scorecardresearch
डार्क मोड

बेहतर और बदतर का संगम है बनारस में

धर्म, संस्कृति और कला की नगरी बनारस में बेहतर और बदतर का संगम है. अब नए भारत में इस बनारस का स्थान क्या होगा?

अपडेटेड 30 जून , 2014

जब हम वाराणसी के बारे में सोचते हैं तो हमारे दिमाग में क्या आता है? हम भड़कीली रेशमी साडिय़ों और घाटों पर सूर्योदय के मनमोहक दृश्य के बारे में सोचते हैं. लेकिन शायद हमारी कल्पनाओं में सबसे मजबूत तस्वीर हिंदुत्व से जुड़ी होती हैः मंदिरों के आसमान छूते शिखर, घाटों पर तीर्थयात्रियों की भीड़, भगवा चोले वाले साधु, डमरू के साथ नृत्य करते हुए खुली जटाओं में साक्षात् शिव.
वाराणसी को ‘‘सबसे पवित्र हिंदू शहर’’ माना जाता रहा है. बनारस यानी वह नाम, जिससे यहां के निवासी इसे पुकारना पसंद करते हैं. यह शहर शताब्दियों से महत्वपूर्ण रहा है और आधुनिक भारत में भी मायने रखता है. सिर्फ इसलिए नहीं कि यह ‘‘सबसे प्राचीन हिंदू शहर’’ है, बल्कि अपनी विलक्षण, धर्मनिरपेक्ष और सार्वलौकिक मस्ती की वजह से भी जो खुली, संतुलित और सृजनात्मक है.
यह मस्ती सदियों तक वाणिज्य, संस्कृति, कला, शिक्षा और धर्म के संगम से विकसित हुई है. पुराणों के अनुसार प्राचीन काल में वाराणसी ‘‘आनंदवन’’ था, जो लंबी जड़ों वाले चांदी जैसी घास से भरा हुआ था. इसे कश कहते थे और यह जलधाराओं से डूबा रहता था जो नदी की लय के मुताबिक उठती और गिरती थीं. प्राचीन काल से ही वाराणसी देवताओं और मनुष्यों, दोनों की पसंद रही है. करीब तीन हजार वर्ष पूर्व आनंदवन में गण, गणेश, नगा, यक्ष और देवी जैसे स्थानीय देवता रहते थे. इन स्थानीय देवताओं में से ही हिंदुओं के महान विष्णु, शिव तथा देवी का उदय हुआ और उन्होंने अपने को वाराणसी में स्थापित किया. तीसरी से छठी शताब्दी तक मौर्य, गुप्त और गढ़वाल वंश के लोगों ने वाराणसी को हिंदू और बौद्धों के गढ़ के रूप में विकसित कियाः उन्होंने मंदिर, धर्मशाला और मठ बनवाए तथा तीर्थयात्रियों के लिए रास्ते बनवाए.
सन 1556 में दिल्ली की राजगद्दी मुगल बादशाह अकबर को मिली. अकबर उदार था और धार्मिक विचारों तथा साम्राज्यवादी सोच के मामले में काफी समन्वयवादी था. उसने राजपूत और मराठा राजाओं को प्रशासनिक पदों पर नियुक्त कर उनके साथ गठजोड़ कायम किया. उनके दो वरिष्ठ मंत्रियों मान सिंह और टोडरमल ने ध्वस्त किए गए मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया और नदी घाटों को पक्का कराया. विश्वनाथ शिव मंदिर का भी पुनर्निर्माण कराया गया, जिसको दो बार पहले ध्वस्त किया जा चुका था. आज यह मंदिर शहर का सबसे महत्वपूर्ण मंदिर है.  
अकबर के पड़पोते औरंगजेब ने 1658 में राजगद्दी संभाली. एक अच्छा मुस्लिम शासक कहलाने के इरादे से औरंगजेब ने हिंदू वाराणसी के ऊपर एक इस्लामी शहर को थोपने की कोशिश की और उसका नाम ‘‘मुहम्मदाबाद’’ कर दिया. उसने ध्वस्त मंदिरों की बुनियाद पर ही ईदगाह खड़े करवा दिए. इसमें सबसे असाधारण थी आलमगिरी मस्जिद जिसकी मीनारें सबसे ऊंची थीं और वह आज तक मुगल वास्तुकला में सबसे पतली मीनारें हैं. यह मस्जिद आज भी शहर के आसमान में भव्यता की पहचान है.
इस 12वीं से 17वीं शताब्दी के दौर को अक्सर इतिहासकार, शौकिया या पेशेवर दोनों,  ‘‘मुस्लिम शासन’’ के तहत विनाश और हंगामे का समय मानते हैं. हालांकि, इस दौरान ही शहर में कई खूबसूरत स्मारक बनाए गए. इनमें धार्मिक और धर्मनिरपेक्ष दोनों तरह के स्मारक शामिल हैं.
इन शताब्दियों और उसके बाद बीसवीं शताब्दी के दौरान वाराणसी वाणिज्य, धर्म और बौद्धिकता के अतुलनीय केंद्र के रूप में उभरा. काशी के वनों में आश्रम फ लते-फूलते रहे जिनमें बहुत से गुरु अपने शिष्यों को अनुशासित जीवन जीना सिखाते रहे. देश भर के शाही परिवार शहर में अपनी मौजूदगी रखना चाहते थे. उन्होंने इसके लिए धन की बरसात की और गंगा के किनारे बड़े धार्मिक परिसरों का निर्माण कराया. इन परिसरों में एक मंदिर, एक पोखर या बावड़ी, एक धर्मशाला, एक स्कूल, एक व्यायामशाला और एक घाट शामिल होता था. शहर में प्रवासियों की लहर आती रही. पश्चिम, दक्षिण और पूर्वी भारत में समुदायों के विकास के साथ ही वाराणसी सार्वभौमिक केंद्र बन गया है, एक ऐसा शहर जो पूरे भारत को आकर्षित करता था. बलुआ पत्थरों का यह इलाका छायादार गलियों से भर गया. अलग-अलग मुहल्ले विकसित किए गए, जिनमें घाट और अन्य सामुदायिक स्थान थे. ये मुहल्ले एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करते थे. इनके बीच कुश्ती और गायन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती थी. गलियों के किनारे बनी कार्यशालाओं में शिल्पकार लकड़ी, पत्थर और रेशम से चकित कर देने वाली वस्तुएं और कपड़े बनाते थे. इन वस्तुओं को थोक बाजार में ले जाया जाता और इसके बाद व्यापार के लिए गंगा में बड़ी नावों पर लादकर बाहर भेजा जाता था. वाणिज्य, धर्म, कला और शिक्षा के इस संगम की वजह से ही एक उल्लास वाली बनारसी मस्ती पनपी, जो आज भी उसकी गलियों और मुहल्लों में बनी हुई है. यह जीवन के प्रति एक ऐसा रवैया था जो दार्शनिक और व्यावहारिक दोनों था. यह कठोर मेहनत और फुर्सत के बीच की जद्दोजहद थी और उसी सक्रियता से संस्कृति, वर्गों और धर्मों के मेल-जोल को भी मान्यता देती थी.
कई विद्वान शहर को ‘‘पूर्व-आधुनिक’’ कहते हैं क्योंकि वाराणसी औद्योगीकरण से अछूता रहा है. शहर में शिल्प से जुड़े कुटीर उद्योग हैं, जैसे बुनाई, कढ़ाई, पत्थर, धातु और लकड़ी से जुड़ी कारीगरी. यह कोई संयोग नहीं है कि घरों में होने वाले इन उत्पादनों से आजादी और खुशी की संस्कृति पनपी है. एक मानवविज्ञानी ने इस बारे में लिखा है कि वाराणसी के लोगों को जो उपमा सबसे ज्यादा पसंद है- वह खुलेपन की है. खुला दिल, खुला मिजाज और खुली बात करना बनारसियों के गुण हैं. वे अपने पड़ोसियों के दिल में भी इसी तरह की थोड़ी खुली जगह को बहुमूल्य समझ्ते हैं. उनके लिए खुशी वह सहज क्षण है, जो आत्मा और दुनिया की परतों से होकर आता है.
बनारसी मस्ती में इस तरह के क्षण देखे जा सकते हैः
एक मुस्लिम बुनकर किसी हिंदू चाय वाले के यहां चाय की चुस्की लेते हुए राजनीति पर चर्चा करता है.
किसी मुफ्त और खुले संगीत समारोह में एक शीर्ष स्तर के शास्त्रीय गायक के गायन का मजा एक रिक्शा चालक लेता है.
नदी के किनारे शहर के कई दिग्गज लेखक एक मूंगफली बेचने वाले से कविता पर चर्चा करते हैं.

बनारसीपन में ऐसा बहुत कुछ है जिसकी तारीफ की जाती है. एक आधुनिक होते भारत में, जिसमें आसानी से सर्वश्रेष्ठ स्थानीय चीजों और मौजूदा समय में भी बनी हुई अतीत की कई चीजों का आसानी से अनादर कर दिया जाता है, इससे काफी कुछ सीखा और उसे पाला-पोसा जा सकता है. आप किसी भी बनारसी से शहर की खासियत के बारे में पूछिए तो उसका जवाब यही होगा-बनारसी मस्ती. शहर की सबसे आश्चर्यजनक और अनूठी विशेषता यह है कि यह दिखाता है कि कैसे लोग मुख्यतः धार्मिक आधार पर नहीं, बल्कि जगह के आधार पर अपनी पहचान का अनुभव करते हैं और वे यह मानते हैं कि उनके भीतर जो कुछ सर्वश्रेष्ठ है, वह इसी की वजह से है.
कई तरीकों से वाराणसी भारत के सर्वश्रेष्ठ का प्रतिनिधित्व करता है और साथ ही यह सबसे बदतर का भी प्रतिनिधित्व करता है. पुराना वाराणसी शब्दशः और लाक्षणिक रूप से कहें तो बर्बाद हो रहा है. वाराणसी में दिन-ब-दिन गंदगी, शोर और भीड़ बढ़ती जा रही है. इसका खुलेपन के प्रति प्यार आधुनिकता के निजी स्पेस के साथ सृजनात्मक तरीके से सहअस्तित्व नहीं कायम कर पा रहा, जिसकी आज भारत को तलाश है. दुनिया भर को निर्यात होने वाली बेहतरीन खूबसूरत वस्तुएं तैयार करने वाला इसका शिल्पी समुदाय, भयानक गरीबी में जी रहा है. इसकी युवा पीढ़ी को वह शिक्षा एवं प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा जो उसके तथा उसके शिल्प के लिए एक उज्ज्वल आर्थिक भविष्य सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है.
नए भारत में वाराणसी का क्या स्थान होगा?  नरेंद्र मोदी वाराणसी के लिए क्या कर सकते हैं?

सरस्वती नंदिनी मजूमदारसरस्वती नंदिनी मजूमदार ने वाराणसी के निर्माण एनजीओ के लिए काम किया है. उनकी किताब बनारसः वॉक्स थ्रू इंडियाज सैक्रड सिटी हाल में छपी है.

ADVERTISEMENT
Advertisement