बाबा रामदेव अपनी सबसे कमजोर स्थिति के दौरान भी एनडीए के लिए सबसे बड़ी शक्ति बन सकते हैं, कुछ ऐसा ही संदेश एनडीए ने 13 अगस्त को रामलीला मैदान में योग गुरु के मंच पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन गडकरी और जनता दल-यूनाइटेड (जेडी-यू) के अध्यक्ष शरद यादव को एक साथ खड़ा करके दिया.
9 अगस्त को मूल रूप से काले धन और चारों तरफ फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सांकव्तिक उपवास के रूप में शुरू किया गया रामदेव का अभियान यूपीए सरकार के कान पर जूं न रेंगने और घटती भीड़ को देखकर डांवाडोल होने लगा था. शुक्र है कि एनडीए नेता मंच पर अवतरित हुए और भीड़ का आकार बढ़ने लगा. बीजेपी रामदेव का वोट बैंक तो चाहती है, लेकिन अपने मामलों में रामदेव का हस्तक्षेप नहीं. एक वरिष्ठ बीजेपी नेता ने कहा कि एक कमजोर योग गुरु इस स्थिति में नहीं होगा कि उन पर अपनी शर्तें थोप सके.
एनडीए के अन्य सहयोगी दल भी रामदेव का समर्थन पाने के लिए इसी तरह लालायित हो रहे हैं. अकाली दल ने आनन-फानन अपनी दिल्ली इकाई के प्रमुख मनजीत सिंह को एनडीए के अन्य धुरंधर नेताओं के साथ मंच पर जगह थामने के लिए भेजा तो उसी समय तेलुगु देशम पार्टी के लोकसभा सदस्य आनमो नागेश्वर राव भी वहां जा पहुंचे.
कुछ घंटों बाद बीएसपी नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री भगवती प्रसाद भी दिखाई दिए. उधर, 12 अगस्त को ओडिसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्यसभा सांसद रवि नारायण महापात्रा को रामलीला मैदान की ओर रवाना कर दिया.
योग गुरु का दावा है कि उन्हें शिवसेना, एनसीपी और समाजवादी पार्टी (एसपी) का भी समर्थन प्राप्त है. सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने 13 अगस्त को काले धन के मुद्दे पर लोकसभा की बैठक के स्थगित होने के तुरंत बाद संसद के बाहर घोषणा की, ''हमारी पार्टी काले धन के खिलाफ है. जो भी काले धन को वापस लाने की बात उठाएगा, हम उसका साथ देंगे.''
क्या रामदेव को अपने बाहुबल का साथ देकर बीजेपी ने बुद्धिमानी का काम किया है? हां, पार्टी ऐसा ही सोचती है. एक वरिष्ठ नेता कहते हैं, ''काले धन के खिलाफ रामदेव के अभियान के बहुत पहले ही लालकृष्ण आडवाणी ने 2009 के लोकसभा चुनावों के दौरान इसे एनडीए का प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाया था.''
हो सकता है कि उन्हें समर्थन देने के लिए उठे कदम से पार्टी को तत्काल वोट नहीं मिले, पर भविष्य में भ्रष्टाचार को काबू करने में विफल कांग्रेस के विरोध में उठी हवा को और गर्म करने में यह काफी मददगार साबित होगा. बीजेपी नेता ने कहा, ''यह आग में घी का काम करेगा. एक मुद्दे के तौर पर देखा जाए तो भ्रष्टाचार और काला धन सैद्धांतिक रूप से तटस्थ मुद्दे हैं जो बीजेपी को अन्य विरोधी दलों तक पहुंचने में मदद करेंगे.''
शरद यादव ने भी माना है कि एनडीए ने पहले से ही भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है. उन्होंने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा, ''किसी और को इस अभियान का श्रेय देने का सवाल ही नहीं उठता. रामदेव हमें अपने मंच पर साथ रहने के लिए लगातार बुला रहे थे.
गडकरी ने इस मुद्दे पर मुझसे चर्चा की और हमने अपनी सहमति दे दी.'' जेडी-यू अध्यक्ष शरद यादव से कहीं ज्यादा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार योग गुरु को अपना समर्थन देने के लिए उत्साहित दिख रहे थे. पार्टी के एक सांसद बताते हैं, ''हिंदीभाषी क्षेत्रों में रामदेव को जबरदस्त समर्थन प्राप्त है. उस पर खास बात यह है कि वह एक यादव हैं.''
उम्मीद के मुताबिक, कांग्रेस इस पर जोर दे रही है कि विपक्षी दलों के समर्थन तले भड़के इस आंदोलन से चुनावी अभियान पर कोई असर नहीं पड़ने वाला. पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा, ''इस देश के लोगों में एक गहरी समझ्दारी है. वे ढोंग और चालबाजियों को बड़ी आसानी से पहचान सकते हैं.'' उन्हें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस रामदेव और बीजेपी की ओर से उछाली गई इस चुनौती का आराम से सामना कर सकती है. तिवारी ने यह भी कहा, ''सबसे अच्छी नीति यह है कि राजनैतिक लड़ाइयां सामने से लड़ी जाएं, छद्म लड़ाई भी कोई लड़ाई है?''
लेकिन हर व्यक्ति का नजरिया ऐसा नहीं है. जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र के प्रोफव्सर आनंद कुमार कहते हैं, ''इन दो अभियानों (रामदेव और अण्णा हजारे) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बढ़ते सामाजिक असंतोष को राजनैतिक रूप देकर और समाज विरोधी तत्वों को राजनैतिक मामलों से परे धकव्ल कर अभूतपूर्व योगदान किया है.'' इस बीच उत्तराखंड में कांग्रेसी सरकार के खाद्य विभाग ने रामदेव के आश्रम पर छापा मारकर बाबा की घेराबंदी तेज कर दी है.

