संदीप कौशिक
हमारे यहां त्योहारों का मौसम रोशनी की चमक के बिना अधूरा है. वास्तव में, इस साल इस पर पहले से अधिक ध्यान दिया जा रहा है और रोशनी अब केवल सजावट में सहायक नहीं रहने वाली बल्कि आकर्षण का केंद्र बनेगी. चाहे आप अपने लिविंग स्पेस को आगंतुकों के स्वागत-सत्कार की मुख्य जगह बनाना चाहते हैं या बस परिवार के साथ भोजन का आनंद लेने में इस्तेमाल करना चाहते हों, पसंद के हिसाब से माहौल तैयार करने में लाइटिंग की मुख्य भूमिका रहने वाली है. हालांकि, बाजार में विकल्पों का अंबार है और जरूरत के मुताबिक सही चयन मुश्किल काम हो सकता है. हम कुछ टॉप लग्जरी ट्रेंड्स के बारे में बता रहे हैं जो आपके घर की सुंदरता में चार चांद लगा सकते हैं.
डायनेमिक लाइटिंग
ग्राहकों को दो बातें लुभाती हैं—सरल नियंत्रण और कंफर्ट. लोगों का रुझान पारंपरिक झूमर और लैंप की जगह अब ऐसे एलईडी और डायनेमिक लाइटिंग में बढ़ा है, जो मोबाइल ऐप से नियंत्रित हो सकती हैं. ये डायनामिक लाइट रंग बदल सकती हैं और इनकी रोशनी बटन के स्विच या फिर उंगली के स्वाइप से घटाई-बढ़ाई जा सकती है. इन्हें स्मार्ट लाइट कहा जाता है. ये वाइ-फाइ से कनेक्ट हो सकते हैं और ये बहुत से आकर्षक फंक्शन से लैस हैं.
डिजाइन जो भीड़ से अलग करता हो
हमें स्वीकार लेना चाहिए कि अब सामान्य लाइटिंग का दौर नहीं रहा. आज मांग उसकी है जिसे देखते ही कोई खुद को 'वाह' कहने से न रोक सके. अब लोग आर्ट वर्क की तरह ही सजावटी प्रकाश में भी बढिय़ा कलेक्शन चाहते हैं जो उन्हें भीड़ से अलग कर सके. इनमें अलग-अलग रंग और विस्मयकारी रोशनी वाले उपकरण शामिल हैं, जिनमें शीशे और एल्यमुनियम पर बने ऐसे शानदार डिजाइन हैं जिन्हें देखते ही आंखें खुली रह जाएं.
ज्योमेट्रिक डिजाइन
आज के घर को ऐसी रोशनी की जरूरत है जिसकी प्रकाश व्यवस्था में भी खास डिजाइन की झलक मिलती हो. यही कारण है कि ज्योमेट्रिक वॉल ब्रैकेट्स, पेंडेंट, झूमर और लैंप के डिजायन में बड़ा बदलाव हुआ है. अब लटकती चौकोर लाइटिंग, दीवार में फिक्स होने वाली अंडाकार और त्रिकोणीय डिजाइन वाली लाइट्स, आयताकार फ्लोर लैंप और अमूर्त विषमकोणीय झूमर के बारे में सोचें. आप उन्हें चाहे जिस कमरे में लगाएं, ये घर में आकर्षण का मुख्य केंद्र बनते हैं.
त्योहारी मौसम के मुताबिक लाइटिंग
त्योहारों की दस्तक के साथ नई उमंग भरने के लिए लाइटिंग की ओर लोगों का रुझान बना है. लोग अपने घर के मंदिरों के साथ अपने घरों के खास कोनों के लिए घंटियों या फूलों (जैसे गेंदा) के आकार वाले लाइटिंग उपकरण पसंद कर रहे हैं. ये किसी इन्स्टॉलेशन से बड़े आकार के भी हो सकते हैं, या फिर छोटे और हल्के हो सकते हैं. इसके अतिरिक्त, लोग इस दौरान इनडायरेक्ट, मद्धम और मन को आनंदित करने वाली धीमी रोशनी की इच्छा रखते हैं. यही कारण है कि फेस्टिव-थीम वाली लाइंटिंग उतनी चकाचौंध रोशनी वाली नहीं हैं; इसके बजाए वे एम्बिएंट लाइटिंग पसंद करते हैं जिससे उत्सव के माहौल में अलग तरह की गर्माहट दिखती है.
बिजली बचाने वाले और पर्यावरण के अनुकूल
यह थोड़ा आश्चर्यजनक लगता है कि लाइटिंग में भी ग्रीन थीम ट्रेंड में है. कम ऊर्जा की खपत करने वाली एलईडी लाइट के साथ मंद की जा सकने वाली रोशनी के इस्तेमाल के प्रति भी लोगों का बढ़ता रुझान साफ दिखता है. लगभग सभी महंगे उपकरण डिमर के साथ आते हैं.
संभालना हो आसान
लोग ऐसे उत्पादों की ओर आकर्षित हो रहे हैं जिसका रखरखाव आसान हो. ऐसी खूबी से लैस डिजाइन और उत्पादों की भरमार है. इसी तरह, लाइटिंग के लिए, एक विशेष कोटिंग युक्त उपकरण जो धूल के जमाव को 80 प्रतिशत तक कम करता है, बहुत लोकप्रिय हो रहे हैं. चाहे आप एक भारी-भरकम झूमर लेने का मन बना रहे हों या फिर छोटे एलईडी, ये ट्रेंड सुनिश्चित करेंगे कि आपकी चुनी लाइटिंग आपके घर का मुख्य आकर्षण बनेगी.
(लेखक सान सूसी लाइटिंग के भारत में कंट्री मैनेजर हैं)

