scorecardresearch
डार्क मोड

प्रधान संपादक की कलम से

एक डॉक्टर ने हमें बताया कि किस तरह उनके 80 से 90 फीसद के बीच मरीज ठीक होने के बाद भी सूखी खांसी, कमजोरी और बार-बार पानी की कमी होने की प्रवृत्ति से ग्रस्त रहे.

अपडेटेड 21 जून , 2021

अरुण पुरी

इस साल दिल को सुकून देने वाले ऐसे ग्राफ देखने को कम ही मिले हैं, जितना कि वह एक ग्राफ जो भारत में कोविड-19 के मामलों में तेज गिरावट को दिखा रहा था.

मई में एक समय ऐसा था जब संक्रमण के रोज 4,00,000 से ज्यादा मामले सामने आ रहे थे. अब उनकी दैनिक संख्या 1,00,000 से कम पर आ गई है. 15 जून को दर्ज मामलों की गिनती 60,471 थी, जो कि बीते 75 दिनों में दैनिक मामलों के हिसाब से सबसे कम थी. 7 मई को सबसे ज्यादा सामने आए 4,06,901 मामलों के संक्रमितों की तादाद में पूरे 85 फीसद की कमी आई है.

भारत में महामारी की शुरुआत से अब तक 2.9 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं, जिनमें से 2.8 करोड़ तो ठीक हो चुके हैं. फिर भी, जैसा कि पहली लहर ने पाठ पढ़ाया है, कोविड-19 को लेकर हमें अपनी सतर्कता में जरा भी कमी नहीं आनी देनी चाहिए. खास तौर पर इसलिए भी कि हम इस वायरस की वजह से नई किस्म की परेशानियां पैदा होते देख रहे हैं.

पहले तो हर किसी ने कोविड-19 को एक सामान्य किस्म का बुखार मानकर खारिज कर दिया था. एक ऐसा बुखार जिससे हम बगैर किन्हीं साइड इफेक्ट के उबर सकते हैं. पर अब हम अच्छी तरह जान गए हैं कि यह सच से बिल्कुल परे है.

आखिर इसके सही-सही लक्षण क्या हैं? इसके अनुमान न तो विशेषज्ञ लगा पा रहे हैं और न ही मरीज. दोनों को इसने हैरानी में डाला हुआ है. मगर बीते डेढ़ साल के दौरान शोधकर्ताओं ने इसका पर्याप्त डेटा जुटाया है जो इस बात की तस्दीक करता है कि बहुत सारे संक्रमित लोग 14 दिन (शरीर को इस वायरस के असर से उबरने में अमूमन लगने वाला समय) बाद भी इसके लक्षण अनुभव करते रहते हैं.

स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन के मई 2021 के एक अध्ययन के मुताबिक, मध्यम या तीव्र कोविड संक्रमण वाले 70 फीसद मरीजों को ठीक होने के महीनों बाद तक किस्म-किस्म के लक्षण अनुभव होते रहे.

इसे लांग कोविड के नाम से जाना जाता है. इसके लक्षणों में बदन दर्द, बुखार, थकान, सांस लेने में दिक्कत, घबराहट, आवाज में बदलाव और यहां तक कि याददाश्त में चूक भी शामिल है. एक डॉक्टर ने हमें बताया कि किस तरह उनके 80 से 90 फीसद के बीच मरीज ठीक होने के बाद भी सूखी खांसी, कमजोरी और बार-बार पानी की कमी होने की प्रवृत्ति से ग्रस्त रहे.

डॉक्टरों के मुताबिक, दूसरी और ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि वायरस शरीर के हर प्रमुख अंग पर हमला कर रहा है. ऐसा इसलिए है क्योंकि यह वायरस एसीई2 (एंजियोटेंसिन- कन्वर्विग एंजाइम) रिसेप्टर से चिपक जाता है, जो फेफड़ों, दिल, रक्त वाहिकाओं, किडनी, लीवर और पाचन तंत्र सहित शरीर के तकरीबन सभी अंगों में मौजूद है. एसीई2 एक एंजाइम है जो ज्यादा बड़े एंजियोटेंसिनोजेन प्रोटीन के टुकड़े करके छोटे-छोटे प्रोटीन उत्पन्न करता है, जो फिर कोशिका के कार्यों 

को नियंत्रित करते हैं. वायरस इन्हीं एसीई2 रिसेप्टरों का दरवाजों की तरह इस्तेमाल करता है और शरीर में दाखिल होकर उसे संक्रमित  कर देता है.

हृदय और फेफड़ों के बाद मस्तिष्क और किडनी जोखिम से घिरे दो सबसे अहम अंग हैं. कोविड मरीजों के पोस्टमॉर्टम से पता चला कि इन दोनों ही अंगों में खून के थक्के चले गए थे.

इन्फ्लेमेशन और थ्रोंबोसिस दो अन्य 'खामोश हत्यारे’ हैं जो ऊपरी तौर पर कोविड से उबर चुके मरीजों पर हमला बोल सकते हैं. ये वायरस के खिलाफ शरीर के स्वाभाविक रक्षाकवच हैं, लेकिन इन्हें संक्रमण के बाद भी शरीर में टिके रहने दिया जाए तो ये कहर बरपा सकते हैं.

लांग कोविड को औपचारिक तौर पर पोस्ट-कोविड सिंड्रोम के रूप में जाना जाता है. इसके बारे में राष्ट्रीय डेटा या इसके लक्षणों और इसकी संभावना बढ़ाने वाले जोखिम के कारकों की जानकारी मौजूद नहीं है. ऐसे में देश भर के कोविड वार्डों के डॉक्टर डरावनी तस्वीर पेश करते हैं. एसोसिएट एडिटर सोनाली आचार्जी ने देश भर के कई ऐसे डॉक्टरों से बात की और हमारी आवरण कथा 'कोविड का लंबा साया’ का ताना-बाना बुना.

लांग कोविड फिर इस बात की तस्दीक करता है कि यह वायरस किस कदर जानलेवा है और यह भी कि तीव्र संक्रमण के खिलाफ एकमात्र कवच वैक्सीन ही हैं. इसलिए जरूरत इस बात की है कि सरकार इस साल के अंत तक भारत के 90 करोड़ वयस्क लोगों को टीके लगाने के अपने फोकस में जरा भी कमी न आने दे. 

लांग कोविड के मामलों के कहीं ज्यादा गहरे अध्ययन और बेहतर समझ की जरूरत है. ढीठ प्रेत की तरह कोविड-19 उन्हीं लोगों के पीछे पड़ता है जो मानते हैं कि वे पूरी तरह ठीक हो चुके हैं. डॉक्टरों को भी इसके बारे में संवेदनशील बनाना होगा. इसके लिए लगातार इलाज की जरूरत होती है. मसलन, दिल्ली में कोविड से ठीक हो चुके मरीजों के इलाज के लिए एक समर्पित अस्पताल है.

खुशकिस्मती से लांग कोविड को स्वस्थ खान-पान और नियमित मेडिकल जांच से परास्त किया जा सकता है. इस वायरस से निबटने के मामले में आत्मसंतोष का विकल्प बिल्कुल है ही नहीं.

अब जैसा कि हमें पता चल रहा है, यह इसके बाद के नतीजों पर भी इतना ही लागू होता है. जाहिर है, यह उसी वक्त खत्म नहीं हो जाता जब आपको लगता है कि अब तो यह गया, खत्म हुआ. सौ की सीधी बात, अगर आपको कोरोना हुआ था, तो अब भी जरा सावधान ही रहिएगा.


—अरुण पुरी

 

ADVERTISEMENT
Advertisement