scorecardresearch
डार्क मोड

'लव जेहाद’ के खिलाफ जागरण हो: लक्ष्मीकांत वाजपेयी

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी से  इंडिया टुडे के विशेष संवाददाता आशीष मिश्र की बातचीत के अंशः

अपडेटेड 9 सितंबर , 2014
कथित लव जेहाद पर पार्टी का क्या स्टैंड है?
कार्यसमिति में लव जेहाद जैसे किसी विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई. एक वर्ग द्वारा लड़कियों को बहलाने-फुसलाने और धोखा देकर ले जाने के खिलाफ हम अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से गली-मुहल्ले में काम करने वाले सामाजिक संगठनों को सक्रिय करेंगे. जनमत जागरण और कानून के दायरे में रहकर धरना-प्रदर्शन की रणनीति भी बन रही है.

अमित शाह और राजनाथ सिंह ने अचानक कार्यसमिति में आने का कार्यक्रम क्यों रद्द किया? क्या कथित लव जेहाद जैसे मुद्दे से ये बड़े नेता बचना चाहते थे?
अचानक उपचुनाव की घोषणा हो जाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह संगठन के काम में काफी व्यस्त हो गए. बाढ़ और नॉर्थ-ईस्ट की समस्या के चलते राजनाथ सिंह कार्यसमिति की बैठक में नहीं आ सके.
कई पार्टी नेता सीधे तौर पर कथित लव जेहाद के खिलाफ आक्रामक बयान दे रहे हैं?
यह उन नेताओं की व्यक्तिगत राय है जिसे गलत ढंग से पेश किया जा रहा है. एक विशेष वर्ग द्वारा लड़कियों को बहला-फुसलाकर उनका शोषण करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. असल में यूपी में सपा सरकार बनने के बाद लड़कियों पर सुनियोजित ढंग से अत्याचार के मामले तेजी से बढ़े हैं. पार्टी नेता शुरुआत से इसका विरोध कर रहे हैं लेकिन अब उनके विरोध को लव जेहाद के खिलाफ संघर्ष बताया जा रहा है जो कि गलत है.

क्या बीजेपी उपचुनाव के पहले कथित लव जेहाद जैसे मुद्दे उठाकर इसके जरिए ध्रुवीकरण की संभावना तलाश रही है?
लड़कियों को बहलाने-फुसलाने, धोखे से उनका शोषण करने जैसी घटनाएं प्रदेश की सपा सरकार की एक वर्ग विशेष वर्ग की तुष्टीकरण की नीति के चलते बढ़ी हैं. दंगों का भी यही कारण है. सरकार को इसमें अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए. उपचुनाव तो 12 सीटों पर होने हैं, दंगे तो पूरे प्रदेश में हो रहे हैं.
ADVERTISEMENT
Advertisement