कलाकार किसी भी कला महोत्सव की शान होते हैं, लेकिन उज्जैन के मशहूर 'श्रावण महोत्सव' की आयोजक महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति को शायद यह बात समझ नहीं आती. पिछले नौ साल से सजता आ रहा कला का यह मंच दिग्गज कलाकरों की अनुपस्थित से अपनी रौनक खो रहा है.
12 अगस्त को संपन्न हुए इस समारोह में इस बार देश के शीर्षस्थ कलाकारों में से किसी को भी आमंत्रित नहीं किया गया था. जबकि इस समारोह में किसी जमाने में नामी कलाकार आते थे और इसीलिए इसकी तुलना वाराणसी में लगातार 89 वर्षों से हो रहे संकट मोचन संगीतोत्सव से की जाने लगी थी. समीक्षक अशोक 'वक्त' कहते हैं, ''श्रावण महोत्सव का अब पतन होने लगा है. इसका स्तर लगातार गिरता जा रहा है.''
इस साल समारोह की लाज बचाने में जयंतीमाला के कथक, विवेक बनसोड़ के एकल हारमोनियम वादन और पं. कुमार गंधर्व के पौत्र भुवनेश कोमकली के शास्त्रीय गायन, पं. कृष्णराव मजूमदार की बेटी कल्पना झेकरकर के गायन और फ्रांसीसी मूल की भरतनाट्यम कलाकार देवयानी की स्तरीय प्रस्तुतियां मददगार रहीं. समारोह की गरिमा तो बच गई लेकिन संगीतप्रेमियों में इस महोत्सव के भविष्य को लेकर चर्चा जरूर चल पड़ी है.
2004 में जब पं. राजन-साजन मिश्र और शुभा मुज्ल जैसे कलाकारों की मौजूदगी में श्रावण माह में इस आयोजन की शुरुआत की गई थी तो इसे अच्छी परंपरा के रूप में देखा गया था. इसमें नामी कलाकारों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका था. 2005 में पं. रामाश्रय झा और पं. छन्नूलाल मिश्र यहां पधारे.
2006 में पं. शिवकुमार शर्मा के संतूर वादन, सोनल मानसिंह के ओडिसी नृत्य और उस्ताद रहीम फहीमुद्दीन डागर के ध्रुपद ने समारोह को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित कर दिया. 2007 में कलाप्रेमियों को पं. जसराज और पं. भजन सोपोरी का संतूर वादन सुनने का सुनहरा मौका मिला. 2008 में समारोह में पं. हरिप्रसाद चौरसिया, बेगम परवीन सुल्ताना और पं. विश्वमोहन भट्ट शरीक हुए तो इसकी तुलना संकट मोचन संगीतोत्सव से की जाने लगी.
लेकिन अब यह तुलना बेमानी हो गई है. इस वर्ष संकट मोचन संगीत महोत्सव में जहां 11 पद्म पुरस्कार प्राप्त कलाकार थे, वहीं श्रावण महोत्सव में बड़ी संख्या उभरते कलाकारों की थी. ख्यात ध्रुपद गायक रमाकांत गुंदेचा कहते हैं, ''उभरते कलाकारों को मौका दिया जाना जरूरी है लेकिन समारोह का आकर्षण बना रहे इसलिए राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों का होना भी जरूरी है.''
श्रावण महोत्सव में एक प्रस्तुति स्थापित कलाकार की तो दूसरी प्रस्तुति उदीयमान कलाकार की होती है. तबला वादक पं. बालकृष्ण महंत कहते हैं, ''इस अखिल भारतीय स्तर के समारोह की गरिमा बनाए रखनी चाहिए. बड़े कलाकारों के सान्निध्य में अन्य कलाकारों को भी उनकी साधना और विशिष्टता से रू-ब-रू होने का मौका मिलता है.''
महाकाल मंदिर प्रशासक जयंत जोशी सफाई देते हैं, ''हमारी सीमाएं हैं, आर्थिक मजबूरी भी है. हो सकता है, कुछ नाम जाने-पहचाने न हों लेकिन उन्हें अवसर दिया जाना जरूरी है. अच्छे कलाकारों को बुलाने की कोशिश करेंगे.''
सवाल कलाकारों के चयन की प्रक्रिया पर भी उठे हैं. जोशी कहते हैं, ''हमारे पास सालभर में जो बायोडाटा आते हैं, हम उनमें से चुनते हैं. समारोह की प्रतिष्ठा इतनी है कि अब कलाकार खुद ही संपर्क करने लगे हैं. इस साल भी 40-45 नामों पर विचार करने के बाद कलाकारों को आमंत्रित किया गया.'' लेकिन गुंदेचा कहते हैं, ''कार्यक्रम की रूपरेखा एक उच्चस्तरीय समिति को बनानी चाहिए.''
प्रसिद्ध हारमोनियम वादक विवेक बनसोड़ इस बारे में सुझाव देते हैं, ''संगीतज्ञों और अन्य जानकारों को चयन समिति में शामिल किया जाना चाहिए.'' यह सुझाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रतिष्ठित कलाकार बायोडाटा भेजते नहीं हैं. और दूसरी वजह यह कि प्रबंध समिति में शामिल अशासकीय सदस्य जिन्हें संगीत की जानकारी ही नहीं है, वे शास्त्रीय गायन के दौरान आलाप लेने पर यह कहते सुने गए हैं, ''किसने बुला लिया इसे?''
हालांकि अशोक 'वक्त' कहते हैं, ''सांस्कृतिक कार्यक्रमों को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनाना चाहिए, दुर्भाग्य से उज्जैन में यह होने लगा है.'' कई बार कार्यक्रम की गरिमा को स्थानीय बनाम बाहरी कलाकार का विवाद खड़ाकर भी ठेस पहुंचाने की कोशिश हो रही है, जिससे सचेत रहना होगा.

