नशे के तस्कर को पकड़ने गई पुलिस के हाथ लग गया नकली स्टांप बनाने वाला पूरा का पूरा गिरोह. ऐसा हुआ ग्वालियर में जब पुलिस ने संतोष गौर नाम के युवक को स्मैक कारोबारी समझ पकड़ा. उसके पास से जब 25,000 रु. की कीमत वाले 13 स्टांप पेपर बरामद हुए तो पुलिस का माथा ठनका.
नकली स्टांप की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं लेकिन कोई कड़ी हाथ नहीं लग रही थी. संतोष से कड़ी पूछताछ में पता चला कि वह लंबे समय से नकली स्टांप के धंधे में शामिल है और अकेले ग्वालियर अंचल में ही अपने साथियों के साथ मिलकर लाखों रु. के ऐसे स्टांप खपा चुका है.
इस खुलासे ने करीब एक दशक पहले महाराष्ट्र में हुए बहुचर्चित अब्दुल करीम तेलगी के नकली स्टांप घोटाले की याद ताजा कर दी. ग्वालियर पुलिस के डीएसपी शिवप्रताप सिंह ने पूछताछ की कमान अपने हाथ में ली. पता चला कि संतोष ये नकली स्टांप दिल्ली के नांगलोई इलाके में रहने वाले संजय शर्मा से यहां लेकर आता था. पता चलते ही ग्वालियर पुलिस ने तुरंत अपनी एक टीम दिल्ली भेजी. यहां से संतोष के साथी संजय को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ के लिए उसे ग्वालियर ले आई.
पुलिस के मुताबिक ये दोनों स्टांप का धंधा लंबे समय से चला रहे थे और नकली स्टांप बड़ी आसानी से तैयार कर लिया करते थे. एक कंप्यूटर, स्कैनर और कलर प्रिंटर की मदद से बिलकुल असली जैसा दिखने वाला स्टांप बनाते थे. इनमें एक मशीन की मदद से सिल्वर वायर भी डाल दिया जाता था.
स्टांप का कागज हू-ब-हू वैसा ही था, जैसे वास्तविक स्टांप का होता है. इसलिए शक की गुंजाइश बिल्कुल नहीं रहती थी. इन लोगों ने लाखों रु. के स्टांप बाजार में खपाए. संजय ने पूछताछ में बताया कि 25,000 रु. के स्टांप की लागत मात्र 55 रु. आती थी. इसे वे 12,500 रु. में बेच देते थे. ज्यादा कीमत वाले इन स्टांपों का इस्तेमाल जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री में होता है.
जाहिर है, इसको खपाने के लिए एक बड़ा नेटवर्क ग्वालियर में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में काम कर रहा है. कुछ हफ्तों पहले इंदौर में नकली स्टांप पकड़े गए थे. इसमें आरोपियों का लिंक पटना से मिला था. ग्वालियर के एसपी डॉ.जी.के.पाठक बताते हैं, ''संतोष और संजय का साथ पुराना है.
संतोष नशीले पदार्थों के कारोबार के सिलसिले में लखनऊ जेल में बंद था, वहीं उसकी मुलाकात संजय शर्मा से हुई. संजय नकली नोट बनाने के मामले में बंद था.'' आरोपियों के पास से नकली स्टांप के अलावा नेपाल की नकली करेंसी भी मिली है. इससे पुलिस को शक हो रहा है कि आरोपी नकली नोट भी बनाते होंगे. जेल से छूटने के बाद इन दोनों ने दिल्ली में साझे में नकली स्टांप बनाने का काम शुरू कर दिया. पुलिस को अंदेशा है कि इस धंधे में इनके और भी साथी हो सकते हैं.
पहले इंदौर और अब ग्वालियर में नकली स्टांप मिलने के बाद राज्य सरकार सतर्क हो गई है. प्रदेश के गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. दोनों आरोपियों ने यह बात कबूल की है कि उन्होंने लाखों रु. के नकली स्टांप बाजार में खपाए हैं. इससे राज्य सरकार के राजस्व को सीधा नुकसान पहुंचा है.
पुलिस का दावा है कि नकली स्टांप का धंधा स्थानीय स्टांप वेंडरों की मदद से फल-फूल रहा था. पुलिस इन लोगों से मिले हुए शहर के स्टांप वेंडरों की तलाश में जुटी हुई है. स्टांप वेंडरों को भी नकली स्टांप बेचने में खासी दिलचस्पी इसलिए रहती है क्योंकि यह काफी मुनाफे का सौदा रहता है. दूसरी ओर सरकारी स्टांप बेचने पर वेंडरों को स्टांप की कीमत का मात्र एक फीसदी कमीशन मिलता है.

