प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले बरस सितंबर में जब घर-घर बिजली पहुंचाने के लिए सौभाग्य योजना शुरू की तो खुद उन्होंने भी नहीं सोचा होगा कि यह योजना नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ जैसे सूबे के दूरस्थ अंचलों के बाशिंदों के लिए वरदान बन जाएगी.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की सरकार ने इस योजना को कामयाब बनाने के लिए बिजली तिहार यानी बिजली त्योहार मनाना शुरू किया. लोगों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार न केवल गांवों में शिविर लगा रही है बल्कि बिजली विभाग 100 फीसदी बिजली कनेक्शन वाले गांवों में बिजली तिहार का आयोजन भी कर रहा है.
इस योजना में बिजली कनेक्शन लेने वाले ग्रामीणों के साथ ही ग्राम पंचायत के प्रमुख को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जा रहा है. यही वजह है कि दो महीने से भी कम समय में डेढ़ लाख घरों में बिजली पहुंच गई है.
यह योजना की कामयाबी ही है कि जिन गांवों के लोगों ने कभी बिजली नहीं देखी, अब उनका गांव रोशन हो रहा है. ये ऐसे गांव और घर हैं, जहां बिजली ले जाना दुरूह काम था. वैसे भी, छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति विपरीत है.
खासकर आदिवासी गांवों में घर दूर-दूर होते हैं. एक घर के लिए चार से पांच खंभे लगाने पड़ते हैं. ऊर्जा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी कहते हैं, ''आने वाले समय में हमारी रक्रतार और बढ़ने वाली है. हम हर महीने एक लाख से अधिक कनेक्शन देने की स्थिति में होंगे.''
वैसे, बिजली उत्पादक राज्य होने के कारण पीक ऑवर को छोड़ दें तो छत्तीसगढ़ हमेशा सरप्लस स्टेट रहा है. लेकिन, सुदूर इलाकों और धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के छह लाख से अधिक घर बिजली से वंचित हैं.
छत्तीसगढ़ बिजली वितरण कंपनी के कार्यपालक निदेशक एच.आर. नरवरे बताते हैं, ''सौभाग्य योजना की शुरुआत तो अक्तूबर में हुई पर मूल काम दिसंबर के आखिर से चालू हुआ. फर्क यह है कि पहले लोग आवेदन करते थे और अब हम खुद गांवों में कैंप लगाकर लोगों को बिजली कनेक्शन लेने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं.
इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 6,24,000 घरों को बिजली कनेक्शन देने के लिए चिन्हित किया गया था. इनमें से डेढ़ लाख से अधिक घरों में बिजली पहुंचाई जा चुकी है. यह मात्र दो महीने में हुआ है जबकि पहले साल भर में हम दो से ढाई लाख नए कनेक्शन लगाते थे.''
वैसे, सरकार ने राज्य के सभी बिना बिजली वाले घरों में बिजली पहुंचाने के लिए सितंबर, 2018 का लक्ष्य रखा है. नरवरे कहते हैं, ''छत्तीसगढ़ को इस मामले में भी आगे कह सकते हैं कि टेंडर के बाद हमने पूरे काम का अवॉर्ड कर दिया है.''
सौभाग्य योजना के तहत खर्च का 60 फीसदी हिस्सा केंद्र सरकार वहन करती है, 10 फीसदी हिस्सा राज्य देता है और शेष 30 प्रतिशत खर्च वितरण कंपनियां उठाती हैं. केंद्र ने पूरे देश में योजना को पूरा करने का लक्ष्य मार्च, 2019 तय किया है, लेकिन योजना में शामिल सभी घरों के विद्युतीकरण का काम दिसंबर, 2018 में पूरा होने पर केंद्र सरकार स्वीकृत योजना की 15 प्रतिशत राशि अतिरिक्त अनुदान के रूप में राज्यों को उपलब्ध कराएगी. 832 करोड़ रु. की इस योजना में जाहिर है, आधी से अधिक राशि केंद्र सरकार देगी. छत्तीसगढ़ में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं. शायद इसलिए भी राज्य सरकार के काम में भी गति आई है.
सौभाग्य योजना के अंतर्गत प्रदेश के गरीबी रेखा से नीचे रह रहे (बीपीएल) परिवारों को मुफ्त में बिजली कनेक्शन दिए जाने का प्रावधान है. इस योजना का लाभ गरीबी रेखा से ऊपर के परिवारों (एपीएल) को भी मिल सकेगा, लेकिन ऐसे परिवार के घरों में बिजली कनेक्शन पहुंचाने के लिए हितग्राही को 500 रुपए शुल्क देना होगा, जिसे दस किस्तों में चुकाने की सुविधा हितग्राही को दी जाएगी. इसका मतलब है हितग्राही को प्रत्येक माह 50 रुपए मासिक किस्त के रूप में चुकाने होंगे.

अफसरों का कहना है कि इस योजना से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले हितग्राहियों को, जो अब तक पैसे के अभाव में सर्विस लाइन नहीं लगवाने के कारण बिजली का उपयोग नहीं कर पा रहे थे, इस योजना से सीधा फायदा होगा.
कंपनी के एमडी अंकित आनंद कहते हैं, ''प्रदेश के ऐसे गांवों, मजराटोलों और बसाहटों में जहां बिजली की लाइन ले जाना दुष्कर है, वहां इस योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली पहुंचाने का भी लक्ष्य है.''
सौभाग्य योजना की वजह से नक्सलियों के अभेद्य गढ़ के रूप में जाने जाने वाले बस्तर के अबूझमाड़ के 240 गांव अब सोलर लाइट से जगमगा रहे हैं. अबूझमाड़ वह इलाका है, जहां पिछले चार दशक में कभी पुलिस नहीं गई.
वहां नक्सलियों के न केवल ट्रेनिंग सेंटर है बल्कि हथियार बनाने के कारखाने भी. ऐसे इलाके के 240 गांवों में जब सोलर लाइट पहुंची तो केंद्र सरकार के अफसर भी हैरान रह गए. नारायणपुर जिले के कलेक्टर टी.पी. वर्मा को इस काम के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार की इनोवेशन श्रेणी में शामिल किया गया है. वर्मा पुरस्कार के लिए चयनित होने के लिए स्क्रीनिंग के तीसरे चरण में पहुंच गए हैं.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इंडिया टुडे से कहा, ''हमारा उद्देश्य हर गांव, हर बस्ती और हर घर तक बिजली पहुंचाना है. बस्तर के सात जिलों में छह लाख लोगों के घर में बिजली नहीं है उन्हें सौभाग्य योजना से बिजली कनेक्शन दिया जाएगा.
अबूझमाड़ में 50,000 परिवारों के घरों में सोलर सेट लगाया जाएगा.'' उन्होंने भाजपा के 14 साल के शासन को इसका श्रेय देते हुए कहा कि 14 साल पहले याद कीजिए, जब बिजली आती कम थी और जाती ज्यादा थी. जाहिर है, मुख्यमंत्री इस योजना की कामयाबी को चुनावी मुद्दे के तौर पर जनता के सामने पेश करेंगे.
सौभाग्य योजना में छत्तीसगढ़ सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है. ऐसा नहीं है कि योजना में दिक्कतें नहीं आ रहीं, पर सरकार उस पर त्वरित कार्रवाई भी करती है. मसलन, जशपुर जिले में मीटर लगाने के नाम पर पैसा मांगने की शिकायत जब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनदर्शन में मुख्यमंत्री को मिली तो उन्होने इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई करने में देर नहीं लगाई.
असली बात सरकार के आंकड़ों की जमीन पर सचाई देखने की है. रमन सरकार जिस तेजी से काम करने का दावा कर रही है, वह विकास की रफ्तार में छूट गए लोगों का अधिकार है. बिजली की सुविधा से वंचित रह गए घरों में अगर लगातार बिजली मिल सकी तो जाहिर है, सूबे में विकास की नई धारा बहनी शुरू होगी और हिंसा समेत कई समस्याओं का समाधान मुमकिन हो पाएगा.
रमन सरकार जिस उत्साह से इस योजना को आगे बढ़ा रही है उससे तो यही लगता है कि भाजपा इस योजना में सूबे में अपना सियासी सौभाग्य देख रही और इसी के दम पर अपना चुनावी तिहार मनाने की जुगत में है.
***

