राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने 30 जून को बीकानेर में सिविल एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए अन्य शहरों में भी नए हवाई अड्डे शुरू करने का ऐलान किया था. उससे पहले पिछले साल 21 सितंबर को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ क्षेत्र में नई हवाई पट्टी की आधारशिला रखी थी. इन घोषणाओं पर यकीन करें तो लगेगा कि जल्दी ही पूरा राजस्थान हवाई मार्ग से बाकी देश से जुडऩे वाला है, लेकिन हकीकत इससे मेल खाती नहीं दिखती. जिस राज्य में पहले से बनकर तैयार खड़े एयरपोर्ट हवाई उड़ान के अभाव में हवा खा रहे हों, वहां इन सरकारी घोषणाओं पर आसानी से यकीन नहीं होता.
जैसलमेर में 80 करोड़ रु. की लागत से बना सिविल एयरपोर्ट दो साल से वीरान पड़ा है. यहां लाई गई मशीनें और उपकरण पेटियों में बंद पड़े जंग खा रहे हैं. इसका अब तक उद्घाटन भी नहीं हुआ है जबकि इमारत में टूट-फूट शुरू हो गई है. कोई विमान कंपनी अब तक जैसलमेर की हवाई उड़ान शुरू करने के लिए राजी नहीं हुई है. दो साल से एयरपोर्ट की देखरेख के लिए इंजीनियरों और डिप्टी जनरल मैनेजर स्तर के अधिकारियों को नियुक्त किया गया है. एयरपोर्ट एथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआइ) के जोधपुर स्थित कार्यवाहक मैनेजर ओमप्रकाश शर्मा बताते हैं, ''इस वित्तीय वर्ष में रखरखाव के लिए 35 लाख रु. का मेन्टेनेंस कॉन्ट्रैक्ट हुआ है. ''
जैसलमेर में 2001 तक वायुसेवा चल रही थी. किंगफिशर की विमान सेवा जैसलमेर, जोधपुर, उदयपुर और औरंगाबाद होते हुए मुंबई तक जाती थी, लेकिन सितंबर, 2001 में अमेरिका में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और दिसंबर, 2001 में संसद पर हुए हमले के बाद यह बंद हो गई. इस एयरपोर्ट के निर्माण कार्य के प्रमुख इंचार्ज रहे एएआइ के जनरल मैनेजर नरेंद्र माखीजा कहते हैं, ''जैसलमेरी शिल्प में तैयार एयरपोर्ट के निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका है. यहां भव्य मॉडर्न टर्मिनल है, जहां तीन विमान सेवाओं को एक साथ चलाया जा सकता है. '' शर्मा बताते हैं, ''कुछ माह पहले स्पाइसजेट और गोएयर जैसी कंपनियों ने यहां वायुसेवा शुरू करने की इच्छा से सर्वे भी करवाया था, लेकिन फिर सारा मामला ठप पड़ गया. '' नजदीकी हवाईअड्डे जोधपुर में सालभर में करीब 3,000 हवाई जहाज उतरते हैं. 1 अप्रैल, 2013 से 31 मार्च, 2014 के बीच 3,13,000 यात्रियों ने इस मार्ग पर यात्रा की.
जैसलमेर में वायुसेवा शुरू न हो पाने की कई वजहें बताई जा रही हैं. प्राइवेट एयरलाइन कंपनियों को डर है कि यहां ज्यादा बिजनेस नहीं हो पाएगा. जैसलमेर का पर्यटन बिजनेस भी साल में 4-5 महीने ही होता है. गर्मियों में यहां का तापमान 48-50 डिग्री तक पहुंच जाता है. निजी चार्टर्ड प्लेन के क्लीयरेंस एजेंट और ट्रैवल एजेंसी चलाने वाले आइ.वी. सिंह कहते हैं, ''यह निष्क्रियता राजनैतिक इच्छाशक्ति की कमी के कारण है. दिल्ली और जोधपुर में एक बिजनेस लॉबी भी लगातार इस कोशिश में है कि जैसलमेर में हवाई सेवा शुरू न हो पाए.''
वायुसेवा शुरू न होने से पर्यटन व्यवसाय में निराशा का माहौल है. गोल्डन सिटी पर्यटन व्यवसायी महासंघ के अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह कहते हैं, ''हवाई सेवा के अभाव के कारण यहां पर्यटकों की संख्या आधी रह गई है. '' एक अन्य पर्यटन व्यवसायी उपेंद्र सिंह राठौड़ के शब्दों में, ''जैसलमेर में प्रति वर्ष पर्यटन सीजन में 50 से 60 फीसदी चार्टर्ड प्लेन आते हैं. सिविल एयरपोर्ट शुरू हो जाए तो पर्यटन कई गुना बढ़ जाएगा. ''
(जैसलमेर एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने की मांग करते प्रदर्शनकारी)
जैसलमेर-बाड़मेर में इन दिनों बिजनेस अपने उफान पर है. बाड़मेर में जहां केयर्न एनर्जी को तेल के विशाल भंडार मिले हैं, वहीं जैसलमेर में गैस के भारी भंडार हैं. इसके अलावा यहां नए सोलर प्रोजेक्ट बनने के कारण यह क्षेत्र ऊर्जा के हब के रूप में विकसित हो रहा है. साथ ही जैसलमेर धीरे-धीरे न्यू वेडिंग डेस्टिनेशन भी बनता जा रहा है. आप्रवासी भारतीय यहां भव्य विवाह समारोहों के लिए आते हैं. इन सभी पहलुओं को देखते हुए भी जैसलमेर एयरपोर्ट जरूरी हो गया है.
जैसलमेर में फिल्म निर्माताओं के लिए बतौर स्थानीय एजेंट काम करने वाले गौरीशंकर रैयाणी कहते हैं कि यहां पिछले कुछ साल से एक भी बड़ी फिल्म की शूटिंग नहीं हुई है. इसके पीछे सबसे बड़ा कारण कनेक्टिविटी का अभाव है. सबसे नजदीकी एयरपोर्ट जोधपुर भी तकरीबन 300 किमी दूर है. ये सारी स्थितियां देश के किसी भी शहर से जैसलमेर आने-जाने की यात्रा को मुश्किल बनाती हैं.
सरकार की बेरुखी से निराश व्यवसायियों का 1 अगस्त को गुस्सा फूट पड़ा. टूरिज्म कन्फेडरेशन डेवलपमेंट सोसाइटी ने शहर में विशाल मौन जुलूस निकाला और जिला कलेक्टर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू के नाम एक ज्ञापन सौंपा. जैसलमेर के पूर्व कांग्रेसी सांसद हरीश चौधरी कहते हैं, ''एयरपोर्ट कांग्रेस के कार्यकाल में बनकर तैयार हुआ था. उस समय हमने नागरिक उड्डयन मंत्री से जैसलमेर में हवाई सेवा शुरू करने के संबंध में बातचीत की थी. अब तो नई सरकार और नए सांसद हैं. उन्हें जल्द-से-जल्द यह सेवा शुरू करवानी चाहिए.'' पर मौजूदा सांसद कर्नल सोनाराम चौधरी वायुसेवा शुरू होने के सवाल पर टका-सा जवाब देते हैं, ''इसे शुरू करवाने के लिए हम हरसंभव प्रयास कर रहे हैं. हम संसद में इस मुद्दे को उठाएंगे. इस बारे में हमने नागरिक उड्डयन मंत्री से भी बातचीत की है. ''
बातचीत तो दो साल से हो रही है, लेकिन नतीजा सिफर. सरकारें और सांसद बदल रहे हैं, लेकिन एयरपोर्ट आज भी वीरान है.
हवा खा रहा है जैसलमेर हवाई अड्डा
दो साल से तैयार खड़े जैसलमेर एयरपोर्ट पर मशीनें जंग खा रहीं. लेकिन अब तक यह चालू नहीं हुआ है. हवाई सेवा शुरू करने को हो रहे प्रदर्शन.

अपडेटेड 18 अगस्त , 2014
ADVERTISEMENT
Advertisement
