● ताजा खबर- 2 में हमको नया क्या देखने को मिलेगा?
सीजन 2, सीजन 1 के मुकाबले बड़ा है. मुझे यह पहले वाले से बेहतर भी लगा. पहला हल्का था. उसमें हमारी कोशिश थी कि ऑडियंस उस परिवेश और दुनिया से परिचित हो. पर दूसरे में काफी कुछ हो रहा है. जावेद जाफरी इसमें खलनायक हैं. वे मेरे बचपन के नायक हैं, तो उनके साथ काम का अपना मजा था.
● आपका पहला शो ढिंढोरा काफी पसंद किया गया था. इसके दूसरे सीजन की कब उम्मीद करें?
ढिंढोरा के चार एपिसोड मैंने लिख लिए हैं. 27 सितंबर को ताजा खबर के रिलीज होते ही मैं पूरी तरह से ढिंढोरा पर जुट जाऊंगा. कॉमेडी ऐसी चीज है जो आपसे पूरी एकाग्रता की मांग करती है. दूसरा सीजन टीटू मामा पर ही केंद्रित है. इसके लिए हमने उदित नारायण के साथ एक गाना भी रेकॉर्ड कर लिया है.
● बतौर यूट्यूबर वायरल होने की वजह से आपका कई कमाल के लोगों से मिलना हुआ है. कौन कौन-सी मुलाकातें यादगार रहीं?
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाकात में मैंने उन्हें बताया कि अपने चैनल पर किस तरह से मैं 17 किरदार प्ले करता हूं. शाहरुख खान ने मेरी शॉर्ट फिल्म प्लस माइनस के लिए तारीफ की. अमेरिका में एक सेमिनार में मैं स्नूप डॉग के साथ पैनल में था. फिर उनके कंसर्ट में भी शिरकत की.
● भुवन बाम अपने ही लिखे और प्रोड्यूस किए शो में काम करेंगे या दूसरे बैनरों पर भी काम को तैयार हैं?
खुद को सिनेमा हॉल में देखने का मेरा सपना है. मैं एक बड़े डायरेक्टर के साथ और एक बड़ी स्टार कास्ट का हिस्सा बनना चाहता हूं. बीबी की वाइन्स नाम से अपना प्रोडक्शन हाउस इसीलिए शुरू किया था क्योंकि मैं नहीं चाहता कि कोई भी आकर रागपट्टी पढ़ा जाए. लेकिन किसी के लिए भी ऑडिशन देने से मुझे गुरेज नहीं है.

