यह देखकर बंगलुरूवासी स्तब्ध और दशहत में थे. 15 और 16 अगस्त को यहां देखे गए नागरिकों के अब तक के सबसे बड़े पलायन में पूर्वोत्तर के करीब 15,000 लोग अपने गृह राज्य की ओर कूच करने लगे. ऐसी भगदड़ मैसूर, हैदराबाद और पुणे में भी देखी गई. इस पलायन की वजह थी इन लोगों के खिलाफ इंटरनेट और एसएमएस के द्वारा फैलाया गया घृणित अभियान.
स्थानीय लोगों और पूर्वोत्तर के लोगों के बीच छोटी झ्ड़पों की कहानियां फैलने लगीं. उत्तर-पूर्व के कई लोगों का दावा था कि उनके मकान मालिकों ने उन्हें कुछ समय के लिए कहीं दूर चले जाने का सुझाव दिया है. 13 अप्रैल को मैसूर में एक तिब्बती युवक को चाकू मारने के प्रयास से भी डर बढ़ गया क्योंकि लोगों को लगा कि उसे गलती से पूर्वोत्तर का व्यक्ति समझ कर मारा गया है.
ज्ञानपीठ अवॉर्ड से सम्मानित यू.आर. अनंतमूर्ति ने इस पलायन को 'भयानक' बताया. उन्होंने कहा कि यह घबराहट पूरी तरह दक्षिणपंथी अफवाहों की वजह से फैली है. उन्होंने इंडिया टुडे से कहा, ''इंटरनेट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का इस्तेमाल कर यह स्थिति पैदा की गई, जिनमें दक्षिणपंथियों की भारी मौजूदगी है. यदि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कहता है कि वहां डर का माहौल है तो डर अपने आप बन जाता है.''
कर्नाटक के मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने 16 अगस्त को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही पूर्वोत्तर के प्रतिनिधियों, नेताओं और छात्रों के साथ एक बैठक कर कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा की. उप-मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री आर. अशोक 15 अगस्त को खुद रेलवे स्टेशन गए और उन्होंने मेगाफोन से घोषणा की, ''मैं आपकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं, कृपया इस तरह से न जाएं. सच तो यह है कि बंगलुरू उन अन्य राज्यों के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित है जिधर से आपकी ट्रेन गुजरती है.''
घबराहट इतनी ज्यादा थी कि मंत्री जिस समय यह घोषणा कर रहे थे उसी समय एक ट्रेन पूरी तरह से खचाखच भरी रवाना हो रही थी. कर्नाटक के डीजीपी लालरोखुमा पछुआउ (जो खुद मिजोरम से हैं) स्थिति को काबू करने में विफल रहे. पछुआउ ने भी अपील की, ''बंगलुरू के किसी भी थाने से किसी के साथ दुर्व्यवहार या प्रताड़ना की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है. यदि किसी को अपनी जान पर कोई खतरा नजर आता है तो पुलिस उसे पूरी सुरक्षा देगी.'' हालात इतने गंभीर हो गए कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को राज्यसभा में बयान देना पड़ा कि ''सांप्रदायिक सौहार्द ही नहीं, देश की एकता और अखंडता भी दांव पर है.'' अफवाहों को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने 5 से ज्यादा एसएमएस भेजने पर 15 दिन के लिए रोक लगा दी है.
मुस्लिम समाज के कई स्थानीय लोगों ने भी तनाव दूर करने का प्रयास किया. राज्यसभा के उप सभापति के. रहमान खान ने कहा, ''सभी आशंकाएं अफवाहों पर आधारित हैं और असल में इनका कोई आधार नहीं है. केंद्र और राज्य सरकार ने पूर्वोत्तर समुदाय की सुरक्षा का भरोसा दिया है. ऐसे चेन एसएमएस की शुरुआत कोई भी कर सकता है. पुलिस को अफवाह फैलाने वाले की तलाश करनी चाहिए और दोषी को गिरफ्तार करना चाहिए.''
पूर्वोत्तर के लोगों ने भी सोशल नेटवर्किंग साइट्स का इस्तेमाल करते हुए बंगलुरू, हैदराबाद और पुणे में रहने वाले अपने समुदाय के लोगों से निवेदन किया कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें. बंगलुरू के निवासी कादंबरी चावड़ा ने फेसबुक पर एक फोटो पोस्ट किया. इसमें बंगलुरू रेलवे स्टेशन पर खड़े कई मुस्लिम छात्र अपने हाथों में कुछ तख्तियां लिए हुए थे जिन पर यह संदेश लिखा था, ''कृपया बंगलुरू न छोड़ें. प्रिय असमी दोस्तो.
हमें आपसे प्यार है.'' ऐसा लगता है कि बंगलुरू में घुल-मिल चुके पूर्वोत्तर के लोगों के दिल और दिमाग पर मुंबई में हाल में हुए दंगे का काफी असर है. समाजशास्त्री चंदन गौडा कहते हैं कि 22 अप्रैल को 19 वर्ष के एक मणिपुरी छात्र रिचर्ड लोएतम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के खिलाफ बंगलुरू और दिल्ली में विरोध प्रदर्शन हुए. इन प्रदर्शनों की वजह से डर और बढ़ गया जिससे लोग बड़े पैमाने पर पलायन करने लगे.

