सवाल+जवाब
● लाइटनिंग किड लिखने की जरूरत क्यों महसूस हुई आपको?
मैं अपनी पिछली किताब माइंड मास्टर (2019) में साझा किए बहुत-से अनुभवों के अलावा कुछ अलग तरह के भी वाकए थोड़ी नई ऑडियंस के साथ साझा करना चाहता था. और शायद अपने बेटे को बड़ा होते देखते हुए भी यह ख्याल आया. आपको लगता है ना कि आपकी जिंदगी के किसी किस्से से हो सकता है वे अपने को जोड़कर देख सकें.
● आपके बचपन के दिनों का कौन-सा एक सबक आपको आज तक याद है?
कड़ी मेहनत की दरकार और यह विचार कि अपने नतीजे आपको खुद आगे बढ़कर हासिल करने होते हैं, ये बातें मेरे दिमाग में तभी से चली आ रही हैं. ये कुछ ऐसी बातें हैं जिन्हें मैंने निश्चित रूप से बहुत तेजी से सीखा है और यहां तक कि आज भी उसी ढंग से सीखता आ रहा हूं.
● कोलकाता के टाटा स्टील चेस टूर्नामेंट में बतौर खिलाड़ी शामिल होने के फैसले के पीछे आखिर कौन-सी प्रेरणा थी?
टाटा स्टील टूर्नामेंट में कुछ सालों से बतौर गेस्ट शामिल होता आ रहा था. वहीं इस कीड़े ने फिर से काटा. मैं फिर से थोड़ा ज्यादा खेलना शुरू करने को बेताब था. 1-2 टूर्नामेंट की तैयारी में भी उतनी ही मेहनत लगती है जितनी कि 4-5 में क्योंकि किसी भी स्पर्धा से पहले कई सारी चीजों के साथ तालमेल बिठाना होता है.
● जिनके आप मेंटॉर रहे हों, ऐसे प्रतिद्वंद्वियों के साथ खेलना कैसा लगता है?
खेल वाले दिन सुबह मैं बस इतना ही सोचता हूं कि ये तगड़े प्रतिद्वंद्वी हैं. अगर उनका नाम कुछ और होता और वे किसी दूसरे मुल्क के होते तो मैं जाकर थोड़ा अलग अंदाज में उनके सामने बैठता. और मैं वही करता हूं. आपको उन्हें दुनिया के टॉप प्लेयर्स के रूप में ट्रीट करना होता है, जो कि वे हैं. उनके साथ खेलने-रहने से मुझे फायदा हुआ है.

