scorecardresearch
डार्क मोड

मेट्रो और रिंग रोड के बीच आने वाले मंदिर ढहाने पर राजस्थान में बवाल

मेट्रो के रास्ते में आने वाले मंदिरों को हटाए जाने पर संघ और अन्य हिंदू संगठन आंदोलित, लेकिन सरकार अदालती चाबुक से मजबूर

जयपुर मेट्रो की राह में पडऩे वाले रोजगारेश्वर महादेव मंदिर को गिराते कर्मचारी
जयपुर मेट्रो की राह में पडऩे वाले रोजगारेश्वर महादेव मंदिर को गिराते कर्मचारी
अपडेटेड 13 जुलाई , 2015

राजस्थान सरकार के तीन मंत्रियों, स्थानीय विधायकों, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और कुछ अन्य लोगों को पिछले हफ्ते जयपुर स्थित आरएसएस के कार्यालय भारती भवन में बुलाकर पूछा गया कि जब मंदिरों को तोड़ा जा रहा था, तो वे चुप क्यों बैठे रहे? उनमें से ज्यादातर चूंकि संघ की पृष्ठभूमि से थे, सो जवाब देने की बजाए वे चुपचाप सुनते रहे. दरअसल संघ और अन्य हिंदू संगठन जयपुर में मंदिरों को तोड़े जाने और उन्हें दूसरी जगहों पर ले जाने का जमकर विरोध कर रहे हैं.
दूसरी ओर प्रशासन अगर अनधिकृत मंदिरों या ट्रैफिक में बाधक दूसरे पूजा स्थलों को नहीं हटाता है तो उसके अधिकारी राजस्थान हाइकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की अवमानना के दोषी बन सकते हैं. हाइकोर्ट के 30 जून के आदेश पर सरकार को कुछ ही दिनों में काफी व्यस्त बाजार राजा पार्क में पंचवटी सर्किल के पास स्थित भक्तों की भारी भीड़ वाले एक दोमंजिला मंदिर को हटाना पड़ेगा. इतना ही नहीं, हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस सुनील अंबवानी और जस्टिस बनवारी लाल शर्मा की खंडपीठ ने अनधिकृत पूजा स्थलों का निर्माण करने वाले लोगों के खिलाफ दो माह के भीतर आपराधिक कार्रवाई शुरू करने का आदेश दे रखा है. इस खंडपीठ ने यातायात में बाधा खड़ी करने और अनधिकृत निर्माण कराने के कारण मंदिर की प्रबंध समिति पर पांच लाख रु. का जुर्माना भी ठोक दिया है. हाइकोर्ट की खंडपीठ ने सख्ती दिखाते हुए सरकार को उस कोशिश के लिए फटकार लगाई है, जिसके जरिए वह अवैध धार्मिक स्थलों को बनाए रखने के लिए एक अलग नीति बनाना चाहती थी.

मंदिरों को हटाने के मसले पर पिछले दो साल से लोगों की नाराजगी बढ़ रही थी, लेकिन प्रस्तावित मेट्रो के रास्ते पर पडऩे के कारण छह मंदिरों को गिरा दिया गया तो लोगों का गुस्सा फट पड़ा. इनमें से कुछ मंदिर तो 200 साल पुराने थे.

अच्छा तो यह होता कि मंदिर के मालिकों को किसी दूसरी जगह जमीन और मुआवजा दिया जाता, जिससे वे नए मंदिर का निर्माण कर सकते थे. लेकिन प्रशासन ने सभी को एक ही जगह पर शिफ्ट कर दिया. इतना ही नहीं, जयपुर मेट्रो ने पुराने शहर की धरोहरों को बचाने के लिए मोटी रकम चुकाकर मुंबई के एक धरोहर विशेषज्ञ की सेवाएं ली थीं. फिर भी हटाए गए छह मंदिरों को उनका मूल डिजाइन देने की बजाए एक ही जैसे मंदिरों के साथ रख दिया गया.

विरोध की एक अन्य वजह यह है कि पूजा स्थल केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं. वे पुजारियों, मालिकों और दुकानदारों के लिए अर्थव्यवस्था से जुड़े होते हैं और यह धंधा मंदिर समितियों, नेताओं और अधिकारियों की मिलीभगत से फल-फूल रहा है.

मंदिरों को गिराए जाने का विरोध 'मंदिर बचाओ धरोहर समिति' के तहत किया जा रहा है. इसे बीजेपी से जुड़े हिंदू संगठनों का पूरा समर्थन है. वहीं कांग्रेस का कहना है कि सत्ताधारी बीजेपी सरकार अपनी खाल बचाने के लिए इन संगठनों का सहारा ले रही है. इन विरोध प्रदर्शनों के पीछे दो वजहें मालूम होती हैं. एक, इसने ललित मोदी से जुड़े हंगामे को कुछ हद तक कम करने में मदद की है और दूसरा, हिंदुओं को यह संदेश देना कि बीजेपी के सहयोगी संगठन हिंदुओं की आस्था के लिए लड़ रहे हैं. संघ ने गिराए मंदिरों की तस्वीरें अपने नागपुर मुक्चयालय को भेजी हैं.

अनधिकृत मंदिर का मुद्दा कांग्रेस शासन में शुरू हुआ था, जब अशोक गहलोत मुक्चयमंत्री थे. उस समय 27 मंदिरों को हटाया गया था, लेकिन अनधिकृत रूप से बनी एक भी मस्जिद को हाथ नहीं लगाया गया था. बीजेपी के मौजूदा शासन के दौरान जिन 73 धार्मिक स्थलों को हटाया गया है, उनमें 8 मस्जिदें भी हैं. दोनों ही सरकारों ने धार्मिक स्थलों को हटाने का काम सुप्रीम कोर्ट का आदेश मिलने के बाद शुरू किया. अदालती आदेश के बाद गहलोत सरकार की ओर से कराए गए एक सर्वेक्षण में प्रदेश में 58,000 अनधिकृत धार्मिक स्थलों की पहचान की गई थी. इनमें 900 धार्मिक स्थल अकेले जयपुर में ही हैं.

सरकारी अधिकारियों का कहना है कि जिन धार्मिक स्थलों को हटाया जा रहा है, उनमें से 10 फीसदी मुसलमानों के हैं. इस प्रकार वे यह सख्ती सिर्फ हिंदुओं के धार्मिक स्थलों के प्रति ही नहीं दिखा रहे हैं.

प्रशासन ने पिछले साल जिन 73 धार्मिक स्थलों को हटाया था, उनमें से ज्यादातर मंदिर रिंग रोड के प्रोजेक्ट पर पड़ते थे. पिछले साल इतना हो-हल्ला नहीं हुआ था, क्योंकि वे मंदिर बाहरी इलाकों में थे और ज्यादा पुराने भी नहीं थे.

बीजेपी की चिंता का एक मुख्य कारण यह भी है कि पंचवटी सर्किल का मंदिर प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी के निर्वाचन क्षेत्र में है. इसके अलावा हाइकोर्ट ने अगर यह रिपोर्ट मांगनी शुरू कर दी कि प्रदेश में बाकी बचे 56,000 अनधिकृत धार्मिक स्थलों पर क्या कदम उठाए गए हैं तो क्या होगा? एक वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं, ''हम यह कैसे कह सकते हैं कि हम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करेंगे? '' साथ ही मंत्री नहीं बनाए गए असंतुष्ट नेता भी इन विरोध प्रदर्शनों का समर्थन कर रहे हैं. परनामी कहते हैं, ''यह मुद्दा काफी समय से गरमा रहा था, पर अब यह गंभीर हो गया है. ''

बहरहाल, संघ का मौजूदा विरोध निश्चित तौर पर प्रतिगामी कदम है और अदालत के समर्थन से सीएम वसुंधरा राजे इसका सामना करने में सफल रहेंगी. संघ भले ही उन्हें अदालत के आदेश का काउंटर करने के लिए कुछ संशोधन करने पर मजबूर कर सकता है, पर लंबे दौर में इससे कोई फायदा नहीं होगा. अदालत सड़कों के निर्माण में बाधक अनधिकृत मंदिरों, मस्जिदों या गिरिजाघरों को कानून के आड़े नहीं आने देगी. संघ को सोचना होगा कि अगर वह रिंग रोड और मेट्रो के लिए घरों-दुकानों के गिराए जाने का विरोध नहीं करता तो मंदिरों को हटाने पर इतना हो-हल्ला कैसे कर सकता है?

ADVERTISEMENT
Advertisement