कानून की पढ़ाई कर चुका वह विनम्र पुजारी देखते ही देखते सत्ता की सीढिय़ां लांघता गया. लेकिन शीर्ष पर पहुंचकर एक वक्त ऐसा आया जब वह घोटाले के कलंक से दागदार हो गया और आज सलाखों के पीछे है. अपने भक्तों के बीच ‘‘आचार्यजी’’ के नाम से मशहूर मध्य प्रदेश के पूर्व तकनीकी शिक्षा मंत्री 52 वर्षीय लक्ष्मीकांत शर्मा व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) में हुए कई करोड़ रु. के घोटाले में लिप्तता के चलते 20 जून तक पुलिस रिमांड में थे. जेल में उनका दिन धार्मिक किताबें पढ़ते, पूजा-पाठ करते और खराब ग्रहदशा को जिम्मेदार ठहराते हुए बीतता. बुरे दिनों का दोष वे राहु ग्रह पर मढ़ते रहे. स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के हर सवाल पर शर्मा मौन हैं. उन्हें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का दायां हाथ माना जाता था. शायद इसीलिए शर्मा की गिरफ्तारी के लिए खास तौर से वह वक्त चुना गया जब सीएम चौहान विदेश में थे.
शर्मा की गिरफ्तारी पिछले छह माह से टल रही थी, जब व्यापम घोटाले से तार जुडऩे पर उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई थी. टालमटोल वाले रवैए के कारण एसटीएफ की काफी छीछालेदर भी हो रही थी, इसलिए आखिरकार 15 जून को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. शर्मा बचपन से आरएसएस से जुड़े हैं और उन्हें आरएसएस के आला नेता सुरेश सोनी का बेहद खास माना जाता है. राजनीति में आने से पहले शर्मा पंडिताई करते थे. उनके पिता भी पुजारी थे. उनका राजनैतिक करियर विदिशा विश्व हिंदू परिषद के महासचिव के बतौर शुरू हुआ था. आरएसएस नेताओं से संपर्क के चलते उनका कद बढ़ता चला गया. दिलचस्प बात यह है कि उनकी गिरफ्तारी भी कथित तौर पर आरएसएस प्रमुख भागवत के कहने पर ही हुई है. बीजेपी सूत्रों के मुताबिक 25-26 मई को भागवत दो दिवसीय दौरे पर भोपाल आए थे तब आरएसएस के स्थानीय नेताओं ने उन्हें घोटाले की जानकारी दी थी औैर यह भी बताया था कि इससे प्रदेश में आरएसएस की छवि बिगड़ रही है.
आरएसएस का क्षेत्रीय नेतृत्व इस साल फरवरी माह में तभी से असहज स्थिति में था जब एसटीएफ की जांच में खुलासा हुआ था कि शर्मा की सिफारिश पर आरएसएस के पूर्व प्रमुख दिवंगत के.एस. सुदर्शन के सहायक रह चुके मेहर कुमार को राज्य के माप-तौल विभाग में अधिकारी पद पर नियुक्ति दी गई है. भर्ती परीक्षा व्यापम ने आयोजित की थी. माप-तौल विभाग में सप्लाई अधिकारियों की भर्ती के लिए 7 अक्तूबर, 2012 को हुई इस परीक्षा में मेहर सिंह समेत 18 उम्मीदवारों का चयन कथित तौर पर फर्जीवाड़े से हुआ था.
शर्मा पर संविदा शिक्षकों की भर्ती परीक्षा के परिणामों में हेर-फेर करने का आरोप है. ग्रेड1 और ग्रेड2 के संविदा शिक्षकों के लिए हुई भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं के चलते शर्मा के नाम दो एफआइआर दर्ज हैं. पहली एफआइआर 7 दिसंबर 2013 को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के एक दिन पहले दर्ज की गई थी. तो दूसरी 9 दिसंबर को, परिणाम आने के एक दिन बाद जिसमें शर्मा चुनाव हार चुके थे. ये दोनों ही केस उस ‘‘लेटेस्ट 2012’’ नाम की उस एक्सल शीट के आधार पर दर्ज किए गए हैं जो व्यापम के चीफ सिस्टम एनालिस्ट नितिन महिंद्रा के कंप्यूटर की हार्ड डिस्क से मिली थी. इसमें हर उस उम्मीदवार के नाम के आगे ‘‘मिनिस्टर’’ लिखा हुआ था, जिसकी कथित तौर पर शर्मा ने सिफारिश की थी. महिंद्रा ने शर्मा के खिलाफ पुलिस को बयान भी दिया है. एसटीएफ ने इस हार्ड डिस्क से संविदा शिक्षक भर्ती परीक्षा समेत और भी परीक्षाओं से संबंधित डाटा जुटाया है. पूर्व मंत्री ने कथित तौर पर 12 उम्मीदवारों की सिफारिश भेजी थी.
एसटीएफ ने शर्मा को दो बार पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया था. केवल उनकी गिरफ्तारी के मामले में ही नहीं बल्कि प्रदेश की बीजेपी सरकार इस घोटाले के आरोपियों को लेकर जुलाई 2009 को यह घोटाला सामने आने के बाद से ही ढिलाई बरत रही है. सबसे पहले आरटीआइ कार्यकर्ता डॉ. आनंद राय ने पीएमटी घोटाले का पर्दाफाश किया था. पीएमटी 7 जुलाई, 2009 को होनी थी और इसके एक दिन पहले डॉ. राय ने इंदौर पुलिस की क्राइम ब्रांच को पेपर लीक होने की जानकारी दी थी. इसके बाद 15 जुलाई को डॉ. राय ने प्रदेश के प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा निदेशालय को पत्र लिखकर पीएमटी में हो रहे फर्जीवाड़े से अवगत करवाया था.
(व्यापम घोटाले में गिरफ्तार संदिग्ध छात्र)
व्यापम घोटाले में शामिल दो बड़े नाम-खदान माफिया सुधीर शर्मा और एक बड़े पुलिस अधिकारी का भाई भरत मिश्र फरार हैं. सुधीर शर्मा आरएसएस नेता सुरेश सोनी का करीबी माना जाता है. पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले में उसकी तलाश है. सुधीर को पुलिस ने दो बार पूछताछ के बाद छोड़ दिया था. अब उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया है. वहीं भरत मिश्र को तो फोटो जारी किए बिना ही भगोड़ा घोषित कर दिया गया. भरत को गिरफ्तार करने में नाकाम एसटीएफ को हाइकोर्ट ने फटकार भी लगाई है.
हाइकोर्ट के निगरानी शुरू करने के बाद से जांच ने रफ्तार पकड़ी है. छात्रों और अभिभावकों को मिलाकर अब तक 400 से ज्यादा आरोपियों को पकड़ा जा चुका है. प्रदेश के गृह मंत्री बाबूलाल गौर का कहना है कि ‘‘इस मामले के किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.’’ लेकिन अभी तक तो ऐसा ही होता आ रहा था.
व्यापम घोटाले में पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा गिरफ्तार, लेकिन दो बड़ी मछलियां अब भी फरार
पीएमटी में मुन्नाभाइयों के शामिल होने की जांच ने व्यापम में अलग-अलग परीक्षाओं में लंबे समय से हो रहे फर्जीवाड़े की पोल खोल दी. इसकी आंच कई बड़ी मछलियों को झुलसा रही है.

अपडेटेड 30 जून , 2014
ADVERTISEMENT
Advertisement
