशाने से जरा नहीं भटकीं. सीधे कहें तो बिहार में, जहां पार्टी अपने सहयोगी, कभी दोस्ताना और कभी तुनकमिजाज, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपने पाले में रखने के लिए तत्परता से जुटी है. यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 जुलाई को पटना में बिहार विधानसभा के शताब्दी समारोह में शामिल होकर उसके पटल पर, नीतीश कुमार के पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 फीसद आरक्षण देने के ऐतिहासिक फैसले की जमकर तारीफ की.
इससे पहले जब भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा को एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में द्रौपदी मुर्मू के नाम का ऐलान करना था, मोदी ने नीतीश को फोन करके पक्का किया कि वे उनके नाम पर सहमत हैं. 8 जुलाई को जब मुख्यमंत्री कार्यालय ने पहली बार मंत्री (भूमि सुधार और राजस्व) बने भाजपा के राम सूरत राय की तरफ से जारी 149 अफसरों के तबादले के आदेश रद्द कर दिए और राय जोर-शोर से तोहमतें मढ़ने लगे, तो उपमुख्यमंत्री तारा किशोर प्रसाद अपने साथी का मुंह बंद करने के लिए भागे-भागे उनके मुजफ्फरनगर स्थित घर गए.
भाजपा नीतीश को खुश रखने के लिए हद से आगे जाकर इतना अतिरिक्त जतन क्यों कर रही है? भाजपा के एक बड़े पदाधिकारी कहते हैं, ''बात जाहिरा तौर पर सिर्फ राष्ट्रपति चुनाव की नहीं है. विकल्प हमारे सामने साफ है. भाजपा का मुख्यमंत्री बनाकर मुसीबत गले लगाने के बजाए नीतीश को अपनी तरफ रखकर 2024 में 2019 की कहानी दोहराना ज्यादा उचित और वास्तविक है.'' 2019 में एनडीए ने बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से 39 जीती थीं—और 2020 के विधानसभा चुनाव में जनता दल (यूनाइटेड) के घटते वोट और सीट हिस्सेदारी के बावजूद 2024 के लिए भाजपा को नीतीश की चमक-दमक की जरूरत होगी.
गिनती में वापसी
नीतीश की नई हासिल प्रासंगिकता में दो कारकों का योगदान है. एक, जाति गणना के हक में उनकी अडिग वकालत. गांव-देहात से मिले फीडबैक की मानें तो इस पहल ने अत्यंत पिछड़ा वर्ग समूहों (ईबीसी) को उनके पीछे एकजुट और गोलबंद करने में मदद की. समय भी यहां एक कारक है. नीतीश ने जाति गणना फरवरी 2023 तक पूरी करके उसके नतीजे सार्वजनिक करने का वादा किया है. इससे 2024 की तैयारी में एक नई जाति-संचालित शक्ति और बल पैदा होने की उम्मीद है. अगर भाजपा पर चुनावी फायदे के लिए राष्ट्रवादी भावनाओं और धार्मिक ध्रुवीकरण के इस्तेमाल का आरोप लगता है, तो जाति गणना ऐसे सामाजिक मंथन को जन्म दे सकती है जिसके फायदे भाजपा (या कांग्रेस) के बजाए क्षेत्रीय पार्टियों को मिलने की संभावना है. जाति फिसलन भरी ढलान है, इसलिए भाजपा सरीखी राष्ट्रीय पार्टी इस पिच पर सुरक्षित खेलते हुए नीतीश सरीखे सामाजिक इंजीनियरिंग के तपे-तपाए महारथी के पीछे बैटिंग करना चाह सकती है.
दो, बिहार में भाजपा के मुख्य विरोधी तेजस्वी यादव 2019 के मुकाबले आज बेहतर स्थिति में हैं. 2019 में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) जितनी सीटों पर चुनाव लड़ा, सभी हार गया था. मगर आज न केवल उनका मुस्लिम-यादव (एम-वाइ) वोट जस का तस है बल्कि 2020 के विधानसभा चुनाव में जोशीले प्रदर्शन से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है. अगर भाजपा को उनसे लड़ना है तो उन्हें नीतीश को फिर अपने पाले में रखना होगा. राजद का मजबूत एम-वाइ गठजोड़ (16 फीसद मुसलमान और 14 फीसद यादव) बीते सालों के दौरान नीतीश को रोकने में नाकाम रहा तो मोटे तौर पर इसलिए कि ईबीसी और महादलितों का ऐसा ही गठजोड़ खुद बिहार के मुख्यमंत्री के पीछे खड़ा है.
भाजपा बिहार में हालांकि सबसे ज्यादा वोट हिस्सेदारी को छू रही है, पर यह इतना काफी नहीं कि अगर मुकाबला दो ध्रुवीय होता है तो वे अकेले चुनाव में उतरकर जीत सकें. 2014 के लोकसभा चुनाव में जब मुकाबला त्रिकोणीय था और नीतीश तथा राजद दोनों अकेले और एक दूसरे के खिलाफ लड़ रहे थे, भाजपा ने बिहार की सारी सीटें बटोर ली थीं. भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी हमेशा कहते रहे हैं कि बिहार में तीन बड़ी राजनैतिक ताकतें हैं—भाजपा, जद (यू) और राजद. जब दो हाथ मिला लेती हैं तो तीसरे को हरा देती हैं. अगर नीतीश पाला बदलते हैं तो भगवा पार्टी को 2015 दोहराते देखना पड़ सकता है. तब नीतीश ने महागठबंधन में राजद और कांग्रेस से हाथ मिलाकर पूर्ण बहुमत हासिल किया था, जबकि भाजपा 243 सदस्यों के सदन में महज 53 सीटों के साथ हाथ मलती रह गई थी.
अगर जाति गणना के नतीजे बिहार के मतदाताओं को और ज्यादा बांट देंगे, तो इसके नीतीश के अनुकूल होने की उम्मीद है, जिन्होंने हाशिये पर मौजूद समूहों के सामाजिक कल्याण के साथ विकास को चतुराई से जोड़ दिया है. इस मिश्रण में महादलित वोट तो उनके साथ हैं ही, वे ईबीसी में आने वाले मुसलमानों को राजद से और साथ ही शहरी मध्यम वर्गीय सवर्ण वोटों का एक हिस्सा भाजपा से छीन लाए हैं. 100 से ज्यादा जातियों से मिलकर बने और बिहार की आबादी के 30 फीसद ईबीसी ने बिहार की राजनीति में अच्छी-खासी आवाज हासिल कर ली है. वोट देने के मामले में ईबीसी की पसंद-नापसंद की कोई प्रमाण आधारित जानकारी मौजूद नहीं है, क्योंकि वे आम तौर पर खामोश मतदाता हैं और सवर्णों या यादवों की तरह बढ़-चढ़कर अपनी बात रखने वाला एक धड़ा नहीं हैं, पर माना जाता है कि उनका बड़ा हिस्सा नीतीश का समर्थक है.
गठबंधन धर्म का पहिया
भाजपा को फिक्र यह भी है कि जाति गणना के मुद्दे पर साझा जमीन पर आने के बाद नीतीश और तेजस्वी के रिश्तों में गर्माहट आ रही है. पटना विश्विद्यालय में अर्थशास्त्र विभाग के सेवानिवृत्त प्रमुख डॉ. नवल किशोर चौधरी कहते हैं, ''यह समझना मुश्किल नहीं है कि दरकिनार समुदायों की नुमाइंदगी करने का दावा करने वाले जद (यू) और राजद जाति जनगणना के सबसे बड़े समर्थक क्यों हैं. इससे उनकी पहचान की राजनीति मजबूत होती है; दूसरी तरफ भाजपा सरीखी पार्टी कमजोर हो सकती है.'' जद (यू) के नेता हाल के दिनों में राजद के खिलाफ संयम बरतते रहे हैं, जो भाजपा के लिए साफ संकेत है कि नीतीश ने गठबंधन के लिए दूसरे विकल्पों की छानबीन की संभावना बनाए रखी है.
बिहार की राजनीति में नीतीश का फिर से प्रमुखता हासिल करना 2020 के विधानसभा चुनाव के बाद निश्चित नहीं था. एनडीए ने बहुत क्षीण बहुमत से किसी तरह कामयाबी हासिल की थी. जद (यू) की अपनी सीटों की संख्या 2015 की 71 सीटों से घटकर 43 पर आ गई थी, जो भाजपा की 74 सीटों (53 से बढ़कर) से खासी कम थीं. उस पड़ाव पर नीतीश शक्तिहीन हो चुके शख्स नजर आते थे और भाजपा ऐसी ताकत जिसे रोका नहीं जा सकता. पार्टी ने पहली बार स्पीकर का पद हथिया लिया और यहां तक कि दो उपमुख्यमंत्री बनाए. नीतीश के मंत्रिमंडल में पहली बार उसके जद (यू) से ज्यादा मंत्री भी थे.
भगवा खेमे के कुछ नेता बिहार में देर-सवेर नेतृत्व में बदलाव का संकेत देते रहते हैं. उनका कहना है कि बिहार अकेला बड़ा राज्य है जहां सरकार में होते हुए भी भाजपा उसकी अगुआई नहीं कर रही है (महाराष्ट्र अब ऐसा दूसरा राज्य है) और यही वक्त है जब भाजपा को अपना आधार बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनना चाहिए. बड़े नेताओं का एक और धड़ा इससे तो इत्तेफाक रखता है, पर बिहार के सियासी फलक का उनका आकलन ज्यादा यथार्थवादी है और 2024 के लोकसभा चुनाव की ज्यादा दीर्घकालिक जरूरतों को ध्यान में रखता है, आत्मनिर्भरता की संभावना फिर भले ही कितना भी लुभाती मालूम देती हो. तब और भी कोई संदेह नहीं रह गया जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान 28 जून को पटना आए और बंद कमरे में नीतीश से मिले. उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''बिहार में नीतीश जी एनडीए के नेता हैं. उन्हें सरकार की अगुआई का जनादेश हासिल है. इसमें कोई शक नहीं होना चाहिए.''
इस आश्वासन के बावजूद नीतीश भगवा खेमे की खींचतान और दबावों से वाकिफ हैं. विकास को सामाजिक इंजीनियरिंग के साथ जोड़ने की उनकी रणनीति बहुत सोची-समझी है. लिहाजा जहां एक ओर बिहार के अखबार इन दिनों अपने जनता दरबार में मसले सुलझाते, नई सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन करते, उद्योगों में मामले में नए मील के पत्थर गाड़ते, 'विकास पुरुष' और 'सुशासन बाबू' के रूप में अपनी प्रतिष्ठा को नई चमक देते नीतीश के बारे में रिपोर्टों से भरे पड़े हैं, वहीं उनकी जाति गणना से सामाजिक जागरूकता आने की उम्मीद है. दोनों मिलकर नीतीश को वह जरूरी आधार देते हैं जिससे वे सत्तारूढ़ गठबंधन में अपना दबदबा बनाए रख सकते हैं.

