scorecardresearch
डार्क मोड

इंदौर के आगे किसकी बिसात

अब तो मध्य प्रदेश सरकार अपने यहां निवेशकों को आकर्षित करने के लिए इंदौर के स्वच्छता के इस दर्जे को एक खासियत के रूप में प्रचारित करती है

आइना सड़कें इंदौर में पलासिया के आदर्श रोड इलाके में स्वच्छता अभियान में जुटीं सफाईकर्मी
आइना सड़कें इंदौर में पलासिया के आदर्श रोड इलाके में स्वच्छता अभियान में जुटीं सफाईकर्मी
अपडेटेड 3 सितंबर , 2020

भारत के सबसे साफ शहर के रूप में इंदौर की पहचान पर अब किसी बहस की गुंजाइश नहीं है. बीते 20 अगस्त को मध्य प्रदेश की यह व्यावसायिक राजधानी 10 लाख से ऊपर की आबादी वाले शहरों के बीच आयोजित होने वाले केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छ सर्वेक्षण में लगातार चौथी बार पहले स्थान पर रहा. इस उपलब्धि से इस वार्षिक सर्वेक्षण की क्रियाविधि के बारे में लोगों की अंट-शंट धारणाओं को भी विराम मिल गया है और कट्टर शंकालुओं को भी मानना पड़ेगा कि यह सम्मान पाने के लिए इंदौर ने कुछ तो ठीक काम किया होगा.


चिरपरिचित धूल, गंदगी, अराजकता और आवारा जानवरों से भरे मध्य भारत के किसी भी सामान्य शहर से साफ सुथरी सड़कों, बढिय़ा अपशिष्ट संग्रहण और प्रबंधन योजना वाले मौजूदा इंदौर में कायांतरण के पीछे कई कारकों का मिलाजुला प्रभाव रहा है, जिसे यहां के उत्साही नगर निगम कार्मिकों और जागरूक नागरिकों ने मिलकर संभव बनाया.


इंदौर की सफलता की इस रणनीति को समझने के लिए पांच साल पीछे जाना होगा. 2016 में जब पहले स्वच्छ सर्वेक्षण के बाद शहरों की रैंकिंग घोषित हुई थी, तो इंदौर देश में 25वें स्थान पर था. शीर्ष सम्मान मैसूरू को मिला था. लेकिन उसी वर्ष इंदौर भारत का दूसरा ऐसा जिला बन गया, जिसे खुले में शौच से मुक्त घोषित किया गया था. इस उपलब्धि ने तत्कालीन नगर निगम आयुक्त मनीष सिंह और महापौर मालिनी गौड़ को प्रेरित किया कि वे शहर को बेहतर बनाने का बीड़ा उठाएं.


मनीष सिंह ने स्वच्छता के लिए जिम्मेदार संस्था इंदौर नगर निगम में पुरस्कार और दंड नीति लागू की. उन्होंने उस समय के 3,500 स्वच्छता कर्मचारियों में लगभग 2,000 कार्मिक और भर्ती किए जबकि कामचोरों की सेवाएं समाप्त कर दीं. अब इंदौर के कलेक्टर की कुर्सी पर विराजित मनीष सिंह कहते हैं, ''मैंने सड़कों पर स्वच्छता सुनिश्चित करने की दिशा में घर-घर से कचरे के संग्रह की पहचान सबसे महत्वपूर्ण कदम के रूप में की, क्योंकि अगर नागरिक निर्धारित स्थानों पर कचरा फेंकें तो भी समय पर उठान न होने पर वहां कचरे का ढेर हो जाता है.'' उनके कार्यकाल में ही इंदौर नगर निगम ने उद्गम पर ही अपशिष्ट का अलगाव भी शुरू किया, जिसे थोड़े आरंभिक प्रतिरोध के बाद जनता ने भी अपना लिया.


जैसे ही नगर निगम के प्रयासों के परिणाम दिखाई देने लगे, इंदौर का उत्साही नागरिक समाज इसके समर्थन में आ गया और सामाजिक समूहों ने स्वच्छता पहल में नगर निगम की सहायता करनी शुरू कर दी. नगर निगम ने घर-घर से कचरा संग्रहण की निगरानी के लिए गैर-सरकारी संगठनों को जोड़ा. गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने न केवल यह सुनिश्चित किया कि कचरा नगर निगम के ट्रकों से बाहर न गिरे, बल्कि उन्होंने शहर में कहीं भी दिख रहे कचरे के ढेरों के बारे में भी बताना शुरू किया. इन संगठनों ने इंदौर नगर निगम को उसकी तीन 'आर' रणनीति—रिड्यूस, रियूज, रिसाइकल (कमी, पुनर्प्रयोग और पुनर्चक्रण)' को लागू करने में भी मदद की.


घर-घर से कचरे के संग्रहण को सफल बनाने के लिए 180 करोड़ रु. का पूंजीगत व्यय किया गया. दो वर्षों में ही इंदौर नगर निगम के सफाई और कचरा संग्रह वाहनों का बेड़ा 100 से 600 का हो गया. इंदौर नगर निगम के अनुसार, हर दिन 1,115 मीट्रिक टन कचरा उत्पन्न करने वाले इंदौर के सभी 85 वार्डों में आवासीय और वाणिज्यिक स्थानों समेत सभी जगह घर-घर से कचरा संग्रहण होता है.


2017 में इंदौर स्वच्छ सर्वेक्षण रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गया. उसके बाद से भारत के सबसे स्वच्छ शहर को अपने इस बेशकीमती टैग पर पकड़ बनाए रखने की चुनौती थी. 2018 की शुरुआत में इंदौर नगर निगम के आयुक्त के रूप में मनीष सिंह की जगह आशीष सिंह आए. उन्होंने अपने पूर्ववर्ती की शुरू की गई सफल रणनीतियों को जारी रखा, जिससे इंदौर के परिणाम लगातार बेहतर बने रहे. उन्होंने न केवल 2,500 स्वच्छता कर्मचारियों की और भर्ती करके इंदौर को साफ रखने वाले स्वच्छता कार्यबल को 8,000 तक पहुंचाया, बल्कि अपने लिए भी एक लक्ष्य निर्धारित किया—इंदौर की आंखों में सबसे ज्यादा चुभने वाली जगह, देवगुराडिय़ा लैंडफिल साइट, से मुक्ति दिलाने का. देवगुराडिय़ा में चार दशकों से भी अधिक समय से कूड़ा डाला जा रहा था. फिलहाल पड़ोसी जिले उज्जैन के जिलाधिकारी आशीष सिंह कहते हैं कि ''कचरे का एक ढेर लोगों को प्रोत्साहित करता है कि वे भी वहीं कचरा डालें जिससे वह बड़ा और अप्रबंधनीय होता जाता है.''


देवगुराडिय़ा में व्यापक बायोरीमीडिएशन प्रक्रिया के माध्यम से लगभग 2,00,000 मीट्रिक टन कचरे को खत्म किया गया. इस कूड़ा पटान की चारदीवारी बनाकर 60,000 पौधे लगाकर वहां अब एक हरित पट्टी विकसित की गई है. इंदौर में पैदा होने वाले पूरे कचरे को अब संसाधित किया जाता है और देवगुराडिय़ा के आसपास से बदबू का नामोनिशान इस तरह से खत्म हो गया है कि अब इस कूड़ा पटान को गोल्फ कोर्स में बदलने का प्रस्ताव है.


इंदौर की सफलता की कहानी की गवाही रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने अपनी पुस्तक द थर्ड पिलर में दी है. परिवर्तन पर विस्तार से बात करने के पहले पुराने दौर के इंदौर के बारे में राजन ने लिखा, ''सर्राफा बाजार स्थित खाने-पीने के सामान के मशहूर बाजार में स्टॉलों से खरीदा हुआ खाना कागज के प्लेटों पर खाने के बाद, ग्राहक अपनी प्लेटें और बची-खुची खाद्य सामग्री वहीं जमीन पर फेंक दिया करते थे. लोग अपने घरेलू कचरे के प्रति भी अधिक सावधान नहीं थे और उसे आसपास कहीं भी फेंक देते थे जिसे शायद ही कभी उठाया जाता था.'' आज, या यूं कहें कि कोविड के दौरान जीवन का ढर्रा बदल जाने से ठीक पहले, सफाईकर्मियों के दल हर सुबह चार बजे सर्राफा बाजार में पहुंचते हैं और सूर्योदय होने तक सर्राफा बाजार में छटांक भर भी गंदगी नहीं बचती.


इंदौर के लोग अब अपने शहर के अर्जित किए गए स्वच्छता सक्वमान पर गर्व करते हैं. यह भाव अब इस हद तक है कि सड़कों पर अनजाने में कोई गंदगी फैलाने वालों को आवाज देकर बुलाना यहां कोई असामान्य बात नहीं है. राज्य सरकार भी इंदौर की इस स्थिति को भुनाने के लिए और अपनी सभी प्रचार गतिविधियों में इसका उल्लेख कर रही है, खासकर निवेश को आकर्षित करते हुए.


उल्लेखनीय है कि इंदौर में चले जागरूकता अभियानों में क्रिकेट शब्दावली का खूब प्रयोग हुआ है. 2019 में, गायक शान ने एक जिंगल 'हैट-ट्रिक लगाएंगे' गाया था, जबकि अगले साल का नारा था 'चौका लगाएंगे'. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जोर देकर कहते हैं कि अगले दो साल में इंदौर अब छक्का लगाएगा. वह गलत नहीं कहते कि ''स्वच्छता अब इंदौर की संस्कृति का हिस्सा है.''

ADVERTISEMENT
Advertisement