scorecardresearch

बीजेपी में विचार ज्यादा मजबूत: शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आजतक चैनल के सीधी बात कार्यक्रम में हेडलाइंस टुडे के मैनेजिंग एडिटर राहुल कंवल से बातचीत की. पेश हैं प्रमुख अंश:

शिवराज सिंह चौहान
शिवराज सिंह चौहान
अपडेटेड 24 अक्टूबर , 2013

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आजतक चैनल के सीधी बात कार्यक्रम में हेडलाइंस टुडे के मैनेजिंग एडिटर राहुल कंवल से बातचीत की. पेश हैं प्रमुख अंश:

हाल ही में आडवाणी जी ने एक बयान दिया कि शिवराज सिंह ने उम्मीद से ज्यादा काम किया है. आपकी सफलता का राज?
कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन. अपना काम करते चलो. आडवाणी जी मार्गदर्शक हैं. अगर वे काम की प्रशंसा करते हैं तो संतोष होता है और संकल्प जागता है कि आगे और अच्छा काम करना है.

ऐसा क्यों है कि आप चर्चाओं से काफी दूर रहते हैं. मध्य प्रदेश के आंकड़े देखें तो विकास दर बहुत आगे है, फिर भी कोई इस बारे में ज्यादा जानता नहीं?
धीरे-धीरे सभी जान जाएंगे क्योंकि जब काम होता है, तो वह छिपता नहीं है, एक दिन पहचाना जाता है. मैं अंतर्मुखी हूं. मेरा यह मानना है कि काम करके उसका प्रचार करना जरूरी नहीं है.

बीजेपी में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों की चर्चा होती है तो शिवराज सिंह चौहान का नाम कहीं लिया नहीं जाता. क्यों?
क्योंकि मैं राष्ट्रीय नेता नहीं, सामान्य कार्यकर्ता हूं.

ऐसे तो नरेंद्र मोदी भी गुजरात के नेता हैं.
नहीं, वे राष्ट्रीय नेता हैं.

इस वक्त बीजेपी में बड़ी बहस और चर्चा हो रही है कि 2014 के चुनावों में प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवार किसे बनाया जाए. आपकी राय क्या है?
बीजेपी में नहीं, चर्चा मीडिया में होती है. बीजेपी अनुशासित दल है. राष्ट्रवादी विचारधारा को लेकर काम करता है. यहां व्यक्ति नहीं, विचार ज्यादा मजबूत है. समय आएगा तो केंद्रीय नेतृत्व बैठकर फैसला लेगा. पार्टी की राय ही मेरी राय होगी.

जब आप ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट कर रहे थे, तो पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा था कि शिवराज सिंह चौहान ब्लफ मास्टर हैं. बातें बड़ी-बड़ी करते हैं पर तथ्यों में कोई हकीकत नहीं होती.
उन्हें पता है कि उनकी बातों पर कोई भरोसा नहीं करता. और मैं उनकी इस बात का उत्तर देना आवश्यक नहीं समझता. हम मध्य प्रदेश में पानी, बिजली और खेती को बढ़ाएंगे, साथ ही इन्वेस्टर्स लाने की कोशिश करेंगे.

अगले साल मध्य प्रदेश में चुनाव होने वाले हैं. आपको फिर बाजी मारने का कितना भरोसा है?मेरा यह मानना है कि हम जो काम करते हैं, जनता 5 साल उनका मूल्यांकन करती है. और मध्य प्रदेश में आम आदमी बीजेपी के साथ खड़ा दिखाई देता है. मुझे विश्वास है कि काम के आधार पर हम फिर से जीतकर आएंगे.

जीत के लिए अब आपका क्या एजेंडा है?
मध्य प्रदेश का विकास ही मेरी प्राथमिकता है. मुझे मध्य प्रदेश के हर छोटे गांव में 24 घंटे बिजली पहुंचानी है. जनवरी से अलग-अलग जिलों में हम बिजली देना शुरू करेंगे. फिर सिंचाई की योजना है. पहले 7 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी, जिसे हम 21 लाख हेक्टेयर तक ले गए हैं. लेकिन आने वाले 5 सालों में हमारा लक्ष्य है कि हम और 17 लाख हेक्टेयर की सिंचाई करें. नर्मदा को शिप्रा से जोड़ें जो कि अटल जी का ड्रीम प्रोजेक्ट है.

पर वह प्रोजेक्ट तो पर्यावरण के लिए काफी खतरनाक है.
नहीं. नर्मदा के पानी को शिप्रा में डालकर सूखे खेतों तक पहुंचाना है, बजाए इसके कि वह पानी समुद्र में जाए.

सीधी बात कार्यक्रम आजतक चौनल पर हर रविवार रात 8.30 बजे प्रसारित होता है.

Advertisement
Advertisement