scorecardresearch
डार्क मोड

मैं फेसबुक पर वापस आऊंगी

पालघर की रहने वाली और अब मशहूर हो चुकी शाहीन ढाडा और रीनू श्रीनिवासन की जोड़ी फेसबुक की एक पोस्ट और उसे ‘लाइक’ करने के लिए 19 नवंबर को हुई अपनी चर्चित गिरफ्तारी के बाद परदे के पीछे रहकर धीरे-धीरे सामान्य होने की कोशिश कर रही है.

अपडेटेड 19 दिसंबर , 2012

पालघर की रहने वाली और अब मशहूर हो चुकी शाहीन ढाडा और रीनू श्रीनिवासन की जोड़ी फेसबुक की एक पोस्ट और उसे ‘लाइक’ करने के लिए 19 नवंबर को हुई अपनी चर्चित गिरफ्तारी के बाद परदे के पीछे रहकर धीरे-धीरे सामान्य होने की कोशिश कर रही है. ढाडा परिवार तो फेसबुक से गायब ही हो गया है, मगर उनके एकाउंट मौजूद हैं.

‘मैं कभी-कभार इसका इस्तेमाल दोस्तों को संदेश भेजने के लिए करता था, मगर मैंने किसी भी मसले पर टिप्पणी करना बंद कर दिया है.” यह कहना है शाहीन के चाचा अब्दुल ढाडा का, जिनके अस्पताल में बाल ठाकरे के निधन के एक दिन बाद शाहीन की इस फेसबुक पोस्ट के बाद तोड़-फोड़ की गई थी—‘‘मुंबई सम्मान की वजह से नहीं, डर की वजह से बंद है.”

अब्दुल का कहना है कि आठ बेड वाले उनके अस्पताल के बाहर खड़ी पुलिस की वैन के चलते मरीज अब अंदर आने से डरते हैं. 20 नवंबर को 21 वर्षीया शाहीन के अपना फेसबुक एकाउंट डी-एक्टीवेट करने के एक दिन बाद उनके परिवार की नजर उनके नाम से खोले गए एक फर्जी खाते पर पड़ी तो उन्हें पुलिस से संपर्क करना पड़ा.

पास-पड़ोस में चर्चा है कि ढाडा परिवार ने पालघर के बाहर शाहीन के लिए लड़के की तलाश शुरू कर दी है. हालांकि उनके चाचा ने ऐसी चर्चाओं का खंडन किया कि डर के चलते उसकी शादी की जा रही है. वे कहते हैं, ‘‘शादी के इरादे का विवाद से कोई लेना-देना नहीं है.” उधर राजकोट, गुजरात स्थित अपनी दादी के घर से कुछ दिनों में अपने घर वापस आने के लिए तैयार निडर शाहीन का कहना है कि वह ‘जल्द’ ही फेसबुक पर वापस्य आएगी.

अपनी दोस्त शाहीन की पोस्ट को ‘लाइक’ कर उसके गंभीर परिणाम भुगतने वालीं 20 वर्षीया रीनू सोशल नेटवर्किंग साइट पर बनी हुई हैं. अलबत्ता परिवार के बड़े-बुजुर्गों ने फेसबुक के ज्यादा इस्तेमाल के प्रति उन्हें चेताया है. फिलहाल रीनू एक संगीतकार जोड़ी के लिए गाना रिकॉर्ड करने चेन्नै जाने की तैयारी कर रही हैं. इसके बाद उन्हें आगे साउंड रिकार्डिंग की पढ़ाई के लिए म्युजिक लाउंज स्कूल ऑफ आडियो टेक्नोलॉजी में दाखिला भी लेना है.

पालघर के स्थानीय लोगों के लिए जिंदगी पहले जैसी ही चल रही है. शहर को इंटरनेट की सेवा मुहैया कराने वाले एक व्यक्ति का कहना है कि उसके 100 ग्राहक अभी भी इंटरनेट का इस्तेमाल बदस्तूर जारी रखे हुए हैं. वे कहते हैं, ‘‘इस घटना के बाद सेवा समाप्त कराने के लिए हमें कोई अनुरोध नहीं मिला है.”

ADVERTISEMENT
Advertisement