वहां कामयाबी के सुनहरे किस्से थे तो अपने संघर्ष को याद कर छलक आए आंसू भी. गंभीर बहस के साथ ही छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा के नारे, बॉलीवुड और लोकगीतों पर थिरकती और गरबा करती खिलखिलाती महिलाएं भी थीं. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 7 मार्च को आयोजित इंडिया टुडे वुमन समिट ऐंड अवॉर्डस का ताजा संस्करण यादगार बन गया. आयोजन में शिरकत करने पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आजादी के आंदोलन में छत्तीसगढ़ की महिलाओं के संघर्ष और बलिदान के साथ ही अंग्रेजों के सामने जंगल सत्याग्रह करने वाली आदिवासी महिलाओं के योगदान को याद किया तो रायपुर की पहली महिला मेयर किरणमयी नायक ने नारी शक्ति के ऐसे सम्मान के लिए इंडिया टुडे की तारीफ की.

पुरस्कार और बातचीत के लिए इंडिया टुडे ने उन संघर्षशील महिलाओं को खोज निकाला, जिन्होंने तमाम बाधाओं को पार करने का माद्दा दिखाया और जो मिसाल ही नहीं, बेमिसाल भी बन रही हैं. पुरस्कार पाने वाली छह विजेताओं में राष्ट्रीय राजनीति में छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा महिला चेहरा भारतीय जनता पार्टी की सरोज पांडे, बिना जुताई के बुआई की तकनीक पेश करने वाली उद्यमी तूलिका पांडे, स्वयंसहायता समूहों के जरिए महिलाओं को एकजुट करने वाली फुलबासन बाई यादव, निजी जिंदगी और खेल के मैदान में संघर्ष की मिसाल बनीं ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी रेणुका यादव, अंधविश्वास और वेश्यावृत्ति के खिलाफ परचम लहराने वाली आइपीएस अफसर नीतू कमल और हिंदी फिल्मोद्योग में अपनी सोने जैसी खरी आवाज के जरिए पहचान बनाने वाली अमृता तालुकदार थीं.
अपने स्वागत भाषण में इंडिया टुडे के संपादक अंशुमान तिवारी ने कहा, ''छत्तीसगढ़ भारत के उन कुछेक राज्यों में से एक है जहां महिलाओं ने सांस्कृतिक विरासत संभाल रखी है. छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक इतिहास में, लोकगाथाओं में और यहां की जनजातीय संस्कृति में महिलाओं की गहरी भूमिका रही है.''
अपने उद्घाटन भाषण में किरणमयी नायक ने महिला अधिकारों की लड़ाई पर नया कोण पेश किया और कहा कि अधिकारों की लड़ाई में महिलाओं को ही ढाल बनाया जाता है. उन्होंने कहा, ''सवाल अधिकार और कानून का नहीं है. ऐसे कानून पर्याप्त संख्या में हैं. सवाल है कि समाज की सोच और परिवेश को कैसे बदला जाए.''
सम्मेलन के पहले सत्र के विषय 'आदिवासी महिलाओं का उत्थान' पर बातचीत घरेलू हिंसा की तरफ मुड़ गई. राज्य महिला कांग्रेस विंग की अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम ने कहा, ''घरेलू हिंसा की मुख्य वजह है अपनी समस्या किसी से साझा नहीं करना. मसला चुप बैठने से हल नहीं होगा. कानून मौजूद हैं पर उनका सही इस्तेमाल करना आना चाहिए.'' सिहवा की विधायक लक्ष्मी ध्रुव ने कहा, ''इस समस्या की गहनता ग्रामीण इलाकों में अधिक है. गांवों में महिलाएं स्वयंसहायता समूह बनाकर आर्थिक रूप से मजबूत बन रही हैं. इन समूहों में घरेलू हिंसा पर भी चर्चा हो और उसे एकजुट होकर रोकने की कोशिश की जाए.'' सम्मेलन का दूसरा सत्र दो जांबाज महिला अफसरों के नाम रहा.

आइपीएस अफसर नीतू कमल और दंतेश्वरी लड़ाके नाम के नक्सल विरोधी विशेष महिला दस्ते की डीएसपी दिनेश्वरी नंद ने 'महिलाओं के हाथ कमान' नाम के इस सत्र में अपने तजुर्बे साझा किए. आइपीएस अधिकारी नीतू कमल ने जादू-टोने का विरोध करने के लिए खुद अंगारों पर चलकर दिखाया जब एक गांव में सांप काटे का इलाज करवाने की बजाए लोग मरीज को ओझा के पास झाड़-फूंक के लिए ले गए. कमल कहती हैं, ''हमने अंगारों पर चलने का फैसला इसलिए किया ताकि गांववालों को यकीन हो सके कि ऐसा करने के लिए किसी खास ताकत की जरूरत नहीं होती.'' दिनेश्वरी नंद ने आत्मसमर्पण किए नक्सली पुरुषों के पुनर्वास की तर्ज पर महिला नक्सलियों का इस्तेमाल पुलिस बल में किया और उनकी स्थानीय जानकारी से अपनी मुहिम को धारदार बना दिया. उन्होंने कहा, ''हमने बस उन महिलाओं की छिपी शन्न्ति का इस्तेमाल देशहित में किया जो पहले राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में बरबाद हो रही थी.'' कमल ने बिलासपुर में तैनाती के दौरान गुलाबी गैंग भी बनाया था और वेश्यावृत्ति के खिलाफ मुहिम छेड़ी थी.
तीसरे सत्र में दर्शक ऐसी शख्सियतों से रू-ब-रू हुए जिनके पास खुद एक मशाल बनकर दूसरे के लिए मिसाल बनने का किस्सा था. 'मेरी सफलता, मेरी कहानी' सत्र में फुलबासन बाई यादव और हॉकी खिलाड़ी रेणुका यादव ने अपने संघर्ष के किस्से बताए. फुलबासन का बचपन बकरियां चराते बीता था और शादी के बाद भी एक जून फाके में कटने लगा.
भावुक हुई फुलबासन ने भर्राए गले से कहा, ''कोई मां अपने बच्चों को भूखा नहीं देखना चाहती, पर मैं ऐसी अभागिन मां हूं जिसने अपने बच्चों को कई रातों तक भूखा सुलाया'' तो दर्शक दीर्घा में बैठी कई महिलाओं की आंखों की कोर गीली हो गईं.
फुलबासन ने आगे कहा, ''एक लकड़ी को आसानी से तोड़ा जा सकता है लेकिन कई लकडिय़ों को मिलाकर बने गठ्ठर को तोडऩा आसान नहीं है. तभी मैंने महिलाओं को एकजुट करके इस भूख और गरीबी से लडऩे की ठानी.'' 2001 में उन्होने 10 महिलाओं के साथ मां बक्वलेश्वरी स्वयंसहायता समूह का गठन किया और पद्मश्री से सम्मानित हो चुकी फुलबासन के साथ आज सूबे की दो लाख महिलाएं आ जुटी हैं.

ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी रेणुका यादव का बचपन भी बेहद तंगी में बीता और शायद इसी हालात ने उन्हें घर से बाहर निकलने की प्रेरणा दी. पर उनकी शिकायत थी कि सूबे में खेल की प्रतिभाएं तो बहुत हैं पर उन्हें सही मौका और सुविधाएं नहीं मिलतीं.
समिट का चौथा सत्र, संवाद वाकई धूम-धड़ाके से भरा था. हिंदी समेत आठ अलहदा भाषाओं में गाने वाली तालुकदार ने गीत-संगीत के हल्के-फुल्के पलों के बीच माहौल बना दिया. कार्यक्रम के आखिरी सत्र में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महिला शक्तियों को पुरस्कृत किया. बघेल ने कहा, ''पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं की अच्छी-खासी संख्या है और उन्होंने काम के जरिए खुद को साबित भी किया है. बस्तर में तो आज भी लड़कियों को रिश्ता पसंद न आने पर बारात लौटाने का अधिकार है.''
गुलाबी साड़ियों में लिपटी ग्रामीण महिलाओं की लयबद्ध तालियों की गूंज और नारीशक्ति के साहस और दृढ़निश्चय की कहानियों को साझा करता यह समिट यादगार बन गया.
***
