यह ठीक उसी वक्त की बात है. 15 अगस्त की सुबह पूरा देश स्वतंत्रता दिवस के उल्लास में डूबा हुआ था. लेकिन उसी समय बहराइच जिला मुख्यालय से 80 किलोमीटर दूर उत्तर पश्चिम दिशा में मिहीपुरवा कस्बे के लोग सैलाब से अपने घरों, बच्चों और बहते हुए सामान को बचाने की कोशिश में हलकान हुए जा रहे थे. सांगवा गांव के किसान 35 वर्षीय अली हुसैन भी उनमें से एक थे. घाघरा नदी उफान पर थी. पानी सब कुछ बहाए ले जा रहा था. आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अली अपने माता-पिता, तीन बच्चों और पत्नी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में कामयाब हुए. लेकिन शाम चार बजे के आसपास जब वे जानवरों को बचाकर ले जा रहे थे, तभी बहाव तेज हो गया. जानवर तो बच गए, लेकिन वे नहीं बच पाए. दो दिन बाद 17 अगस्त को पानी कम होने पर उनका शव घर से तीन किलोमीटर दूर मिला.
सांगवा से लगभग 150 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम दिशा में श्रावस्ती जिले के भंगहा कस्बा निवासी 23 वर्षीय अंकुर मिश्र अली हुसैन की तरह बदनसीब तो नहीं थे, लेकिन बाढ़ का जिक्र आते ही सिहर उठते हैं. 15 अगस्त की सुबह वे अपने रिश्तेदार से मिलने बहराइच गए थे और जब शाम पांच बजे लौटे तो उनके कस्बे से लगभग सात किलोमीटर पहले लक्ष्मणनगर बाजार के पास चार लेन की मुख्य सड़क का नामो-निशान मिट चुका था. राप्ती नदी में अचानक बढ़े पानी ने पूरे इलाके को डुबो दिया था. बदहवास अंकुर दो दिनों तक भटकते रहे और आखिरकार 17 अगस्त की शाम वे एक राहत शिविर में अपने परिवार से मिल सके.
उत्तर प्रदेश के करीब 50 लाख लोग इस वक्त ऐसी ही दुश्वारियों का सामना कर रहे हैं, जिन पर 15 अगस्त को अचानक आई बाढ़ कयामत बनकर टूट पड़ी है. 14 अगस्त की रात नेपाल में हुई भारी बारिश यूपी के तराई जिलों के लिए आफत बन गई. यहां की शारदा, सरयू और राप्ती आदि नदियों में कुछ ही घंटों के भीतर अचानक 10 लाख क्यूसेक पानी बढ़ जाने से पैदा हुए हालात ने बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बाराबंकी, फैजाबाद और लखीमपुर खीरी में तबाही मचा दी. 1,000 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में आ गए और तांडव कर रहे पानी ने एक हफ्ते के भीतर 80 घरों के चिराग बुझ दिए. बाढ़ ने कई सड़कों और रेल मार्गों को ध्वस्त कर दिया, जिससे बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों का संपर्क प्रदेश की राजधानी लखनऊ से कट चुका है.
बैराजों पर टूटा पानी का रिकॉर्ड
केंद्रीय जल आयोग (मध्य गंगा मंडल-प्रथम) ने अपनी रिपोर्ट में नेपाल में बादल फटने की घटना को इस बाढ़ का मुख्य कारण माना है. रिपोर्ट के मुताबिक 14 अगस्त की देर रात नेपाल के चिसापानी में कुछ ही घंटों में रिकॉर्ड 500.8 मिमी. बारिश हुई, जिससे घाघरा का जलस्तर बढ़ गया. इसी दौरान नेपाल के भालूबंग में हुई 215 मिलीमीटर बारिश से राप्ती में सैलाब जैसे हालात पैदा हो गए. इस सैलाब को रोक पाने में यूपी के तराई इलाकों में बने बैराज नाकाम रहे. 15 अगस्त की सुबह कुछ ही देर में बहराइच के सरयू बैराज से 2.25 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हुआ, जो 1995 में अब तक निकले रिकॉर्ड 1.19 लाख क्यूसेक पानी से करीब दोगुना था. कुछ ऐसी ही स्थिति से श्रावस्ती का राप्ती बैराज भी गुजरा. यहां से 1.4 लाख क्यूसेक पानी गुजरा, जो इस बैराज के अब तक के अधिकतम स्तर 2006 में 1.35 लाख क्यूसेक से अधिक था. प्रमुख सचिव, सिंचाई दीपक सिंघल कहते हैं, ''उत्तर प्रदेश के इतिहास में यह पहला मौका है, जब एक ही दिन में तराई के दो सबसे बड़े सरयू और राप्ती बैराज से गुजरने वाला पानी अपने अधिकतम स्तर को पार कर गया हो. इसी कारण इन नदियों के किनारे बसे इलाके खतरे की चपेट में आ गए. ''
नेपाल से पानी छोडऩे पर भ्रम
उत्तराखंड की टिहरी जल विद्युत परियोजना समेत देश की तीन बड़ी जल विद्युत परियोजनाओं में बतौर सीनियर हाइड्रोइलेक्ट्रिक इंजीनियर अपनी सेवाएं देने वाले आर.के. मिश्र कहते हैं, ''नेपाल में बारिश के पानी को रोकने की कोई व्यवस्था नहीं है. ऐसे में पहाड़ी इलाकों में अचानक ज्यादा बारिश होने पर यूपी के तराई इलाकों की नदियों में जलस्तर बढ़ जाता है और भ्रम यह पैदा होता है कि नेपाल ने पानी छोड़ दिया है. '' सिंघल कहते हैं कि प्रदेश सरकार की तो यही मांग है कि नेपाल पानी रोके और जरूरत होने पर छोड़े. लेकिन इसके लिए वहां बड़ी संख्या में जलाशयों का निर्माण करना होगा. इस बारे में पहल करने के लिए यूपी सरकार ने केंद्र को पत्र लिखा है. इतना ही नहीं, पिछले दस वर्ष के दौरान नेपाल में शुरू हुईं आधा दर्जन छोटी जल विद्युत परियोजनाओं के चलते यहां की छोटी नदियों को बड़ी नदी से जोड़ दिया गया है. यहां के पहाड़ी इलाकों से निकलने वाली चार छोटी नदियों बमती, बनारा, सियाली और राधा को सीधे शारदा नदी से जोड़ा गया है. वहीं दूसरी ओर एक अन्य छोटी नदी दोंदा का पानी घाघरा में गिरता है. तराई इलाकों में बाढ़ की विभीषिका रोकने की जंग लड़ रहे लखीमपुर खीरी के पूर्व सांसद रवि वर्मा कहते हैं, ''बारिश के मौसम में दूसरी नदियों का पानी मिल जाने से शारदा, घाघरा जैसी नदियों का प्रवाह तबाही मचाता हुआ यूपी के तराई इलाकों में दाखिल हो जाता है. ''
(बाराबंकी के पूरे डलई गांव में बाढ़ का कहर)
कमजोर तटबंधों से बचाव
बहराइच जनपद में घाघरा नदी की बाढ़ से बचाने के लिए बना 100 किलोमीटर लंबा आदमपुर-रेवली तटबंध हर साल 'रैट होल' और कटान के कारण कमजोर होता जा रहा है. प्रशासन को 14 अगस्त को इसी नदी पर जरवल इलाके में रिंग बांध के 35 मीटर कटने की सूचना मिल चुकी थी. बावजूद इसके देरी से बचाव के उपाय किए जाने के बारे में बाढ़ खंड, गोंडा के सहायक अभियंता ओपी उपाध्याय तर्क देते हैं, ''नया रिंग बांध बनाने और कटान रोकने के लिए शासन ने धनराशि नहीं दी है. फिर भी उपाय किया जा रहा है. '' लखीमपुर के गांव आजादनगर, श्रीनगर और बरबादनगर की डेढ़ सौ बीघा जमीन इस बार शारदा में आई बाढ़ में समा गई. इस कारण शारदा नदी के किनारे बसे पांच सौ से अधिक परिवार बेघर हो गए हैं. गुस्साए किसानों ने 18 अगस्त को बड़ी संख्या में पलियाकलां तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी विजय बहादुर को बंधक बना लिया. पूर्व प्रधान मुन्ना चौधरी कहते हैं, ''हर वर्ष बाढ़ आने पर प्रशासन से शारदा नदी के पश्चिमी छोर पर बांध बनाने का आश्वासन मिलता है, लेकिन अब तक बांध नहीं बना और गांव-के-गांव कटान से अपना अस्तित्व खोते जा रहे हैं. ''
राहत इंतजाम नाकाफी
कहने को तो प्रशासन ने गोंडा में तीन दर्जन से अधिक बाढ़ चौकियां खोलने का दावा किया है, लेकिन फैजाबाद सीमा पर मौजूद साखापुर गांव में सरयू नदी तेजी से कटान पर है. यहां सबसे नजदीक बाढ़ चौकी नवाबगंज नगरपंचायत के पटपरगंज में है, जो साखापुर से 18 किलोमीटर दूर है. गांव के किसान रामसूरत वर्मा कहते हैं, ''बाढ़ चौकी के दूर होने के कारण पानी में फंसे लोगों को कोई सरकारी मदद नहीं मिल पा रही है.'' नेपाल सीमा से सटे बहराइच और बलरामपुर के बीच मौजूद जिला श्रावस्ती हर वर्ष बाढ़ की विभीषिका झेलता है. विडंबना यह है कि इस जिले में सिंचाई विभाग का एक भी डिविजन नहीं है. लेकिन यूपी के सिंचाई और राजस्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव सफाई देते हैं, ''मैं स्वयं राहत कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहा हूं. अधिकारियों पर नजर है. लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई हुई है. अगर एक भी पीडि़त राहत पाने से रह गया तो जिम्मेदार अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे. ''
सरकार के तमाम दावों के उलट बाढ़ पीडि़तों की बड़ी तादाद राहत कार्यों से अछूती है. ऐसे पीडि़तों की दुश्वारियों पर बाराबंकी के प्रसिद्घ कवि करुणा शंकर 'बदनाम' अपना गुस्सा कुछ यूं जाहिर करते हैं— सूचना सरकारी है, राहत कार्य जारी है. गांव में पचासी घर, बारह सौ नारी-नर. अस्सी तो ढह गए, पांच बचे बह गए. गले तक भराव है, डोंगी है न नाव है. घास पात खा रहे, नेता याद आ रहे. फैली महामारी है, राहत कार्य जारी है.
(—साथ में हरिशंकर शाही)
तराई में सैलाब से यूपी में तबाही
नेपाल में हुई बारिश उत्तर प्रदेश के तराई के गांवों में बाढ़ और आपदा की गूंज बनकर आई है. यूपी के 1,000 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में आ गए.

अपडेटेड 2 सितंबर , 2014
ADVERTISEMENT
Advertisement
