scorecardresearch
डार्क मोड

हर तरफ खून खराबा

प्रदेश में लगातार हो रही हत्याओं से प्रदेश के पुलिस नेतृत्व पर सवाल खड़े हो रहे हैं, और फर्जी एनकाउंटर के आरोप लग रहे हैं

मनीष अग्निहोत्री
मनीष अग्निहोत्री
अपडेटेड 31 अक्टूबर , 2019

कानपुर देहात

घाटमपुर के गिरसी गांव के पास नहर पटरी पर जलाला घाटमपुर निवासी और भाजपा बूथ अध्यक्ष कपूर सिंह उर्फ कल्लू सिंह और इनके एक साथी की 4 सितंबर की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने छह लोगों को नामजद किया

अलीगढ़

मथुरा रोड पर राया तिराहे के निकट 15 सितंबर की दोपहर युवा भाजपा नेता शुभम मणि गौतम उर्फ ईलू गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मामले में पांच लोग हिरासत में लिए गए और सीनियर सब इंस्पेक्टर (एसएसआइ) अवधेश कुमार को निलंबित कर माहौल को शांत किया गया

वाराणसी

चेतगंज के सराय गोवर्धन मोहल्ले में पिशाचमोचन की पुश्तैनी गद्दी और संपत्ति के विवाद में 21 सितंबर की सुबह पूजापाठ कराने जा रहे कर्मकांडी कृष्णकांत उपाध्याय और उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने छह को हिरासत में लिया.

सारनाथ निवासी ठेकेदार नितेश सिंह बबलू की 30 सितंबर को तहसील सदर पार्किंग एरिया में बदमाशों ने सुबह के वक्त गोली माकर हत्या कर दी. हत्याकांड के बाद शिवपुर एसओ को निलंबित कर दिया गया लेकिन बदमाशों का सुराग लगाने में पुलिस नाकाम

सोनभद्र

रेनुकूट नगर पंचायत अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह पर 30 सितंबर की रात करीब दस बजे नकाबपोश बदमाशों ने गोलियां बरसाकर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया. वाराणसी के अस्पताल में पहुंचने से पहले शिव प्रताप ने दम तोड़ दिया. हत्यारोपी ने पुलिस के समक्ष समर्पण किया

सहारनपुर

देवबंद में ग्राम मिरगपुर के प्रधान शिवकुमार के चचेरे भाई और भारतीय किसान मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष चौधरी यशपाल सिंह की 8 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे तल्हेड़ीखुर्द-मानकी मार्ग पर बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या कर दी

कानपुर

चकेरी क्षेत्र के कैलाश विहार, जाजमऊ में 9 अक्तूबर की दोपहर को दोस्त के झगड़े के दौरान पहुंचे कांग्रेस की नगर इकाई में सचिव मो. शोएब खान की दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या कर दी गई. पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, तफ्तीश अभी तक जारी

बस्ती

भाजपा नेता और बस्ती के एपीएन पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आदित्य नारायण तिवारी उर्फ कबीर तिवारी की 9 अक्तूबर की सुबह दस बजे बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी. भीड़ ने दोनों बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

कुशीनगर

हाटा कोतवाली क्षेत्र के सिकटिया गांव के वनटोला निवासी शिक्षक और पत्रकार राधेश्याम शर्मा की 10 अक्तूबर की सुबह विद्यालय जाते वक्त रास्ते में गला घोंटकर हत्या कर दी गई. मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है

सहारनपुर-देवबंद

नगरपालिका के वार्ड नंबर छह से सभासद और भाजपा नगर उपाध्यक्ष चौधरी धारा सिंह की 12 अक्तूबर को बाइक सवार बदमाशों ने सुबह के वक्त गोली मारकर हत्या कर दी. धारा सिंह देवबंद चीनी मिल में गन्ना अधिकारी के पद पर कार्यरत थे

आजमगढ़

मुबारकपुर थाने के मदारपुर बाजार में 18 अक्तूबर की रात करीब एक बजे अपने घर में सोए रामजान के सिर पर गोली मारकर और साथ में सोई उसकी पांच माह की मासूम बच्ची की सिर कुचल कर हत्या कर दी गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है

मेरठ

मेडिकल थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में 18 अक्तूबर की रात सवा नौ बजे बदमाशों ने वकील मुकेश शर्मा की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी. 19 वर्ष पहले मुकेश के भाई की भी हत्या हुई थी. पुलिस ने कथित साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया

***

ADVERTISEMENT
Advertisement