प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्तूबर, 2014 को जब स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत बड़े जोरशोर से की थी, तो उन्हें भी अंदाजा नहीं रहा होगा कि इस पर इतनी बहस छिड़ जाएगी. साफ-सफाई ऐसा मसला है जिससे भारत में कई अन्य वर्जनाएं और रूढ़ सामाजिक मान्यताएं जुड़ी हुई हैं—मसलन, शौचालयों के इस्तेमाल में स्त्री-पुरुष असंतुलन, हिंदू धर्म में शुद्धता और प्रदूषण की अवधारणा जिसका जाति से करीबी रिश्ता है और मैला निस्तारण की अमानवीय प्रथा.
भारत में 53 फीसदी से ज्यादा लोगों को शौचालय नसीब नहीं है. गांवों के मामले में यह संख्या 60 फीसदी पर पहुंच जाती है. मोदी ने देश भर में 12 करोड़ शौचालय बनवाने का लक्ष्य रखा है और इसके लिए 1.96 लाख करोड़ रु. खर्च होंगे. भारत में इस लक्ष्य को हासिल करने की जद्दोजहद चल रही है, लेकिन दूसरी हकीकत यह भी है कि महज शौचालय बनवा देने भर से यह तय नहीं हो जाता कि उसका इस्तेमाल भी किया जाएगा. स्वच्छ भारत मिशन का घोषित लक्ष्य 2019 तक भारत को खुले में शौच करने से मुक्त कराना है जिसके लिए हर ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद को इस काम में जोड़ा जाएगा. साथ ही ग्रामीण आबादी के एक बहुत बड़े तबके, स्कूली शिक्षकों और छात्रों को भी इस अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा.
लेकिन इस मिशन के दूसरे वर्ष में प्रवेश करते ही कुछ अध्ययनों से यह एहसास घर करने लगा है कि इस अभियान में काफी कुछ दुरुस्त किए जाने की जरूरत है और इसकी रूपरेखा पर नए सिरे से विचार करने की जरूरत है. रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर कंपैशनेट इकोनॉमिक्स के उत्तरी भारत के 3,000 ग्रामीण घरों में किए गए एक सर्वेक्षण के मुताबिक 40 फीसदी से ज्यादा घर ऐसे हैं जहां शौचालय होने के बावजूद लोग खुले में शौच करते हैं. यहां सरकार ने जो शौचालय बनाए हैं, वे आकार में इतने छोटे हैं कि उनके इस्तेमाल की संभावना बेहद कम है. यह स्पष्ट है कि स्वच्छ भारत मिशन को लोगों का नजरिया बदलने की भी पहल करनी पड़ेगी, लेकिन पता चलता है कि इस मिशन के लिए इससे पहले यूपीए सरकार के ऐसे ही मिशन निर्मल भारत अभियान के मुकाबले इसमें सूचना, शिक्षण और संचार के लिए सात फीसदी कम आवंटन किया गया है.
कचरा निस्तारण एक और बड़ी चुनौती है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शहरी भारत में हर साल 4.7 करोड़ टन कचरा पैदा होता है जबकि सीवेज का 75 फीसदी से ज्यादा गंदा पानी यहां परिशोधित नहीं किया जाता है. शहरी भारत में मामला शौचालयों से कहीं आगे का है. सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च के वरिष्ठ फेलो शुभागतो दासगुप्ता कहते हैं कि जब तक स्थानीय निकायों को सामुदायिक साफ-सफाई की मांग को पूरा करने केलिए पर्याप्त ताकतवर नहीं बनाया जाएगा ताकि वे कचरे को वैज्ञानिक तरीके से इकट्ठा करें और उसका निस्तारण कर सकें, तब तक स्वच्छ भारत मिशन का मामला आगे नहीं बढ़ सकता.
स्वच्छ भारत मिशन की रूपरेखा में आमूलचूल बदलाव की जरूरत है, ताकि लोगों को शौचालयों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया जा सके और कचरा निस्तारण के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया जा सके. इसका कोई और विकल्प नहीं है. ऐसा करना ही होगा. साफ-सफाई का अभाव या गंदगी और गंदा पानी ग्रामीण भारत में 80 फीसदी बीमारियों की जड़ है और यूनीसेफ के मुताबिक, पांच साल से नीचे के बच्चों की मौत की सबसे बड़ी वजह इससे होने वाला हैजा है.
मोदी की प्रेरणादायक पहल से शौचालय की बात राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में आ गई है, जैसा कि महात्मा गांधी ने 1925 में अपने गुजराती साप्ताहिक में लिखा था कि ''शौचालय उतना ही साफ होना चाहिए, जितना आपका बैठकखाना." गांधी खुद इस दिशा में सक्रिय रहते थे. वे न सिर्फ अपना शौचालय खुद साफ करते बल्कि अपने आसपास के हर शख्स को इसके लिए प्रेरित करते थे. गांधी ने जिसे ''हमारे गंदे तरीके" करार दिया था, उसे साफ करने के लिए मोदी की पूरी टीम इंडिया केलोगों और सरकारों को साथ आना होगा.
स्वच्छ भारत अभियान की सफलता मोदी के कई दूसरे प्रिय अभियानों की भी कसौटी है. मसलन, सहकारी संघवाद, जिसमें नीति आयोग केंद्र और राज्यों के बीच संवाद स्थापित करेगा; सरकार में आपसी तालमेल, स्वच्छ भारत अभियान का लेना-देना कई मंत्रालयों और विभागों शहरी विकास, पेयजल और स्वच्छता, स्वास्थ्य, जल संसाधन, नदी विकास और गंगा निर्मलीकरण, ग्रामीण विकास तथा पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन वगैरह से है. इसके अलावा इन अभियानों में लोगों की भागीदारी भी बहुत जरूरी है.
अगले पन्नों पर उन स्त्री-पुरुषों और उनके काम की चर्चा है, जिन्होंने स्वच्छ भारत को अपनी जिंदगी का मिशन बना लिया है. इनमें एक, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के जिला मजिस्ट्रेट पी.बी. सलीम हैं जिन्होंने राज्य के नदिया जिले केलोगों को शौचालयों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया है. इन्हीं में एक गंगटोक के निगम आयुक्त सी.बी. ढकाल हैं जिनका मानना है कि साफ-सुथरा शहर ज्यादा सैलानियों को आकर्षित करता है. इसके लिए चलाए गए कई अभियानों में एक शहर के घरों से कचरा उठाने के लिए लगाए गए आठ एनजीओ हैं और कचरा फैलाने पर 20,000 रु. के जुर्माने का प्रावधान है. अनूप रत्नाकर राव, जो हैदराबाद में 2010 में स्थापित नांदी कम्युनिटी वाटर सर्विसेज लिमिटेड नामक सामाजिक उद्यम के सीईओ हैं, ने छह जिलों के 350 गांवों में पांच लाख लोगों के लिए एक लाख लिटर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का काम किया है. इन्हीं में एक सऊदी अरब के एक कारोबारी और 1 अरब डॉलर की कंपनी इरम समूह के मालिक सिद्दीक अहमद भी हैं जिन्होंने ई-टॉयलेट की शुरुआत करने में मदद की है, जिसकी लागत एक लाख से चार लाख रु. के बीच है और जो रिमोट कंट्रोल से संचालित किया जा सकता है. स्वच्छ भारत मिशन को राष्ट्रीय अभियान बनाने और गंदगी तथा कचरे की संस्कृति को राष्ट्रीय शर्म करार देने के लिए इंडिया टुडे ग्रुप के सफाईगीरी पुरस्कार से सम्मानित होने वाली शख्सियतों की ये कुछेक मिसालें हैं.
स्वच्छता को चाहिए स्वच्छ नजरिया
स्वच्छ भारत के लिए स्वच्छ मानसिकता की दरकार है जो गंदगी और कचरे को राष्ट्रीय शर्म माने.

अपडेटेड 6 अक्टूबर , 2015
ADVERTISEMENT
Advertisement
