पाकिस्तान के सिंध प्रांत से आए 94 हिंदुओं के एक जत्थे के कई तीर्थयात्री हरिद्वार स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही तीर्थ भूमि को प्रणाम करते हैं. कुछ तो अपने साथ पुरखों की अस्थियां भी लाए हैं. सबके मन में आस्था का ज्वार हिलोरें ले रहा है. लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने के बाद सड़क और शहर में चारों ओर कांवडिय़ों की भीड़ में से रास्ता बनाने में उनका पसीना छूटने लगता है. छह किलोमीटर दूर भूपतवाला के शदाणी आश्रम पहुंचने में उन्हें पूरे छह घंटे लग जाते हैं. हर की पैड़ी पर स्नान के दौरान सीढिय़ों पर जमा मलबा एक बार फिर उन्हें विचलित करता है. निरंजन लाल, चांद राम और कामिनी देवी वगैरह बोल पड़ते हैं कि ''हम पहले भी आते रहे हैं पर ऐसी दिक्कत नहीं हुई."
गुजरात के राजकोट से एक दिवंगत परिजन की अस्थियां विसर्जित करने आए नलिन राठौड़ भी कुछ इसी तरह परेशान हैः ''लौटने के बाद किसी को कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार आने की सलाह नहीं दूंगा. बिना साइलेंसर की मोटरसाइकिलें लिए कांवड़िए गलियों और प्रतिबंधित इलाकों तक में दौड़ा रहे हैं." हरिद्वार से सैकड़ों मील दूर, द्वादश ज्योर्तिलिंगों में से एक ओंकारेश्वर में दर्शन के लिए अहमदाबाद से आईं रुक्मिणी पटेल भी आश्चर्यजनक ढंग से कुछ ऐसी ही प्रतिक्रिया जताती हैः ''सोचा था, नर्मदा का आचमन कर बोतल में यहां का पानी भर ले जाऊंगी लेकिन यहां तो सामने ही नाले का पानी मिलता देख रही हूं. प्यास बुझाने के लिए मिनरल वाटर की बोतल खरीदनी पड़ी है."
10 जुलाई को, हिंदुओं में सबसे पवित्र समझा जाता तीज-त्योहारों वाला सावन महीना शुरू होते ही खासकर उत्तर भारत में लाखों तीर्थयात्री बड़े मंदिरों और तीर्थस्थलों की ओर चल पड़ते हैं. साल दर साल उनकी तादाद बढऩे के साथ ही उनसे मिलने वाले चढ़ावे में भी भारी बढ़ोतरी हो रही है. लेकिन लगता है, उसी अनुपात में कमोबेश इन सारे तीर्थस्थलों पर गंदगी और अव्यस्था का राज भी बढ़ता जा रहा है. 2 अक्तूबर, 2014 को स्वच्छ भारत अभियान का ऐलान करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरजकर कहा था कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती यानी 2 अक्तूबर, 2019 तक भारत स्वच्छ होकर रहेगा. लेकिन तमाम जगहों पर निजी ट्रस्टों के तहत चलने वाले इन तीर्थस्थलों के संचालकों ने जैसे इस अभियान को पलीता लगाने का बीड़ा उठा रखा है. उनका नजदीक से जायजा लेने के बाद तो कम-से-कम यही लगता है.
चार कुंभस्थलों में से एक हरिद्वार से अब तक 60 लाख से ज्यादा श्रद्धालु हर की पैड़ी से कांवड़ लेकर जा चुके हैं और महाशिवरात्रि 21 जुलाई तक यहां 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. इस जनसैलाब ने जैसे शहर की चूलें हिला दी हैं. गंगा के 100 मीटर की हद में किसी तरह की गंदगी फैलाने पर राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) के 50,000 रु. जुर्माना लगा देने के बावजूद कांवड़िए सरेआम पुरानी कांवड़ गंगा में उछालते दिख रहे हैं. घाटों पर पड़े सड़ते मलबे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर दौड़ रही हैं और घाटों के किनारे प्लास्टिक की हजारों बोतलें बिकने को सजी हैं. हरिद्वार में करीब 200 आश्रम हैं. यहां होटलों और गेस्ट हाउसों की तादाद तो तेजी से बढ़ रही है लेकिन नाममात्र के पैसे पर आम श्रद्धालुओं को ठहरने की जगह देने वाली धर्मशालाएं लगातार कम हो रही हैं. नतीजारू इन दिनों रेलवे स्टेशन पर भी सैकड़ों तीर्थयात्री रात बिता रहे हैं.

अक्षर धाम, इस्कॉन और ऐसी ही कुछ संस्थाओं के मंदिरों को छोड़ दें तो लगता है, जैसे उत्तर भारत के धर्मस्थल गंदे रहने के लिए अभिशप्त हैं. श्रीमद्भागवत के पांचवें स्कंध के एक अध्याय में शुकदेव राजा परीक्षित के सामने 28 नरकों का वर्णन करते हैं. उन्हीं में से एक है कृमिभोजन नरक. वे बताते हैं कि कमाकर अपने पर ही सब कुछ खर्च कर लेने वाला लाखों मील लंबे-चौड़े, घोर गंदगी और बदबू से भरे इस नरक में अरसे तक सड़ता है. इन धर्मस्थलों को देखकर लगता है, जैसे उनके पास हर जगह छोटे-छोटे नरक बना दिए गए हैं. राजस्थान में दौसा और करौली जिले की सीमाओं पर बसा एक प्रमुख तीर्थस्थल मेहंदीपुर बालाजी अपने ट्रस्ट की ओर से 300 बिस्तरों वाला अस्पताल और महाविद्यालय चलाने के अलावा विश्व शांति के लिए 1999 से ही रोजाना 51 पंडितों से यज्ञ करवाता है. साल भर से वह स्कूली छात्राओं को सोने की चेन बांट रहा है. लेकिन मंदिर के चारों ओर, खासकर बरसात में, गंदगी का आलम देखकर रूह कांप उठती है. एक छोटे-से कस्बे में स्थित इस हनुमान मंदिर में पूरे उत्तर भारत से रोजाना 10,000-15,000 श्रद्धालु आते हैं. यहां होटलों, गेस्ट हाउसों और धर्मशालाओं की संख्या 500 से ज्यादा है. मंदिर में करीब 300 पुजारियों, गार्डों और सफाईकर्मियों की तादाद होने के बावजूद मंदिर में गंदगी की स्थिति ऐसी है कि श्रद्धालुओं को छलांग लगाते हुए चलना पड़ता है. महिला श्रद्धालुओं के लिए साफ टॉयलेट तो खैर यहां बहुत दूर की कौड़ी है.
बिहार के भागलपुर जिले का सुल्तानगंज झारखंड के देवघर से जुड़कर शायद दुनिया के सबसे लंबे मानव मेले की रचना करता है. करीब महीने भर तक रोज औसतन एक लाख श्रद्धालु यहां से गंगाजल भरकर 115 किलोमीटर की यात्रा करके देवघर पहुंचकर उससे शिव का जलाभिषेक करते हैं. लेकिन हालत यह है कि सुल्तानगंज के राष्ट्रीय स्तर का धर्मस्थल होने के बावजूद यहां कच्चा पथ के अलावा गिनाने लायक कोई सुविधा नहीं है. 2017 में स्वच्छ भारत अभियान के लिए 20,000 करोड़ रु. से ज्यादा का बजट देने वाली केंद्र सरकार ने भी लगता है, इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया. राज्य सरकार ने तो इस साल मेले का बजट भी 5 लाख रु. घटाकर 30 लाख रु. कर दिया (पिछले साल 35 लाख रु. था). वैसे बिहार की पर्यटन मंत्री अनिता कुमारी दम भरती हैं, ''सुल्तानगंज मेले की राष्ट्रीय पहचान स्थापित करने के लिए बिहार सरकार केंद्र को एक प्रस्ताव भेजेगी, ताकि यहां सुविधाओं का विस्तार किया जा सके."
देश के 12 ज्योर्तिलिंगों में चौथे क्रम के महत्वपूर्ण ओंकारेश्वर को प्रकृति ने तो अलौकिक सुंदरता दी लेकिन उस सुंदरता का भोग करने वालों ने उसे गंदगी से सराबोर कर दिया. मध्य प्रदेश में खंडवा (ओंकारेश्वर इसी जिले में पड़ता है) के कलेक्टर रहे वरिष्ठ आइएएस अफसर एम.के. अग्रवाल इसे मंदिरों का सिक यूनिट कहते हैं. हालांकि इसमें उनका आशय मंदिर की आय के संदर्भ में होता है लेकिन यहां के हालात बताते हैं कि यह लोगों को बीमार करने वाला यूनिट भी बन चुका है. पुण्य सलिला नर्मदा यहां पवित्र कतई नहीं रही. पूरे शहर की गंदगी, मल-मूत्र नालियों के माध्यम से सीधे इसमें वहां मिल रहा है, जहां लोग इसका आचमन करते हैं. इसे श्रद्धा से पीते हैं और बोतल में भरकर भी ले जाते हैं.
दरअसल 8 वर्ग किलोमीटर में फैले ओंकारेश्वर नगर परिषद की स्थानीय आबादी मात्र 15,000 है जबकि इससे 4-5 गुना लोग दर्शनार्थी के रूप में हर महत्वपूर्ण तीज-त्योहार पर यहां रहते हैं. वर्ष भर में यहां मकर संक्रांति से लेकर शिवरात्रि तक 37 तिथियां नगर परिषद ने सूचीबद्ध की हैं, जिसमें यहां 20,000 से लेकर एक लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं का जमावड़ा होता है. मध्य प्रदेश शासन यहां की नगर परिषद को 15,000 की आबादी के हिसाब से ही संसाधन देता है, तो व्यवस्थाएं बौनी पडऩी ही हैं.
नगर परिषद के 48 सफाई कर्मचारी सामान्य दिनों के लिए तो ठीक हैं लेकिन पर्वों पर यह संक्चया बहुत कम लगती है. अधिकारी यहां दबी जबान कहते भी हैं कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सस्ती लोकप्रियता लूटने के चक्कर में यहां तीर्थयात्री कर समाप्त कर दिया, जिससे परिषद को सालाना एक करोड़ रु. की आय होती थी. उन्होंने यह रकम सरकार से देने का वादा किया था लेकिन आज चार महीने बाद भी फूटी कौड़ी नहीं मिली है.
चौहान के नमामि नर्मदे अभियान शुरू करने पर उम्मीद जगी थी कि यहां नर्मदा की स्वच्छता, घाटों की सफाई और प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी लेकिन वह अभियान भी उतना ही हवा-हवाई रहा, जितना कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2017, जिसमें ओंकारेश्वर को देश का 36वां सबसे स्वच्छ शहर माना गया. स्वच्छता के पैमाने पर इसे 2,000 अंकों में से 1,400.77 अंक मिले. ये आंकड़े हलक में उसी तरह अटक जाते हैं, जैसा कि यह दृश्य देखकर कि श्रद्धा से अभिभूत ग्रामीण महिलाएं पवित्रता के भ्रम में नर्मदा का वह प्रदूषित जल गटक जाती है, जो वास्तव में इस ओंकार नगरी का मल-मूत्र से भरे नाले का ही पानी है.
यहां पर कभी चप्पू वाली नावें चला करती थीं, जिससे जल-जीवों को कोई खतरा नहीं था लेकिन जब से डीजल मोटरबोट शुरू हुई है, उसके धुएं से प्रदूषण भी बढ़ा, डीजल और आयल से पानी प्रदूषित हुआ और घरघराहट से यहां की शांति भी खत्म हो गई. स्थानीय पत्रकार इकबाल सिंह खेड़ा बताते हैं कि पर्यावरण के नुक्सान को देखते हुए कुछ समय के लिए प्रशासन ने मोटर बोट पर पाबंदी लगाई थी लेकिन राजनैतिक हस्तक्षेप के चलते बात फिर वहीं जा पहुंची.
जहां तक कांवड़ यात्रा की बात है, वह एक समाजशास्त्रीय घटना भी है. निम्न मध्यमवर्गीय मेहनतकशों का एक बड़ा तबका इसमें अपनी आस्था और मान्यताओं को पोषित करने के अलावा जगह-जगह बने सेवा शिविरों में ठहरकर कहीं न कहीं अपनी पहचान को भी तलाशता है. लेकिन हरिद्वार से दिल्ली तक 4,000 से ज्यादा ऐसे कांवड़ सेवा केंद्रों में से ज्यादातर जैसे ध्वनि प्रदूषण के केंद्र बन गए हैं.
हरिद्वार और दिल्ली के बीच सहारनपुर का शाकंभरी देवी मंदिर भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े मंदिरों में से है, जहां दुर्गा अष्टमी और दुर्गा चतुर्दशी पर तीन वार्षिक मेलों पर बड़ा आयोजन होता है. प्रतिपदा से पूर्णिमा तक 15 दिन चलने वाले हर मेले में करीब 7-8 लाख श्रद्धालु आते हैं. लेकिन कुल पांच धर्मशालाएं और दो रैन बसेरों में हजार लोग भी ढंग से नहीं ठहर पाते. मेला परिसर में करीब दो किलोमीटर का क्षेत्र भूरादेव मंदिर से शाकंभरी मंदिर तक न तो रास्ता जाता है और न ही बरसाती नदियों पर कोई पुल. मेले के बाद कचरे के निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं है. बाढ़ का पानी ही उसे बहाकर ले जाता है. श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की भी यहां कोई व्यवस्था नहीं है. मंदिर प्रबंधन और भीड़ प्रबंधन यहां लगातार एक बड़ी चुनौती है. मंदिर की व्यवस्थाओं के लिए ट्रस्ट बनाने की मांग अक्सर उठी लेकिन इसका प्रबंधन करने वाले सहारनपुर जिले के ही एक राणा परिवार ने अदालतों में इसे कुल देवी का मंदिर बताकर राहत पा ली.
व्यवस्थाओं के लिहाज से बाबाधाम यानी देवघर थोड़ा अपवाद दिखता है. यहां मेला क्षेत्र में 250 बायो टॉयलेट का इंतजाम है और मुकम्मल सफाई के लिए 750 सफाईकर्मी तैनात हैं. 150 नल और 75 बोरिंगों से पानी का इंतजाम है. बाबा के जलाभिषेक के लिए बेलपत्र, धतूरे वगैरह बेचने को 1,500 से ज्यादा दुकानें हैं. चढ़ावे के बाद फूल-बेलपत्र वगैरह के अलावा मेला क्षेत्र के कूड़ा-कचरानिस्तारण के लिए देवघर के पछियारी कोठिया की जमीन पर रोज जमा किया जाता है. यहां एक कहावत है कि एक महीना कमाओ, सालभर खाओ. यानी महीने भर के श्रावणी मेले पर देवघर की पूरी अर्थव्यवस्था टिकी हुई है.
इस साल भविष्यवाणी के अनुरूप ही जलपाईगुड़ी से जैसलमेर तक सब ओर ठीकठाक बारिश हो रही है. सावन में करोड़ों श्रद्धालु इसी उम्मीद में मंदिर-मंदिर डोलते हैं कि वे अपने और परिजनों के ऊपर कुछ पुण्य बरसाने का इंतजाम कर सकें. सिंध और राजकोट से हरिद्वार और अहमदाबाद से ओंकारेश्वर वगैरह तक की यात्राएं भी कष्ट सहकर इसी मकसद से की गई होंगी. यह मॉनसून तमाम मंदिरों में अव्यवस्था पर भी उसी तरह बरसे और अंदर-बाहर की सारी सड़ांध को बहा ले जाए, जिससे न उठे फिर किसी श्रद्धालु के भीतर से श्रद्धा का भभका.
(—प्रकाश शर्मा, अशोक प्रियदर्शी, एम. रियाज हाशमी और बाल मुकुंद शर्मा)

