scorecardresearch
डार्क मोड

राजस्थान में हड़ताल या वकीलों की ब्लैकमेलिंग?

एक किराएदार वकील के खिलाफ फैसले से शुरू हुआ विरोध वकील बनाम जज की लड़ाई में बदला. अदालती कामकाज प्रभावित.

अपडेटेड 18 अगस्त , 2014

जयपुर के वकील भारत भूषण पारीक की एक याचिका पर 4 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट के जज न्यायमूर्ति सुधांशु ज्योति मुखोपाध्याय और एस.ए. बोब्दे की पीठ ने कहा, ''पहले हड़ताल खत्म कीजिए और फिर 8 अगस्त को हमारे सामने आइए. '' याचिका असल में उनके खिलाफ जयपुर के बापू नगर में एक फ्लैट और बेंसमेंट को खाली करने के फैसले के खिलाफ थी.
न्यायमूर्ति मुखोपाध्याय एक दिन पहले ही राजस्थान में आए थे. उनके दौरे का हड़ताल से कोई लेना-देना नहीं था लेकिन वहां उन्होंने शायद उसका नजारा देखा हो. पीठ ने राजस्थान में 9 जुलाई से सभी एक लाख वकीलों के हड़ताल पर चले जाने पर ङ्क्षचता जाहिर की थी. यह हड़ताल 7 जुलाई को एक छोटी-सी घटना के साथ शुरू हुई थी, जब जिला बार एसोसिएशन के वकील राज्य सरकार के प्रस्ताव के खिलाफ अदालत का बहिष्कार कर रहे थे. राज्य सरकार ने राजस्व अदालतों को खत्म करके उनके अधिकार संभागीय आयुक्तों को देने का प्रस्ताव किया था.  
उस दिन यानी 7 जुलाई को अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश महेंद्र सिंह चौधरी ने फ्लैट खाली करने के फैसले के खिलाफ पारीक की याचिका खारिज कर दी. लेकिन पारीक की दलील थी कि 5 जुलाई की पिछली तारीख पर उनकी दलील नहीं सुनी गई इसलिए आज सुनी जानी चाहिए. पारीक और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपेश कुंभज समेत उनके वकीलों की जज के साथ काफी बहस हुई. उनकी दलील थी कि आदेश वापस लिया जाए. बकौल कुंभज, वे जज से कह रहे थे कि 7 जुलाई को चूंकि हड़ताल का दिन है, कोई भी जज प्रतिकूल आदेश नहीं जारी कर रहा है, इसलिए उन्हें भी ऐसा नहीं करना चाहिए.
पारीक 1998 से उस फ्लैट के किराएदार हैं. उनका कहना है कि उनके वादी यमुनानगर शुगर मिल के रिटायर अधिकारी 79 वर्षीय अंबरीश चंद्र कुदसिया और उनकी पत्नी 70 वर्षीय नूतन के पास जायदाद की मिलकियत नहीं है फिर भी विभिन्न अदालतों ने उनके दावे को जायज ठहराया है. बुजुर्गों के वकील राजेश शर्मा के मुताबिक, पारीक का कहना गलत है क्योंकि कोर्ट में दोनों तरफ की दलीलें 5 जुलाई को ही पूरी हो चुकी थीं और 7 जुलाई को सिर्फ फैसला सुनाया जाना था.
जज चौधरी न्यायिक आदेश को वापस लेने के दबाव से आहत हुए और उन्होंने इसे अवमानना करार देते हुए रिकॉर्ड में दर्ज किया. इस पर 9 जुलाई की दोपहर से राज्यभर के वकील हड़ताल पर चले गए. वे जज के तबादले की मांग कर रहे थे. 13 जुलाई को जज के समर्थन में राज्य के तमाम न्यायिक अधिकारी जयपुर में जुटे और वकीलों के रवैए की निंदा की. 14 जुलाई को जब राजस्थान हाइकोर्ट के जज बेला एम. त्रिवेदी ने हड़ताल का स्वत: संज्ञान लिया और वकीलों को अवमानना का नोटिस जारी किया तो वकील उनके तबादले की भी मांग करने लगे.
हाइकोर्ट प्रशासन और वकीलों के प्रतिनिधियों के बीच कई बैठकों में गतिरोध नहीं टूट पाया. कुंभज कहते हैं कि प्रशासन दोनों जजों के तबादले के लिए तैयार नहीं है. इस बीच, एक निजी बेदखली के मामले को हड़ताल का मुद्दा बनाने के लिए आलोचना होने लगी तो वकीलों ने रणनीति बदल दी और प्रशासन में भ्रष्टाचार का मामला उठा दिया. इंडिया टुडे से वकीलों ने कहा कि हर आधिकारिक काम के लिए अदालती स्टाफ रिश्वत मांगता है, चाहे केस की फाइल जज के सामने रखनी हो या अदालती आदेशों की प्रमाणित प्रति का मामला हो. पारीक कहते हैं, ''हम इससे आजिज आ चुके हैं. मेरे मामले में अवमानना की नोटिस ने तो महज ङ्क्षचगारी का काम किया. ''
हालांकि हड़ताल खत्म करने के लिए चल रही बातचीत में भ्रष्टाचार का मुद्दा अड़ता जा रहा है जिससे यह संदेह भी उठ रहा है कि वकील हड़ताल खत्म करने को लेकर गंभीर हैं या नहीं. असल में हड़ताल तोडऩे की उनकी एकमात्र शर्त दोनों जजों का तबादला है. अदालतें बिना वकीलों के ही मुकदमों की सुनवाई कर रही हैं. वकील रोज अदालत परिसरों में पहुंचते हैं, प्रदर्शन, अड्डेबाजी करते हैं और अपने मुवक्किलों को समझते हैं कि जज के सामने क्या कहना है. 5 अगस्त को जयपुर के घाट गेट के एक व्यापारी जीतेंद्र परवाणी मामूली झगड़े-झंझट के एक मामले में समझैते के लिए कागज तैयार नहीं करवा पाए क्योंकि स्टांप वेंडर हड़ताल पर थे. सत्र न्यायाधीश सुप्रिया जोशी के सामने समझौते की रजामंदी हो चुकी है.
इसके विपरीत जमानत चाहने वालों की तो मानो चांदी हो गई है. जज उदार मन से लोगों को ऐसी राहत मुहैया करा रहे हैं. 17 जुलाई को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में संसदीय सचिव रहीं कानून की ग्रेजुएट जाहिदा बेगम न्यायाधीश निशा गुप्ता की अदालत में पहुंचीं और अपने पति जलीस खान के खिलाफ बलात्कार के एक मामले में दलील पेश कर जमानत दिलवाने में कामयाब हो गईं. खान जनवरी, 2013 से फरार थे और 23 मई को गिरफ्तार किए गए थे. जमानत मिलने के बाद 5 अगस्त को उन्होंने इंडिया टुडे  से कहा, ''मेरे लिए तो हड़ताल वरदान बन गई.''
पारीक पहले भी विवादों में रहे हैं. वे 1997 में राजस्थान विश्वविद्यालय के लड़कों के हॉस्टल में रहते हुए एक सामूहिक बलात्कार और यौन उत्पीडऩ के मामले में आरोपी थे. उन्हें जेल भी जाना पड़ा था, लेकिन बाद में वे बाइज्जत बरी हो गए. 5 अगस्त को राजस्थान हाइकोर्ट के जज त्रिवेदी की अदालत में पारीक की याचिका की सुनवाई हुई तो जज ने कुदसिया से पूछा कि उन्हें फ्लैट का कब्जा मिला कि नहीं? इस पर उन्होंने कहा कि पारीक कब्जा नहीं दे रहे हैं. इस पर पारीक का कहना था कि मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है और झल्लाते हुए मांग की कि उनका मुकदमा दूसरी अदालत में भेज दिया जाए. इस पर जज ने कहा कि आवाज नीची करके बात कीजिए. इस बीच अदालत में पेश होने के दंडस्वरूप पारीक को बार से निष्कासित कर दिया गया पर ये बार की उनके मुद्दे से खुद को दूर करने की कोशिश है.
बहरहाल, वकीलों की हड़ताल की वजह से पहले से ही लेटलतीफ न्याय-व्यवस्था की गति और मंथर हो गई है जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा हैं.    

फ्लैट मालिक बुजुर्ग दंपती
(फ्लैट मालिक बुजुर्ग दंपती अंबरीश चंद्र कुदसिया और उनकी पत्नी नूतन)
वकील से उलझे तो 72 चोट और न्यायपालिका से?
सुप्रीम कोर्ट में 4 अगस्त को पारीक की याचिका की सुनवाई के दौरान न्यायाधीश मुखोपाध्याय ने परोक्ष रूप से वकीलों की हड़ताल का जिक्र किया. उन्होंने पारीक के वकील रमेश पी. भट्ट से पूछा कि लोग वकीलों के बारे में क्या सोचते हैं? भट्ट ने कहा कि उनके राज्य गुजरात में कहा जाता है कि वकील, आयकर अधिकारियों और पुलिसवालों से न दोस्ती भली, न दुश्मनी. इस पर जज ने मुस्करा कर एक दूसरी कहावत बताई, ''अगर किसी शेर से उलझे तो 18 घाव झेलोगे लेकिन पुलिसवाले से उलझे तो 36 और वकील से उलझे तो 72 चोट खाओगे. तो, न्यायपालिका से उलझकर आप कितने घाव सहने की सोच रहे हैं? जाइए और बातचीत के जरिए हड़ताल का हल निकालिए. '' इसके बाद मुकदमे की अगली सुनवाई 8 अगस्त तक टल गई.

ADVERTISEMENT
Advertisement