scorecardresearch
डार्क मोड

सैर पर डिजाइनर

जयपुर से लेकर पेरिस तक...ऐसे ठिकाने जो डिजाइनर ऋतु बेरी के सौंदर्यबोध को परिभाषित करने के अलावा उनकी रचनात्मकता को प्रेरणा दे रहे.

Q+A
ऋतु बेरी
अपडेटेड 3 अगस्त , 2026

डिजाइन के नजरिए से भारत में आपके पसंदीदा शहर कौन-से हैं?

मेरी इस लिस्ट में जयपुर, गोवा और दिल्ली सबसे ऊपर हैं. जयपुर अपने शिल्प, धरोहर और वास्तु के अलावा पारंपरिक तथा कंटेंपररी डिजाइन के शानदार मेल के चलते मुझे प्रेरित करता है. गोवा कला, कुदरत और कल्चर का रचनात्मक और स्वतंत्र किस्म का मेल है. दिल्ली तो घर है ही. कालातीत, गरिमापूर्ण और डिजाइन की जबान के साथ अपनी सीमाओं को निरंतर धकेलती हुई.

मल्टी-ब्रांड बुटीक एस्केप की संस्थापक के रूप में आपने गोवा में काफी वक्त बिताया है. कुछ अल्पज्ञात जगहों के बारे में बताइए, जहां और लोगों को जाना चाहिए?

अगर आपकी पुराने पुर्तगाली घर और इंटीमेट किस्म के कैफे खोजने-खंगालने में दिलचस्पी है तो असागाव की छोटी-सी जगह वड्डी में थोड़ा वक्त बिताइए. एक और पसंदीदा जगह है केरी (क्वेरिम) बीच—शांत, अनछुई-सी और बहुत ज्यादा बसावट भी नहीं. और फिर पर्यटकों की नजर से परे अपनी सर्पीली सड़कों और धरोहर जैसे घरों वाला कोराव आइलैंड और हां! शांत-सी डॉ. सालिम अली बर्ड सैंक्चुअरी.

जाड़े का कोई ऐसा ठिकाना जहां बार-बार जाना चाहें?

जाड़े की विशेष रूप से मैं ऐसी कोई खास शौकीन नहीं पर अगर कोई एक जगह मुझे चुननी ही पड़े तो वह ठिकाना होगा पेरिस. साल के उन दिनों में यह जादुई-सा महसूस होता है—भव्य, खूबसूरती के साथ जगमगाता और लगातार प्रेरित करता हुआ. जाड़ों में इसकी सडक़ों पर भटकते हुए इसके कैफे, यहां का आर्ट और आर्किटेक्चर मेरे भीतर रचनात्मकता के तार छेड़ते हैं.

आप किस किस्म की सैलानी हैं?

मैं मौजी किस्म की हूं. मुझे सौंदर्य, आराम और मौके पर ही चीजें तलाशना पसंद है. नए ठिकाने खंगालने में मुझे मजा आता है लेकिन ऐसी जगहों के प्रति मेरा रुझान ज्यादा होता है जो प्रामाणिक लगती हों और जहां बहुत भीड़भाड़ न हो. मेरे लिए ट्रैवल का मतलब है प्रेरणा और ऊर्जा न कि बस जगहों के नाम टिक करते चलना.

ट्रैवल के दौरान आप खान-पान की नई चीजें भी आजमाती हैं? कोई अविस्मरणीय अनुभव?

मैं तो बहुत चटोरी हूं. ट्रैवल में तरह-तरह की क्विजिन आजमाना मुझे पसंद है. मेरे कुछ पसंदीदा अड्डों में शामिल हैं क्रलोरेंस में फैमिली स्टाइल का त्रेतोरिया कैमिलो; पेरिस का लामी ज्यां, बास्क रेस्तरां जो अपनी लाजवाब राइस पुडिंग और गंवई प्लेट्स के लिए जाना जाता है. और क्योतो का इचिरन जिसकी पहचान सादे, रसीले रामेन के लिए है.

— गीतिका सचदेव

ADVERTISEMENT
Advertisement