scorecardresearch
डार्क मोड

असमः वादे से मुकर गई मोदी सरकार

प्रधानमंत्री और उनकी पार्टी को उन्हीं बांग्लादेशी प्रवासियों को ब्रह्मपुत्र घाटी में कथित रूप से 'पुनर्वासित करने की साजिश' के कारण भारी जनाक्रोश का सामना करना पड़ रहा है, जिनको उन्होंने राज्य से भगाने का वादा किया था.

अवैध बाशिंदे बाहर हों प्रफुल्ल कुमार महंत (बाएं से दूसरे) अगप के प्रदर्शन की अगुआई कर रहे
अवैध बाशिंदे बाहर हों प्रफुल्ल कुमार महंत (बाएं से दूसरे) अगप के प्रदर्शन की अगुआई कर रहे

चार साल पहले 2014 में पश्चिम बंगाल के सेरमपुर में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले एक जनसभा में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के शब्द थे, ''16 मई के बाद इन बांग्लादेशियों को बोरिया-बिस्तर बांधकर निकल जाना होगा...''

पड़ोसी राज्य असम में उनके इन शब्दों का बहुत ज्यादा असर हुआ था. करीब आधी शताब्दी से अवैध प्रवासियों की समस्या से जूझने वाले राज्य ने इन्हीं शब्दों के असर के चलते लोकसभा में भाजपा को 14 में से 7 सीटें दे दी थीं.

दो साल बाद राज्य के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने माटी, बेटी और जाति की रक्षा करने का नारा दिया और पहली बार पार्टी भारी जीत के साथ असम में सत्ता में आ गई. लेकिन लग रहा है, अब सब कुछ बदल रहा हैः

प्रधानमंत्री और उनकी पार्टी को उन्हीं बांग्लादेशी प्रवासियों को ब्रह्मपुत्र घाटी में कथित रूप से 'पुनर्वासित करने की साजिश' के कारण भारी जनाक्रोश का सामना करना पड़ रहा है, जिनको उन्होंने राज्य से भगाने का वादा किया था.

मामला इतना बढ़ गया है कि मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस्तीफा देने की धमकी दे दी है. उन्होंने 12 मई को कहा, ''अगर मैं जनता के हितों की रक्षा नहीं कर सकता तो मेरे लिए असम का मुख्यमंत्री बने रहने का कोई अर्थ नहीं है.''

इस संकट का मूल कारण जुलाई, 2016 में लोकसभा में पेश किया गया संशोधित नागरिकता विधेयक है. इस विधेयक में 1955 के नागरिकता कानून को हटाकर उसकी जगह बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में धार्मिक उत्पीडऩ से परेशान होकर 31 दिसंबर, 2014 से पहले भारत में आकर बसने वाले हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई प्रवासियों को भारतीय नागरिकता दिए जाने की बात कही गई है.

पिछले दो वर्षों में असमिया-भाषी जनसंख्या इसका भारी विरोध कर रही है. इन लोगों को अंदेशा है कि इस कानून के चलते बांग्लादेश के अवैध हिंदू प्रवासियों को भारतीय नागरिकता लेकर असम में स्थायी रूप से बसने में मदद मिल जाएगी.

बहुतों को डर है कि इसके कारण बांग्ला-भाषी लोगों की संख्या असमिया बोलने वालों से ज्यादा हो जाएगी. सोनोवाल की तरफ से इस्तीफे की धमकी ठीक उस समय आई है जब इस विधेयक पर भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में एक संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) सार्वजनिक सुनवाई करने जा रही थी.

भारी जनाक्रोश को देखते हुए संबंधित लोगों से विचार-विमर्श करने के लिए 2016 में गठित जेपीसी को मेघालय में भी भारी गुस्से का सामना करना पड़ा जहां नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेतृत्व वाली सरकार (जिसमें भाजपा भी शामिल है) इस विधेयक के विरोध का ऐलान कर चुकी है.

गुवाहाटी में भाजपा की सहयोगी असम गण परिषद (अगप) ने सबसे पहले इस संशोधन के विरोध में ज्ञापन दिया था. प्रवासियों के विरोध में छात्रों के आंदोलन से उपजी अगप का कहना था कि इस विधेयक से केंद्र और आंदोलन के नेताओं के बीच हुआ 1985 का समझौता रद्द हो जाएगा.

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद असम को 30 जून को ताजा राष्ट्रीय नागरिकता पंजिका (सूची) प्रकाशित करनी है. यह एक ऐसा काम है जिसमें 25 मार्च, 1971—समझौते में तय की गई अंतिम तारीख—के बाद अवैध रूप से राज्य में प्रवेश करने वालों का पता लगाया जाएगा. नए विधेयक में उन प्रवासियों के लिए इस अंतिम तारीख को बदलकर 31 दिसंबर, 2014 कर दिया गया है जो हिंदू हैं.

जेपीसी के एक सदस्य कहते हैं, ''मौजूदा विरोध के बाद मुझे नहीं लगता कि केंद्र इस विधेयक को पारित करना चाहेगा. निस्संदेह अदालत में इसे चुनौती मिलेगी.'' वे कहते हैं कि अवैध प्रवासी धर्म के आधार पर नागरिकता के हकदार होते जा रहे हैं और वे संविधान के अनुच्छेद 14 का भी उल्लंघन कर सकते हैं जो समानता के अधिकार की गारंटी देता है.

कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने भी इस विधेयक की निंदा की है, हालांकि बराक घाटी—जहां हिंदू बंगालियों की जनसंख्या ज्यादा है—से उनकी पार्टी के कई नेताओं ने इस विधेयक का खुला समर्थन किया है.

भाजपा के अंदरूनी लोगों का कहना है कि आलाकमान इस विधेयक को पूरी ताकत से पारित करना चाहता था क्योंकि उसे डर था कि ताजा एनआरसी में बांग्लादेशी हिंदू प्रवासियों की बड़ी संख्या बाहर हो जाएगी और इससे पश्चिम बंगाल में पार्टी की संभावनाओं पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है. आरएसएस ने भी मजबूती से हिंदुओं को रियायत देने की वकालत की है.

लेकिन गुवाहाटी में जेपीसी की जन सुनवाई के दौरान लोगों की नाराजगी को देखते हुए पार्टी को इस पर दोबारा विचार करना पड़ रहा है. असम के वित्त मंत्री हेमंत बिस्व सरमा, जो लंबे समय से संशोधन के पक्ष में रहे हैं, अब कहते हैं कि राज्य को ताजा एनआरसी की प्रतीक्षा है. वे कहते हैं, ''भाजपा ऐसा कुछ नहीं करेगी जो असम के हित के खिलाफ हो.''

***

ADVERTISEMENT
Advertisement