राजस्थान के अजमेर में हर वर्ष देशभर के किन्नर ख्वाजा गरीबनवाज की दरगाह में आते हैं. दरअसल वे ख्वाजा गरीब नवाज में आस्था रखते हैं. एक माह पहले ही हुए सालान उर्स में किन्नर समुदाय ने दरगाह पर 10 किलो से अधिक चांदी चढ़ाई थी. लेकिन पिछले दिनों यहां जो हुआ, उससे हंगामा खड़ा हो गया है. पिछले दिनों ट्रेन से आठ किन्नर मुंबई से अजमेर पहुंचे और ऑटो से दरगाह बाजार जाने लगे. धान मंडी पर तैनात सिपाही भवानी सिंह ने कथित तौर पर ऑटो को रोक लिया और उन्हें पैदल जाने को कहा क्योंकि वहां सेआगे ऑटो नहीं जाता. किन्नरों को दरगाह के पास गेस्ट हाउस में जाना था. उनका आरोप है कि सिंह ने उन्हें गाली दी. दूसरी ओर, पुलिस का आरोप है कि किन्नरों ने उनकी पिटाई कर दी. सिपाही को सरेआम पिटता देख भीड़ जुटी गई और अफरातफरी मच गई.
इसके बाद पुलिस ने आठ किन्नरों को गिरफ्तार कर लिया और अगले दिन कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. जमानत पर बाहर आने के बाद उनमें से एक किन्नर ने पुलिस पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि गिरफ्तारी की रात स्थानीय थाने के तीन पुलिसकर्मियों ने न सिर्फ उसके साथ बलात्कार किया बल्कि वीडियो क्लिप भी बनाई और 40,000 रु. भी छीन लिए. पुलिस ने आरोपों को खारिज किया लेकिन जांच बैठा दी. किन्नर की मेडिकल जांच हुई तो डॉक्टरों ने पाया कि उसने महिला की योनि लगा रखी है. स्थानीय डॉक्टरों के पास ऐसा पहला मामला सामने आया था. वे चक्कर में पड़ गए. उसे तीन बार मेडिकल जांच के लिए उसे बुलाकर सोनोग्राफी भी कराई गई.
वैसे पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौधरी ने दरगाह थाने का निरीक्षण किया और पैसे छीनने के मामले को सही पाया. थानाधिकारी विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया. तीनों आरोपियों को भी वहां से हटाकर दूसरी जगह पर तैनात कर दिया गया है. पीयूसीएल भी पीड़िता के समर्थन में कूद पड़ी है. स्थानीय लोग इस बात से नाराज हैं कि जब किन्नर लोगों से कथित तौर पर नाजायज वसूली करते हैं, तो पुलिस कुछ नहीं करती. पिछले माह ही राज्य लोकायुक्त न्यायाधीश सज्जन सिंह कोठारी ने इस वसूली मामले में रिपोर्ट मांगी थी.
अजमेर में पुलिस पर लगा किन्नर से रेप का आरोप
अजमेर में मुंबई की एक किन्नर ने स्थानीय पुलिसवालों पर लगाया बलात्कार का आरोप, माहौल गरमाया. स्थानीय लोगों में भी आक्रोश.

अपडेटेड 30 जून , 2014
ADVERTISEMENT
Advertisement
