चार जुलाई को नए राज्य तेलंगाना और विभाजन के बाद बचे आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन ने तेलंगाना के मुख्य सचिव राजीव शर्मा के लिए एक असामान्य-सा निर्देश जारी किया. उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि हैदराबाद स्थित पोट्टि श्रीरामुलु तेलुगु यूनिवर्सिटी और डॉ. बी.आर. आंबेडकर ओपन यूनिवर्सिटी तेलंगाना तथा आंध्र के छात्रों के लिए एक समान प्रवेश परीक्षा का आयोजन करें. ज्यादातर राज्यों में समान प्रवेश परीक्षा का चलन बेशक है, लेकिन विभाजित आंध्र प्रदेश में परिस्थिति अलग है. भारत के 29वें राज्य के रूप में 2 जून, 2014 को तेलंगाना के गठन के बाद से ही यहां माहौल में बहुत कड़वाहट है.
अविभाजित राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद संस्थानों पर दोनों राज्यों के बीच कब्जा करने की मौजूदा राजनीति के संदर्भ में नरसिम्हन का यह आदेश एक मध्यस्थता भरे कदम के तौर पर देखा जा सकता है. आंध्र प्रदेश पुनर्गठन कानून (एपीआरए), 2014 की अनुसूची 10 के अंतर्गत सूचीबद्ध 142 संस्थानों में उक्त दो विश्वविद्यालय भी शामिल हैं. तो आखिर विवाद क्या है? तेलंगाना का कहना है कि इस कानून के मुताबिक राज्य के विभाजन के एक वर्ष के भीतर सभी सूचीबद्ध संस्थानों को बांटा जाना था. चूंकि 2 जून, 2015 की मियाद खत्म हो चुकी है, लिहाजा तेलंगाना के मुताबिक दोनों विश्वविद्यालयों समेत ये सारे संस्थान उस राज्य का हिस्सा हैं, जहां वे स्थित हैं.
तेलंगाना के इस दावे की पृष्ठभूमि में चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली आंध्र प्रदेश सरकार का 16 जून को पारित वह आदेश है जिसमें दसवीं अनुसूची के तहत आने वाले 104 संस्थानों के प्रमुखों को कहा गया था कि वे अविभाजित राज्य के खाते में बची बैंक राशि को या तो ट्रेजरी में हस्तांतरित कर दें या फिर आंध्र में स्थित किसी राष्ट्रीयकृत बैंक में डाल दें. इसके बाद के. चंद्रशेखर राव की सरकार ने सभी विभागों को निर्देश देकर यह सुनिश्चित करने को कहा कि एक भी पैसा आंध्र को न जाने पाए.
अब तेलंगाना का दावा है कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि विभाजन की प्रक्रिया और उसके बाद कार्यबल, परिसंपत्तियों और पैसों का जो प्रवाह आंध्र को हुआ है, उसे रोका जा सके. राज्य के योजना सलाहकार ए.के. गोयल कहते हैं, ''पक्षपात को छिपाने के लिए आंकड़ों में हेरफेर किया गया लेकिन ताजा आकलन वास्तविकता बताता है. मसलन, नहरी सिंचाई के मामले में आंध्र के गुंटूर जिले में दशकों के दौरान जितना खर्च किया गया वह समूचे तेलंगाना में किए गए खर्च से ज्यादा है.''
दोनों राज्यों के नेता और अफसरशाह एक-दूसरे की जासूसी करवा रहे हैं ताकि दूसरा किसी संस्थान पर कब्जा न जमा ले. मसलन, जून में तकरीबन एक हफ्ते तक तेलंगाना स्पेशल पुलिस की एक प्लाटून हैदराबाद के बाहरी इलाके में बसे आइटी केंद्र गाचीबावली स्थित सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस (सीजीजी) तक जाने वाली सड़क से गुजरने वाले वाहनों में झांक-झांककर इसलिए देखती रही ताकि आइएएस अफसर मुकेश कुमार मीणा को सीजीजी के महानिदेशक का पदभार लेने से रोका जा सके, जिन्हें चंद्रबाबू ने नियुक्त किया था. तेलंगाना के अफसरों का दावा है कि सीजीजी दसवीं अनुसूची में आने वाला संस्थान है, जिसका डीजी केसीआर सरकार पहले ही नियुक्त कर चुकी है. इस तरह की घटनाओं ने विभाजन की प्रक्रिया को धीमा कर दिया है.
एपीआरए की अनुसूची 9 के तहत आने वाले 90 सरकारी विभागों में काम कर रहे लोगों का प्राविधिक आवंटन और दसवीं अनुसूची में आने वाले 142 संस्थानों समेत परिसंपत्तियों के बंटवारे में आरंभिक 12 माह की समय-सीमा से इसी कारण ज्यादा वक्त लग रहा है. माना जा रहा है कि यह प्रक्रिया कम-से-कम इस साल के अंत तक जारी रहेगी. तेलंगाना के एक वरिष्ठ अफसरशाह निराशा में कहते हैं, श्श्यह तब तक चलता रहेगा जब तक कि आंध्र प्रदेश का प्रशासन साझे राजधानी क्षेत्र (हैदराबाद) से 1 जून, 2024 तक बाहर नहीं निकल जाता. अगर मुकदमों की संख्या ज्यादा हुई तो शायद और भी लंबा समय लग सकता है.''
अफसरशाहों का दिल जीतने के लिए केसीआर और नायडू दोनों ने ही वेतन में 43 फीसदी तक के इजाफे की घोषणा कर डाली है, जिनमें कुछ और सुविधाएं भी शामिल हैं, मसलन नायडू की यह घोषणा कि आंध्र के स्टाफ की सेवानिवृत्ति की उम्र 58 से बढ़ाकर 60 साल कर दी जाएगी. विभाजन के बाद से ही केसीआर और नायडू, दोनों ने ही अपशब्दों का भरपूर इस्तेमाल किया है. इस कड़वाहट के बावजूद केंद्र ने अब तक इस मामले में हाथ नहीं डाला है—चाहे वह पानी, बिजली, कर्मचारियों या फिर अन्य परिसंपत्तियों तथा इकाइयों के बंटवारे का मामला हो. बीती 6 जुलाई को आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव आइ.वाइ.आर. कृष्ण राव ने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को लिखते हुए अनुसूची 9 और 10 में आने वाली इकाइयों के लिए या तो यथास्थिति बनाए रखने या फिर पूर्ववर्ती स्थिति को बहाल करने की मांग की थी.
बंटवारे तथा आवंटन का मसला काफी विवादास्पद है. आंध्र प्रदेश आबादी के अनुपात के समर्थन में है—तेलंगाना और आंध्र का जनसंख्या अनुपात 42/58 है—वहीं तेलंगाना राज्य सचिवालय संघ (टीएसएसए) जिलों की संख्या के आधार पर 10/13 के अनुपात को मानता है. टीएसएसए के अध्यक्ष ए. पद्मचारी कहते हैं, ''आबादी का अनुपात आंध्र के कर्मचारियों को फायदा पहुंचाता है चूंकि उनके पास शीर्ष पद बने रहेंगे. इससे तेलंगाना के कर्मचारियों को प्रोन्नति में बाधा आती है. इसके अलावा रिक्त पदों को भरने के लिए सीधी भर्ती के माध्यम से हमारे युवाओं से भी रोजगार का मौका छिन जाता है.''
आंध्र प्रदेश के अधिकारी इस मांग को गलत ठहराते हैं. एपी एनजीओ एसोसिएशन के अध्यक्ष परुचुरी अशोक बाबू कहते हैं कि सचिवालय के सभी विभागों में तेलंगाना के कर्मचारी 42 फीसदी से ज्यादा संख्या में हैं और विभागाध्यक्ष भी हैं. वे कहते हैं, ''अब तक या तो विकल्प या फिर आवंटन के रास्ते तेलंगाना के 800 से ज्यादा कर्मचारियों को आंध्र को आवंटित किया गया है चूंकि तेलंगाना में वहां के स्थानीय कर्मचारियों की तुलना में रिक्त पद कम हैं. यहां तक कि कई वरिष्ठ अफसरशाहों ने भी आंध्र को चुना है क्योंकि वहां सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ा दी गई है.''
ऐसा लगता है कि यह विवाद लंबा खिंचने वाला है चूंकि दोनों राज्यों की सरकारों ने विवाद की लंबी पारी खेलने का मन बना लिया है.
आंध्र-तेलंगाना: बंट गए, बखेड़ा बरकरार
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश दोनों ही अविभाजित राज्य की सार्वजनिक संस्थाओं और अफसरों पर अपना दावा जताते हुए अपने अफसरशाह नियुक्त कर रहे.

अपडेटेड 20 जुलाई , 2015
ADVERTISEMENT
Advertisement
