scorecardresearch
डार्क मोड

मैदान के महारथीः महेंद्र बाहुबली

खेलना बच्चों का काम नहीं और शीर्ष पर पहुंचना तो बिल्कुल भी नहीं. धारणाओं और परंपराओं को तोड़कर आगे बढऩे के लिए जुनून और जज्बा, दोनों चाहिए. गिरकर फिर उठने और आलोचनाओं के बीच आगे बढऩे का साहस ही तो खेल के मैदान में विरोधियों को धूल चटाता है

गेट्टी इमेजेज
गेट्टी इमेजेज
अपडेटेड 22 अक्टूबर , 2019

खेलना बच्चों का काम नहीं और शीर्ष पर पहुंचना तो बिल्कुल भी नहीं. धारणाओं और परंपराओं को तोड़कर आगे बढऩे के लिए जुनून और जज्बा, दोनों चाहिए. गिरकर फिर उठने और आलोचनाओं के बीच आगे बढऩे का साहस ही तो खेल के मैदान में विरोधियों को धूल चटाता है.

गांवों, कस्बों और शहरों से निकलकर आई ये हस्तियां दुनिया भर में अपने हुनर का डंका बजा रही हैं. मुश्किलों के आगे घुटने न टेकने की जिद और मैदान में प्रतिद्वंद्वी को चारों खाने चित करने का जुनून लिए हमारी फेहरिस्त में शामिल ये खिलाड़ी विश्व के आकाश में जुगनू बन जगमगा रहे हैं

महेंद्र सिंह धोनी

38 वर्ष क्रिकेटर

महेंद्र बाहुबली

क्योंकि क्रिकेट की दुनिया में लोग उन्हें 'ग्रेट फिनिशर' के नाम से पुकारते हैं. हालिया महीनों को छोड़ दें तो विकेट पर धोनी की मौजूदगी से जीत कभी भी भारतीयों को दूर नहीं लगती थी. तकनीक के बजाए उनकी शक्ति उनका बाहुबल है

क्योंकि धोनी वर्तमान या बिल्कुल निकट भविष्य पर भरोसा करते हैं. वे कहते हैं, ''मैं जब जो करता हूं, उसी के बारे में सोचता हूं. मैं जब स्कूल में खेलता था तो मैं केवल अंडर-16 टीम में चयन होने के बारे में सोचता था. जब मैं जिले की टीम में चुना गया तब राज्य स्तर की टीम के बारे में सोचने लगा. सच कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं देश का प्रतिनिधित्व करूंगा''

क्योंकि मौजूदा खराब फॉर्म के बावजूद रेलवे का यह पूर्व कर्मचारी देश का दूसरा सबसे कमाऊ ब्रॉन्ड है. उनसे आगे सिर्फ विराट कोहली हैं

क्योंकि हेलिकॉप्टर शॉट और गेंद का धागा खोल देने में माहिर माही देशभक्ति में भी पीछे नहीं हैं. सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि पा चुके धोनी अनुच्छेद 370 हटते वक्त श्रीनगर में सेना में अपनी ड्यूटी निभाते हुए पैट्रोलिंग कर रहे थे. इसी वर्ष वर्ल्ड कप में उनके कीपिंग ग्लव्ज पर मौजूद बलिदान बैज पर पाकिस्तान ने आपत्ति की और माही उसे लगाकर खेलने पर अड़े तो फिर से देशवासियों के हीरो बन गए. आइसीसी ने इसे हटाने के लिए कहा तो बीसीसीआइ भी महेंद्र सिंह धोनी के समर्थन में आ गया

क्योंकि उन्हें परिवार के साथ समय बिताना बेहद पसंद है. कभी समुद्र किनारे बेटी संग रेत में खेलते हुए तो कभी बेटी के बाल ड्रायर से सुखाते हुए पापा धोनी के वीडियो इंस्टाग्राम पर धूम मचाते रहते हैं

पसंदीदा स्वाद नान के साथ बटर चिकन और कबाब उनके सामने रख दीजिए और अगर खाने के बाद गुलाब जामुन और खीर मिल जाए तो फिर तो माही मगन हो जाते हैं

***

***

ADVERTISEMENT
Advertisement