scorecardresearch
डार्क मोड

बिहार: फिर मुकाबले में डट गए लालू

बिहार की सत्ता से बेदखल होने के बाद से दिल्ली में वनवास काट रहे लालू अपने खोए जनाधार को वापस पाने की कोशिश में जुटे.

अपडेटेड 18 अगस्त , 2012

सक्रिय राजनीति से एक साल से ज्‍यादा समय तक सोची-समझी रणनीति के तहत दूरी बनाए रखने के बाद लालू प्रसाद यादव अब मुकाबले के लिए तैयार हैं. इस साल की मई से लेकर अब तक आरजेडी प्रमुख ने 2,000 किमी से ज्‍यादा की लंबी सड़क यात्रा कर बिहार के दर्जनभर से ज्‍यादा जिलों का दौरा किया और उतनी ही जनसभाओं को संबोधित किया जिनमें लोगों की तादाद काफी अच्छी रही है.

राजनैतिक परिदृश्य पर लालू का यह नया उभार है. गौरतलब है कि पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव नवंबर, 2010 के विधानसभा चुनावों में बुरी तरह हारने के बाद अपने खोल में सिमट गए थे. उस चुनाव में उनकी पत्नी राबड़ी देवी दोनों सीटों पर हार गई थीं और 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में आरजेडी की ताकत 54 से घटकर 22 रह गई थी.

इस चुनावी हार के बाद लालू ने मान लिया था कि बिहार की जनता ने उन्हें खारिज कर दिया है और उनके पास लोगों के बीच जाने की कोई ठोस वजह नहीं बची थी. उनकी हताशा इस कदर बढ़ गई थी कि जुलाई, 2011 में अपनी पार्टी की सालगिरह के जलसे में भी वे शामिल नहीं हुए. इस दौरान सिर्फ एक बार सितंबर, 2011 में पुलिस गोलीबारी और हिंसा के पीड़ितों से मिलने के लिए वे अररिया जिले के फारबिसगंज और नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा गए.

ये दोनों दौरे भी औपचारिक बनकर रह गए और एक बार फिर लालू बिहार के राजनैतिक अखाड़े से गायब हो गए. जेडी-यू के मंत्री हरि प्रसाद साह के निधन के बाद खाली हुई लौकाहा विधानसभा सीट पर नवंबर, 2011 में हुए उपचुनाव के दौरान एक बार फिर वे लोगों के बीच नजर आए. इस उपचुनाव में भले आरजेडी की हार हुई, लेकिन पार्टी के वोटों में 10,000 का इजाफा हुआ, जिससे लगने लगा कि बिहार में मुख्य विपक्षी दल के तौर पर एक बार फिर लालू की पकड़ मजबूत होती जा रही है.

वोटों में हुआ यह इजाफा सियासी सुरंग के दूसरे छोर पर लालू के लिए रोशनी की किरण साबित हुआ. ठीक छह माह बाद लालू ने औरंगाबाद में पुलिसिया दमन के खिलाफ एक भारी जनसभा को संबोधित किया, जहां एक मुखिया देवेंद्र सिंह कुशवाहा की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों को पीटा गया. लालू ने जिस तरीके से अपने दौरे और उसमें देने वालों भाषणों को शक्ल दी है, उससे जान पड़ता है कि अपने खोए हुए जनाधार को वापस पाने के लिए उन्होंने काफी सतर्क तरीके से रणनीति बनाई है.

जुलाई में दरभंगा दौरे पर उन्होंने मुस्लिम युवकों की गिरफ्तारी के खिलाफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा जबकि पश्चिमी चंपारण से गया तक जुलाई के दूसरे सप्ताह में अपने पांच दिन के दौरे पर उन्होंने दोनों जगहों पर केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए प्रचार का काम किया. इस बात को एक माह भी नहीं बीता था कि श्रेय लेने की होड़ में केंद्र सरकार ने दोनों स्थानों पर केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाए जाने को मंजूरी दे डाली. पिछले पखवाड़े वे नालंदा और गोपालगंज का दौरा कर आए हैं. उन्होंने मोटरसाइकिल और नाव से इन यात्राओं को पूरा किया.

लालू ने अतीत से सबक लेते हुए खोखली मुहावरेबाजी की अपनी पुरानी आदत छोड़ दी है. इसकी बजाए वे खुद को सरकार विरोधी चेहरे के रूप में स्थापित करने में लग गए हैं और नीतीश कुमार के दावों और वादों के खोखलेपन से मोहभंग की स्थिति में आ चुकी जनता में व्याप्त असंतोष को अपने पक्ष में भुनाने में लगे हुए हैं.

लालू ने अपने प्रचार अभियान के लिए सही वक्त चुना है. अगले लोकसभा चुनाव को दो साल से भी कम समय रह गया है और बिहार में गठबंधन सरकार के घटकों-जेडी-यू और बीजेपी के बीच रिश्ते भी बिगड़ चुके हैं. लालू की पार्टी के लोगों को भी लगने लगा है कि अब काफी संसाधन और ऊर्जा इकट्ठा हो चुकी है जिसका इस्तेमाल बिहार में सियासी पानी को नापने के लिए किया जाना चाहिए.

इसके बावजूद लालू के साथ कई परेशानियां भी जुड़ी हैं. कई साल सत्ता से बाहर रहने के बाद लालू के लिए यह सब उतना आसान नहीं रहा क्योंकि नीतीश ने लालू के सामाजिक आधार को इस दौरान काफी चोट पहुंचाई है. इसके अलावा सत्ता विरोधी भावना को भुनाने के लिए लालू के पास जो विश्वसनीयता होनी चाहिए, वह नहीं है. इससे भी बुरा यह हुआ है कि लालू की सेहत अब जवाब दे रही है और उनके विरोधी दुष्प्रचार करने में जुटे हैं कि वे सक्रिय सार्वजनिक जीवन का बोझ अपने कंधों पर उठा पाने में अब सक्षम नहीं होंगे.

ध्यान रहे कि मार्च, 2012 में लालू को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में अस्वस्थता के कारण भर्ती करवाया गया था. उनके साथ एक और बड़ी दिक्कत यह है कि पार्टी में उनके बाद कोई भरोसेमंद नेतृत्व मौजूद नहीं है.

जिस तरह मुलायम सिंह यादव ने अपने बाद कमान संभालने के लिए बेटे अखिलेश यादव को तैयार किया, माना जा रहा है कि उन्हीं की तर्ज पर लालू अपने बेटे 22 वर्षीय तेजस्वी यादव को चमकाने का मन बना चुके हैं. फिलहाल इस योजना को उन्होंने जान-बूझ्कर टाल दिया है ताकि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को कोई ठेस न पहुंचे. कुछ नेता उनकी इस तैयारी से खफा हैं. तेजस्वी ने 2010 के विधानसभा चुनाव में अपनी मां के प्रचार अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था, लेकिन अब तक उन्होंने मुख्यधारा में आने की उत्सुकता नहीं जताई है.

लालू अपनी पार्टी के कील-कांटे दुरुस्त करने में एक हद तक सफल रहे हैं. पार्टी के दो असंतुष्ट सांसदों-जगदानंद सिंह और रघुवंश प्रसाद सिंह-ने बिहार की एनडीए सरकार के खिलाफ अभियान में हिस्सा लेना शुरू कर दिया है. पार्टी में लालू समेत कुल चार लोकसभा सांसद हैं जिनमें से तीन सांसद अंदरूनी मतभेद के कारण पार्टी गतिविधियों से दूरी बनाकर चल रहे थे. चौथे सांसद उमाशंकर सिंह की शिकायत लगता है अभी दूर नहीं हुई है.

उधर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सफाए के बाद से ठंडी पड़ी कांग्रेस अब लालू के हाथ मजबूत करने में लग गई है. कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता कहते हैं, ''2009 और 2010 के चुनावों में कमजोर प्रदर्शन के बावजूद बिहार में एनडीए के खिलाफ लालू ही सबसे बड़ी ताकत हैं. हमारा तात्कालिक लक्ष्य 2014 के चुनावों में ज्‍यादा-से-ज्‍यादा सांसदों को जिताना है और ऐसा हम क्षेत्रीय पार्टियों को साथ लिए बगैर नहीं कर सकते.'' मौजूदा लोकसभा में बिहार से कांग्रेस के सिर्फ दो सांसद हैं.

लालू की उम्मीद एक और चीज पर टिकी है. पिछले विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बावजूद आरजेडी को 54,66,693 वोट मिले थे जो कुल पड़े वोटों का करीब 19 फीसदी है. आरजेडी के नेताओं का मानना है कि पार्टी के आधार का इस्तेमाल कर के रामविलास पासवान की लोक जनशक्तिपार्टी ने जो 6.75 फीसदी वोट झटके, उन्हें वापस पाया जा सकता है. माना जा रहा है कि आरजेडी का पारंपरिक वोट बैंक यानी यादव जिसकी संख्या राज्‍य की कुल आबादी का 15 फीसदी है, लालू के पीछे मजबूती से खड़ा है. आखिर अपना किला गंवा चुके एक नेता के लिए समर्थन चाहे कहीं से भी आए, वह जुड़ेगा तो उसके ही खाते में.

ADVERTISEMENT
Advertisement