अपने बयानों से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ननकीराम कंवर अब कांकेर स्थित आदिवासी कन्या आश्रम में नाबालिगों से बलात्कार और यौन शोषण समेत देशभर की ऐसी घटनाओं के लिए खराब ग्रह-नक्षत्रों को दोषी ठहराते हैं, तो राज्य में बेहतर पीडीएस का श्रेय खुद लेते हैं. मानसी शर्मा माहेश्वरी से फोन पर बातचीत में उन्होंने अपनी बेबाक राय रखी. पेश हैं उसके अंश:
दंतेवाड़ा नक्सली कांड में शहीद सीआरपीएफ के 76 जवानों के मामले में गिरफ्तार 10 आरोपियों को अदालत ने साक्ष्य के अभाव में रिहा कर दिया. पुलिस क्यों सबूत तक नहीं जुटा पाई?
नक्सली तो वैसे भी पकड़ में नहीं आते. एनकाउंटर होता है तब भी वे घने जंगल के कारण भागने में सफल हो जाते हैं. गांवों में पुलिस हमेशा तो रहती नहीं है, जरा भी भनक लगने पर नक्सली ग्रामीणों की हत्या कर देते हैं इसलिए वे डर के मारे कुछ नहीं बताते. वैसे हमने आगे अपील करने के आदेश दे दिए हैं.
आदिवासी कन्या आश्रम में हुई घटना पर आपने ग्रह-नक्षत्र को दोषी बताया है.
मैंने कहा था कि देश का ग्रह-नक्षत्र खराब है तो किसी ने छाप दिया कि ऐसा मैंने लड़कियों के बारे में कहा है. आप ही सोचिए कि एक ही समय, एक साथ देशभर में ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं. ग्रह-नक्षत्रों में मेरा पूरा विश्वास है. लोग भी बोलते हैं कि मैं पूजा-पाठ करवाता हूं तो वह सफल होता है. अविभाजित मध्य प्रदेश में जब मैं कृषि मंत्री था तब अकाल पड़ा था. मैंने यज्ञ करवाया और खूब पानी गिरा. धर्म का मतलब है कि किसी भी अच्छी चीज को धारण करना. कर्म अच्छा कीजिए, वही धर्म हो जाता है.
आदिवासी लड़कियों के साथ ऐसा अन्याय क्यों हुआ, गलती कहां रही?
पुरुष कर्मचारी होने से लड़कियां असुरक्षित होती हैं. इसीलिए शासन ने सभी कन्या आश्रमों में महिला कर्मचारी नियुक्त करने का निर्णय लिया है, इससे लड़कियां सुरक्षित रहेंगी.
कहा जा रहा है कि आश्रम की एक गर्भवती लड़की की बाद में मौत हो गई?
डॉक्टर और लड़की की मां, दोनों का कहना है कि लड़की के पेट में पानी भर गया था. विरोधियों ने बड़ा पेट देखा और मान लिया कि वह गर्भवती है.
आपने अक्सर नौकरशाही के बेलगाम होने का बयान दिया है, जबकि मुख्यमंत्री ऐसा नहीं मानते.
मैं खुलकर बोलता हूं और कार्रवाई करता हूं. मध्य प्रदेश में जब मैं कृषि मंत्री था तब वहां की जीडीपी 27 फीसदी बढ़ी थी. छत्तीसगढ़ में खाद्य मंत्री था तब से देश-विदेश में प्रदेश का नाम हो रहा है. मैं किसी अधिकारी के बारे में बोलता हूं तो प्रदेश के हित के लिए बोलता हूं.
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आपने सेना के दखल का समर्थन किया है.
मैं तो दो साल से बोल रहा हूं और आज सेना के प्रमुख अधिकारी भी मान रहे हैं कि इन इलाकों की हवाई निगरानी जरूरी है. वैसे हमने कई जिलों को नक्सली प्रभाव से मुक्त कर दिया है. वे यहां से जल्द पलायन कर जाएंगे. पता चला है कि इन्हें पाकिस्तान से हथियार मिलते हैं, इसलिए भी सेना की निगरानी की बात उठी है.
महिलाओं के खिलाफ अपराधों में कमी लाने के लिए आप क्या प्रयास कर रहे हैं?
यौन शोषण और गैंग रेप से जुड़ी कानून की धाराओं में संशोधन कर उप-धाराएं जोडऩे जा रहे हैं. इससे कड़ाई से काम होगा और फैसला जल्द आएगा.
बलात्कार मामले में फांसी की सजा की मांग हो रही है, आपकी क्या राय है?
सजा ऐसी होनी चाहिए जिससे बलात्कारियों को महसूस हो कि जो उन्होंने किया है वह गलत है. मेरा मानना है कि लोग धार्मिक प्रवृत्ति के हो जाएं तो कोई गलत काम नहीं करेगा. मैं अपने बारे में बताता हूं, मैं धार्मिक प्रवृत्ति का हूं इसलिए मेरी निगाह कभी गलत नहीं जाती.
अजीत जोगी का आरोप है कि सरकार सुरक्षा बलों की रक्षा के लिए गंभीर नहीं है?
जोगी के मुख्यमंत्रित्व काल में सरगुजा, जशपुर, कोरिया, कहीं भी लोग रात को घर से बाहर नहीं निकल पाते थे लेकिन आज ऐसा नहीं है. आज हम वहां आम सभाएं करते हैं. वे हमारे विरोधी हैं, कुछ बोलेंगे नहीं तो कैसे काम चलेगा.
मानवाधिकार कार्यकर्ता सोनी सोरी की रिहाई की मांग कर रहे हैं.
माओवादियों की वकालत करने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए. अब स्वामी अग्निवेश को ही लीजिए, उनके साथ रहने वाले लोग लाल सलाम जिंदाबाद बोलते हैं. ये प्रजातंत्र के लिए घातक है. ये सब साजिश के तहत हो रहा है. कथित मानवाधिकारवादी नक्सलियों से जुड़े हैं. वे देशद्रोही हैं. अब तो केंद्र सरकार ने भी नक्सलियों के पाकिस्तान से लिंक को मान लिया है.

